Fact Check : यह वीडियो पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल का नहीं है, अन्य दंपती का है
विश्वास न्यूज़ ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और उनकी पत्नी हिमांशी का नहीं है। असल में यह वीडियो एक अन्य कपल आशीष सहरावत और उनकी पत्नी यशिका शर्मा का है। आशीष सहरावत और यशिका शर्मा ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो के खंडन को लेकर पोस्ट शेयर की है। वीडियो को गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Apr 24, 2025 at 06:32 PM
- Updated: Apr 24, 2025 at 06:59 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लेफ्टिनेंट विनय नरवाल से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो आतंकी हमले में उनके मारे जाने से ठीक पहले का वीडियो है। वीडियो में दंपती को डांस करते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो एक अन्य कपल आशीष सहरावत और उनकी पत्नी यशिका शर्मा का है। यशिका और आशीष ने स्वयं वायरल दावे का खंडन करती हुई पोस्ट अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। वहीं, कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिसमें लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की बहन ने भी वायरल वीडियो का खंडन किया है। लोग गलत दावा सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर विपिन शुक्ला ने 24 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया और लिखा है,“दुनिया में कितनी है नफ़रते विनय नरवाल और उनकी पत्नी के आख़िरी पल का आख़िरी वीडियो !! क्या हिंदू होना इनका गुनाह था #PahalgamTerroristAttack #अरेस्ट_पप्पू_आतंकी”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें yashikashishsehrawat नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो से जुड़ी जानकारी मिली। वीडियो को 24 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया है। वीडियो में एक महिला और युवक नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिला बोल रही है,”वीडियो में वो और उनका पति है। कुछ लोग उनके वीडियो को लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और उनकी पत्नी का बताकर शेयर कर रहे हैं। यह गलत हैं, हम जिंदा है। पलिस ऐसे पोस्ट को रिपोर्ट करें।”
वीडियो के साथ इंग्लिश में कैप्शन लिखा हुआ है, “Hey guys we are alive and wanted to address a recent video we posted that unfortunately sparked a lot of hatred, leading us to delete it.Sadly, the video was misused by multiple pages and news channels, falsely claiming it was the last video of late Vinay sir and his wife. Our heartfelt condolences go out to their family. We kindly request that you report any pages misusing our video, as it’s truly disheartening. It’s shocking to see even reputable news channels and pages using unverified content for views, making it challenging to trust news sources. ” (हिंदी अनुवाद: हेलो दोस्तों, हम जीवित हैं और हाल ही में पोस्ट किए गए एक वीडियो के बारे में बात करना चाहते हैं, जिससे बहुत नफरत फैलाई गई, जिस कारण हमें इसे हटाना पड़ा।दुख की बात है ये है कि इस वीडियो का कई पेजों और न्यूज चैनलों ने दुरुपयोग किया और झूठा दावा किया कि यह वीडियो दिवंगत विनय सर और उनकी पत्नी का आखिरी वीडियो है। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। हम आपसे विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि हमारे वीडियो का दुरुपयोग करने वाले किसी भी पेज को रिपोर्ट करें, क्योंकि यह वास्तव में निराशाजनक है। यह देखकर हैरानी हुई कि प्रतिष्ठित न्यूज चैनल्स और पेज ने बिना चेक किये वीडियो का उपयोग किया। जिससे समाचार स्रोतों पर भरोसा करना मुश्किल हो जाता है।”)

सर्च के दौरान हमें सिटी तहलका के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। 24 अप्रैल 2025 को अपलोड वीडियो में विनय नरवाल की बहन सृष्टि नरवाल का बयान मिला। वीडियो में सृष्टि नरवाल को यह कहते हुए सुना जा सकता है, जो डांस वीडियो वायरल हो रहा है, वो विनय नरवाल और उनकी पत्नी हिमांशी का नहीं है। उन्होंने कहा इसके अलावा ऐसी कई चीज़ें वायरल हो रही हैं, जो सही नहीं है।” वीडियो को यहां देखा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि यूजर को करीबन 5 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को मुंबई का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने जांच में पाया कि वायरल वीडियो लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और उनकी पत्नी हिमांशी का नहीं है। असल में यह वीडियो एक अन्य कपल आशीष सहरावत और उनकी पत्नी यशिका शर्मा का है। आशीष सहरावत और यशिका शर्मा ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल वीडियो के खंडन को लेकर पोस्ट शेयर की है। वीडियो को गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वीडियो लेफ्टिनेंट विनय नरवाल और उनकी पत्नी का है।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -विपिन शुक्ला
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












