X
X

Fact Check : मजदूर यूनियन के नेताओं की गिरफ्तारी के पुराने वीडियो को पहलगाम आतंकी हमले के बाद किया गया वायरल

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। हमने अपनी जांच में इसे भ्रामक पाया।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Apr 25, 2025 at 02:57 PM
  • Updated: Apr 25, 2025 at 06:09 PM

नई दिल्ली (Vishvas News)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमलों के बाद से ही सोशल मीडिया में कई प्रकार की झूठी और भ्रामक तस्‍वीरें और वीडियो वायरल हो रही हैं। अब एक वीडियो को वायरल करते हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद का बताया जा रहा है। इस वीडियो में दो शख्‍स को पुलिस गाड़ी में ले जाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि कश्‍मीर में रूझान आना शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को पहलगाम के आतंकी हमले के बाद का बताकर वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। हमने अपनी जांच में इसे भ्रामक पाया। वायरल वीडियो पिछले साल का है। नवंबर 2024 में वैष्‍णो देवी ट्रैक मजदूर यूनियन के नेता भूपिंदर सिंह और सोहन सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। उसी वक्‍त के वीडियो को अब गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर अशोक तंवर ने एक वीडियो क्लिप को पोस्‍ट करते हुए लिखा कि कश्मीर में रुझान आना शुरू। इस वीडियो को 24 अप्रैल को पोस्‍ट किया गया।

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल की शुरुआत वायरल वीडियो की स्‍कैनिंग से किया। हमें उसके ऊपर जम्‍मू लिंक्‍स न्‍यूज का लोगो नजर आया। इसके आधार पर हमने इस वीडियो को जम्‍मू लिंक्‍स न्‍यूज के फेसबुक पेज पर सर्च करना शुरू किया। हमें 27 नवंबर 2024 को अपलोड यह वीडियो मिला। इसके साथ बताया गया कि कटड़ा में व्यापारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प के बाद लेबर यूनियन के दो नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। व्यापारियों ने कटड़ा शहर से वैष्णो देवी मंदिर तक प्रस्तावित रोपवे लाइन का विरोध किया।

जांच के अगले चरण में वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए खोजना शुरू किया। हमें यह वीडियो पुरानी तारीखों से कई सोशल मीडिया पेज पर अपलोड मिला। फेसबुक पेज Daily Reasi News ने 27 नवंबर 2024 को वायरल वीडियो को पोस्‍ट करते हुए लिखा कि वैष्‍णो देवी ट्रैक मजदूर यूनियन के नेता भूपिंदर सिंह और सोहन सिंह को कटड़ा पुलिस ने गिरफ्तार किया।

इसी तरह NH1 News नाम के यूट्यूब चैनल पर भी हमें एक रिपोर्ट मिली। इसमें भी वायरल वीडियो का इस्‍तेमाल करते हुए घटना को 27 नवंबर 2024 का बताया गया। वीडियो रिपोर्ट में बताया गया कि वैष्‍णो देवी ट्रैक मजदूर यूनियन के नेता भूपिंदर सिंह और सोहन सिंह को पुलिस ने अरेस्‍ट कर लिया।

हमारी अब तक की जांच से यह स्‍पष्‍ट हो गया कि वायरल वीडियो नवंबर 2024 का है। चार महीने पुराने वीडियो को पहलगाम आतंकी घटना के बाद भ्रामक दावे के साथ वायरल किया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने दैनिक जागरण, जम्‍मू के वरिष्‍ठ संवाददाता राहुल शर्मा से संपर्क किया । उन्‍होंने भी वायरल वीडियो को पुराना बताया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो नवंबर 2024 का है। उस वक्‍त जम्‍मू में वैष्‍णो देवी ट्रैक मजदूर यूनियन के नेताओं को गिरफ्तार किया गया था।

पड़ताल के अंत में भ्रामक पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। यूजर दिल्‍ली का रहने वाला है। इसे एक लाख से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। वैष्‍णो देवी ट्रैक मजदूर यूनियन के नेता भूपिंदर सिंह और सोहन सिंह की गिरफ्तारी के पुराने वीडियो को अब पहलगाम आतंकी हमले के बाद का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है। असली वीडियो नवंबर 2024 का है।

  • Claim Review : पहलगाम आतंकी हमले के बाद अरेस्‍ट होते लोगों का वीडियो
  • Claimed By : FB User Ashok Tanwar
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later