X
X

Fact Check: पाकिस्तानियों के भारत छोड़ने का नहीं है यह वायरल वीडियो

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ वाला यह वीडियो फरवरी 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार का पाकिस्तानियों के वीजा रद्द करने का आदेश 24 अप्रैल 2025 को आया है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Apr 26, 2025 at 05:02 PM
  • Updated: Apr 30, 2025 at 03:55 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने भारत में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करने और उन्हें भारत छोड़ने का आदेश जारी किया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें, भारी भीड़ को एक रेलवे स्टेशन पर देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये पाकिस्तानियों के भारत छोड़ने का दृश्य है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो फरवरी 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार का ये आदेश 24 अप्रैल 2025 को आया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर जीतू ठाकुर ने 25 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है, “जम्मू कश्मीर – पहलनाम घटना के बाद मोदी सरकार ने 48 घंटे से पहले जाने के दिए आदेश। INDIA से भागते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लोग।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

थ्रेड्स यूजर atrauli_ka_system ने 26 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है, “मोदी ने समय 48 घंटे का दिया

सही किया या गलत। इंडिया से वापिस पाकिस्तान।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर फरवरी 2025 में अपलोड मिला, जहाँ इसे मुंबई में हुए इज्तेमा का बताया गया।

कीवर्ड्स से खोजने पर हमें फरवरी 2025 में मुंबई आयोजित इज्तिमा के और भी कई वीडियो मिले जो वायरल क्लिप से मेल खाते हैं।

सम्बंधित कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें मुंबई में फरवरी 2025 में आयोजित इज्तिमा को लेकर कई कई खबरें मिलीं। ख़बरों के अनुसार मुंबई के खारघर में 1, 2  और 2 फरवरी को इज्तिमा का आयोजन किया गया था जहाँ भरी भीड़ देखने को मिली थी।

अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई के मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि फरवरी 1 से 3 तक खारघर में इज्तेमा का आयोजन हुआ था, जहाँ भरी भीड़ इकट्ठा  हुई थी और रेलवे स्टेशन समेत कई जगहों पर अफरातफरी  का माहौल देखा गया था।

दूसरा दावा

ऐसा ही एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ को देखा जा सकता है। वीडियो में ट्रेन के ऊपर भी कई लोग बैठे हुए हैं। क्लिप को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह पाकिस्तानियों के भारत छोड़ने का नजारा है।

हमने इस दावे की भी पड़ताल की। इस दावे की पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो ‘Libs Hate Us’ नाम के X हैंडल पर 10 अप्रैल 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। इस पोस्ट में वीडियो की लोकेशन का ज़िक्र नहीं था, लेकिन कैप्शन में फ्रेंच नॉवेल ‘The Camp of the Saints’ का हवाला दिया गया था। बता दें कि ‘The Camp of the Saints’ एक फिक्शनल नॉवेल है, जिसे 1973 में लिखा गया था। यह उपन्यास फ्रांस और पश्चिमी देशों में बड़े पैमाने पर हो रहे आप्रवासन के जरिए पश्चिमी सभ्यता के पतन की कल्पना को दर्शाता है।

इस वीडियो में नीचे RRBD का वाटर मार्क लगा है। ढूंढ़ने पर हमें पता लगा कि यह वाटर मार्क rail_and_road_bangladesh नाम के सोशल मीडिया चैनल का वाटर मार्क है। हमें इस चैनल के इंस्टाग्राम हैंडल पर यह वीडियो 13 फरवरी 2025 को अपलोड मिला। यहां इसे बांग्लादेश के ढाका का बताया गया। वीडियो में ट्रेन के आगे लिखा नंबर साफ़ देखा जा सकता है। यह नंबर बंगाली भाषा में लिखा था, जिसका रोमन लिप्यांतरण 2313 है।

हमने इस विषय में RRBD के इंस्टाग्राम पेज के एडमिन से संपर्क किया। जवाब में उन्होंने बताया, “यह बांग्लादेश के टोंगी रेलवे स्टेशन का वीडियो है और यह बिस्वा इज्तेमा की अंतिम नमाज में भाग लेने के बाद एक ट्रेन से घर लौटते मुसलमानों का हवाई दृश्य है, जिसे एक ड्रोन से शूट किया गया है।”

इसके बाद हमने गूगल मैप्स की मदद से टोंगी रेलवे स्टेशन को खोजा। वहां स्ट्रीट व्यू के ज्यादा विकल्प उपलब्ध नहीं थे, लेकिन 3D व्यू में जो स्ट्रक्चर दिखाई देता है, वह वायरल वीडियो में दिख रहे स्ट्रक्चर से मेल खाता है।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें पता चला कि इस्लामी समागम बिश्वा इज्तेमा का दूसरा चरण 7-9 फरवरी, 2025 को टोंगी, बांग्लादेश में आयोजित किया गया। पहला चरण 31 जनवरी से 2 फरवरी तक यहीं आयोजित किया गया था।

हालांकि, हम स्वतंत्र रूप से इस वीडियो की लोकेशन की पुष्टि नहीं करते मगर यह बात साफ़ है कि वीडियो इंटरनेट पर 13 फरवरी 2025 से मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार का पाकिस्तानियों को वापस भेजने का आदेश 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आया है।

भारत सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर 24 अप्रैल 2025 को हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट मीटिंग के बाद अधिसूचना जारी की थी कि पाकिस्तानी नागरिकों की वीज़ा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गयीं हैं। 

वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर जीतू ठाकुर को 5000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फर्जी है। रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ वाला यह वीडियो फरवरी 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि केंद्र सरकार का पाकिस्तानियों के वीजा रद्द करने का आदेश 24 अप्रैल 2025 को आया है।

  • Claim Review : भारत से भागते हुए पाकिस्तान मुस्लिम लोग।
  • Claimed By : Facebook user Jeetu Thakur
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later