X
X

Fact Check : पहलगाम आतंकी हमले के बाद राहुल गांधी से लेकर प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव ने की थी निंदा

पहलगाम में आतंकी हमले के बाद इन चारों नेताओं ने बयान जारी करके हमले की निंदा करते हुए दुख जताया था। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट बेबुनियाद साबित हुई।

नई दिल्ली (Vishvas News)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई प्रकार की झूठी व भ्रामक पोस्‍ट वायरल है। इसी क्रम में विपक्षी नेताओं की तस्‍वीरों का एक कोलाज इस्‍तेमाल करते हुए दावा किया जा रहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव व सुप्रिया श्रीनेत ने कुछ भी नहीं बोला। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इसे सच मानकर वायरल कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद इन चारों नेताओं ने बयान जारी करके हमले की निंदा करते हुए दुख जताया था। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट बेबुनियाद साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर भूपेंद्र चौहान ने 28 अप्रैल को एक कोलाज पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “जिन्हें सब्जियों-फलों के ठेलों पर नाम लिखे जाने से दिक्कत थी, वो धर्म पूछकर की गई हत्याओं पर चुप हैं…इनकी संवेदनाएं तब जागती हैं जब मामला उनके एजेंडे में फिट बैठे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

22 अप्रैल की दोपहर कुछ आतंकियों ने पहलगाम के बैसरन में 26 लोगों को हत्‍या कर दी थी। मृतकों में एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। इसके अलावा एक स्‍थानीय शख्‍स की भी इस हमले में जान चली गई थी।

घटना के बाद देश-दुनिया के नेताओं ने बयान जारी कर संवेदना व्‍यक्‍त की थी। इसी क्रम में हमने सबसे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान को खोजना शुरू किया। हमने उनके एक्‍स हैंडल को स्‍कैन किया।

राहुल गांधी ने घटना के दिन ही शाम को 6.19 पर एक पोस्‍ट किया। इस पोस्‍ट में लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख़बर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं। आतंक के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावों के बजाय अब जवाबदेही लेते हुए ठोस कदम उठाए —ताकि आगे ऐसी बर्बर घटनाएं न होने पाएं और निर्दोष भारतीय यूं अपनी जान न गंवाएं।”

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के बयान को सर्च किया गया। हमें उनके एक्‍स हैंडल पर भी एक बयान मिला। इसे हमले वाले दिन शाम को पांच बजकर 23 मिनट पर पोस्ट किया गया। इसमें लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय एवं शर्मनाक कृत्य है। निहत्थे-निर्दोष आम नागरिकों को निशाना बनाना मानवता के खिलाफ अपराध है। यह पूरी तरह अस्वीकार्य है। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है और कड़े स्वर में इसकी निंदा करता है। खबरों के मुताबिक, इस हमले में कई पर्यटक हताहत हुए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के एक्‍स हैंडल को खंगाला । हमें 22 अप्रैल को की गई एक्‍स पोस्‍ट मिली। इसमें लिखा था , “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले की भयावह तस्वीरें दिल दहला देनेवाली हैं। ये हमला हर दृष्टिकोण से निंदनीय है। घायलों के शीघ्रातिशीघ्र उपचार के लिए देश की सबसे अच्छी चिकित्सा सेवाएं और सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। सबके स्वास्थ्य लाभ और जीवन के लिए हृदय से कामना। केंद्र की सरकार को सबसे पहले सुरक्षा के वातावरण को सुनिश्चित करने की ज़रूरत है, तभी स्थानीय निवासियों और पर्यटकों का जीवन सुरक्षित रह सकता है।”

इसी तरह हमें सुप्रिया श्रीनेता के एक्‍स हैंडल पर भी पहलगाम आतंकी हमले के दिन की एक्‍स पोस्‍ट मिली। 22 अप्रैल की इस पोस्‍ट में उन्‍होंने लिखा, “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने जिस बर्बरता से पर्यटकों की हत्या की है, उससे रूह काँप जाये। इस कायराना हरकत के ख़िलाफ़ पूरा देश एकजुट हो कर खड़ा है – इस देश के ख़िलाफ़ आँख उठा कर देखने वाले यह याद रखें कि यह देश हर बार आतंकवाद के ख़िलाफ़ जीता है। मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर में हालात सामान्य होने के खोखले दावे करती आई है – लेकिन वस्तुतः स्थिति बेहद चिंताजनक है। आज मज़बूत निर्णायक कदम उठाने की ज़रूरत है – डींगे हाँकने का वक़्त बीत चुका है – निर्दोष लोगों की हत्या पर ढुलमुल रवैया नहीं अपनाया जा सकता।”

हमारी अब तक की जांच से यह स्‍पष्‍ट हो गया कि वायरल पोस्‍ट फर्जी है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और सुप्रिया श्रीनेत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद उसी दिन बयान देकर इसकी जोरदार ढंग से निंदा की थी।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के राष्ट्रीय समन्वयक नितिन अग्रवाल से संपर्क किया। उन्‍होंने भी बताया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद विपक्ष के बड़े नेताओं ने तुरंत इसकी निंदा करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रगट की थी। विपक्ष की छवि खराब करने के लिए इस प्रकार की झूठी पोस्‍ट वायरल की जा रही है।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। भूपेंद्र चौहान नाम के इस यूजर को पांच हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर खंडवा का रहने वाला है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। पहलगाम आतंकी हमले के तुरंत बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव व सुप्रिया श्रीनेत ने दुख जताते हुए हमले की निंदा की थी।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later