Fact Check: पहलगाम हमले के बाद पहाड़ों में विस्फोट और दोबारा आतंकी हमले का दावा झूठा
पहलगाम हमले के बाद वहां पर पहाड़ों में धमाके के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एआई जेनरेटेड है। इसको फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वहीं, 24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले का दावा भी झूठा है। इसके साथ वायरल हो रहा वीडियो लेबनान में हुए धमाके का पुराना वीडियो है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 28, 2025 at 02:28 PM
- Updated: Apr 30, 2025 at 11:35 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर रीच और एंगेजमेंट के लिए कई भ्रामक रील्स और पोस्ट वायरल हुई हैं। विश्वास न्यूज इनमें से कुछ फेक पोस्ट की पड़ताल कर उनकी सच्चाई सामने ला चुका है। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पहाड़ के हिस्से को टूटकर सड़क पर गिरते दिखाया गया है। इसमें दावा किया गया कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल को पहाड़ों में धमाका होने से कई लोगों की मौत हो गई।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड है। यह असली नहीं है और न ही हाल-फिलहाल में पहलगाम में ऐसी कोई घटना हुई है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर anamikgurjar ने 24 अप्रैल को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है,
“जम्मू-कश्मीर में पहलगाम हमले के बाद दूसरा मंजर आया सामने, पहलगाम में मचा हड़कंप, लाइव अपडेट, 24/04/2025, पहाड़ों में ब्लास्ट से तीन करोड़ लोगों की मौत”
खबर लिखे जाने तक रील को करीब 2500 यूजर्स ने लाइक किया था और इसके करीब 6 लाख 43 हजार व्यूज हो चुके थे।

इंस्टा यूजर bhura_ram900 ने 26 अप्रैल को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। इसमें एक इमारत में हुए धमाके को देखा जा सकता है। वीडियो पर लिखा है, “जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर से आतंकी हमला। 25 जवान शहीद हुए। 24/04/2025। 8 हजार व्यक्तियों की मौत।”

पड़ताल
पहला वीडियो
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया कि इस तरह की कोई घटना पहलगाम में हुई है या नहीं, लेकिन हमें सर्च में ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
वायरल वीडियो देखने पर हमें संदिग्ध लगा। इसके साथ में दावा किया गया कि इस घटना में तीन करोड़ लोगों की मौत हो गई है, जो अस्वाभाविक है।
इसके बाद हमने वीडियो को एआई वीडियो डिटेक्शन टूल कैंटीलक्स से चेक किया। इसमें वीडियो के एआई टूल से बने होने की संभावना जताई गई।

वीडियो का स्क्रीनशॉट निकालकर उसे एआई डिटेक्शन टूल वाज इट एआई से चेक किया तो इसमें भी इसके एआई से बने होने की संभावना जताई गई।

27 अप्रैल को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट कर जानकारी दी गई कि गृह मंत्रालय के आदेश के बाद पहलगाम आतंकी हमले का केस एनआईए को सौंप दिया गया है। 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी।
इस बारे में जम्मू में दैनिक जागरण के रिपोर्टर अंचल सिंह का कहना है कि पहलगाम में पहाड़ों में विस्फोट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। वायरल दावा फेक है।
डिजिटली क्रिएटेड वीडियो शेयर कर फेक दावा करने वाली यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर ने फर्जी दावे वाली कुछ पोस्ट की हैं।
दूसरा वीडियो
इंस्टा यूजर के bhura_ram900 के वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर इंस्टा यूजर johncoumbaros की प्रोफाइल पर 8 फरवरी 2023 को पोस्ट किया गया वीडियो मिला। वायरल वीडियो पोस्ट किए गए वीडियो को जूम करके शेयर किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो 4 अगस्त 2020 को लेबनान के बेरुत के हुए धमाके का है। इसमें 218 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब सात हजार लोग घायल हुए थे।

कीवर्ड से गूगल पर सर्च करने पर हमें 24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले के बारे में कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। इससे पता चलता है कि यह दावा झूठा है।
निष्कर्ष: पहलगाम हमले के बाद वहां पर पहाड़ों में धमाके के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एआई जेनरेटेड है। इसको फर्जी दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वहीं, 24 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले का दावा भी झूठा है। इसके साथ वायरल हो रहा वीडियो लेबनान में हुए धमाके का पुराना वीडियो है।
- Claim Review : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 24 अप्रैल को पहाड़ों में धमाका होने से कई लोगों की मौत हो गई।
- Claimed By : Insta User- anamikgurjar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












