Fact Check : रोते हुए बच्चे का यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले से सम्बंधित नहीं है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2020 का है, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोपोर में आतंकवादी हमले के दौरान एक 3 वर्षीय बच्चे को रेस्क्यू किया था। यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले से सम्बंधित नहीं है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 23, 2025 at 04:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक बच्चे को रोते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि इस हमले में इस बच्चे ने अपने पिता को खो दिया।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2020 का है, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोपोर में आतंकवादी हमले के दौरान एक 3 वर्षीय बच्चे को रेस्क्यू किया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर sanatansanskrutivigyan ने 23 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है, “TERROR IN PAHALGAM
TERRORIST KILLED HIS PARENTS, WHO WILL ANSWER FOR HIS TEARS? ” (पहलगाम में आतंक, आतंकवादी ने इस बच्चे के माता-पिता को मार डाला, उसके आंसुओं का जवाब कौन देगा?)
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह असली वीडियो न्यूज़ एजेंसी ANI के X हैंडल पर 1 जुलाई 2020 को अपलोड मिला। साथ में लिखा था “जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोपोर में आतंकवादी हमले के दौरान एक 3 वर्षीय बच्चे को बचाया और उसे उसकी माँ के पास ले गई। हमले के दौरान बच्चा अपने मृत रिश्तेदार के पास बैठा था।”
कीवर्ड्स के ढूंढ़ने पर हमें यह पूरी खबर इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर भी 1 जुलाई 2020 को अपलोड मिली। खबर के अनुसार “जम्मू और कश्मीर के सोपोर में बुधवार को आतंकवादियों द्वारा गोली मारे गए अपने दादाजी के पास बैठे एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षा बलों ने बचाया।”
हमें 2020 में हुई इस घटना को लेकर और भी कई खबरें मिलीं। ख़बरों के अनुसार, 1 जुलाई 2020 को एक मस्जिद में छिपे आतंकवादियों ने सोपोर में सीआरपीएफ जवानों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसके परिणामस्वरूप एक सीआरपीएफ जवान और एक नागरिक की मौत हो गई।
इस विषय में पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण के जम्मू और कश्मीर के ब्यूरो चीफ नवीन नवाज़ से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया “यह वीडियो 2023 का है जब सोपोर में हुए हमले में इस बच्चे ने नाना की की मौत हो गई थी और सुरक्षा बलों ने बच्चे को रेस्क्यू किया था। बच्चे का परिवार श्रीनगर का रहने वाला है।”
बताते चलें कि 22 अप्रैल 2025 जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। घटना को लेकर ज्यादा जानकारी इस खबर में पढ़ी जा सकती है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर sanatansanskrutivigyan को 10000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2020 का है, जब जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोपोर में आतंकवादी हमले के दौरान एक 3 वर्षीय बच्चे को रेस्क्यू किया था। यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले से सम्बंधित नहीं है।
- Claim Review : रोते हुए बच्चे का यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले का है
- Claimed By : Facebook User sanatansanskrutivigyan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












