Fact Check: पाकिस्तानी एंकर का इमोशनल वीडियो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद का नहीं, वायरल वीडियो पुराना है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई लेना- देना नहीं है। पाकिस्तानी प्रोग्राम एंकर फरवा वहीद का यह वीडियो गाजा मामले से जुड़ा हुआ है।
- By: Umam Noor
- Published: May 7, 2025 at 07:15 PM
- Updated: May 13, 2025 at 06:08 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। पहलगाम में आतंकवादी हमले के बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक पाकिस्तानी न्यूज़ एंकर को इमोशनल देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो भारत की करवाई के बाद का है।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई लेना- देना नहीं है। पाकिस्तानी प्रोग्राम एंकर फरवा वहीद का यह वीडियो गाजा मामले से जुड़ा हुआ है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर ने ‘राजू सिंह भाई जी’ ने 7 मई को वायरल पोस्ट (आर्काइव) को शेयर करते हुए लिखा, “रो क्यूं रही है बेबी, अभी जो हुआ वो सिर्फ 1% है जो होने वाले हैं।। धर्म पूछकर गये थे धर्म बताकर गये है। #OperationSindoor”.
इस पोस्ट को एक्स पर भी कई यूजर सामान्य दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो को गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो एक एक्स हैंडल पर 18 अप्रैल 2025 को शेयर किया हुआ मिला, वहीं यहां वीडियो में ‘एक्सप्रेस न्यूज’ ‘#सियासत’ भी लिखा हुआ देखा जा सकता है।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमने वीपीएन की मदद से ‘एक्सप्रेस न्यूज़’ के यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को तलाश करने की कोशिश की। सर्च में हमें यह वीडियो 15 अप्रैल 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, यह प्रोग्राम एंकर फरवा वहीद हैं, जो गाजा की हालात पर इमोशन हो गई थीं।

सर्च में हमें फरवा वहीद के फेसबुक पेज पर यह वीडियो 7 नवंबर 2023 को शेयर किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दिए गए कैप्शन में लिखा है, “मैं अपने आंसुओं और भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर सकी। मुझे पता है कि हम फिलिस्तीन (गाजा) के लोगों के लिए कुछ नहीं कर सकते। हजारों लोगों ने अपनी जान गंवा दी है, कई लोग जिंदा रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और यह बहुत दुखद है। यह क्रूरता जल्द ही खत्म हो।”

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने फरवा वहीद से संपर्क साधा और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह गाजा से सम्बंधित एक पुराना वीडियो है, इसका मौजूदा मामले से कोई लेना- देना नहीं है।
बता दें कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने पीओके में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत 6 और 7 मई की दरमियानी रात को 9 आतंकी शिविरों को निशाना बनाया, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा का वह प्रशिक्षण केंद्र भी शामिल था, जहां पहलगाम हमले के आतंकी प्रशिक्षित हुए थे। भारत ने इसे आतंकवाद के ढांचे को खत्म करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक जवाबी कार्रवाई बताया। इस मामले में विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी द्वारा की गई प्रेस ब्रीफिंग पर पूरी जानकारी दैनिक जागरण की इस खबर में पढ़ी जा सकती है।
विश्वास न्यूज द्वारा पाकिस्तान को लेकर किये गए फैक्ट चेक्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर ने ‘राजू सिंह भाई जी’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस यूजर को एक हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किए जा रहे वीडियो का ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई लेना- देना नहीं है। पाकिस्तानी प्रोग्राम एंकर फरवा वहीद का यह वीडियो गाजा मामले से जुड़ा हुआ है।
- Claim Review : पाकिस्तानी न्यूज़ एंकर का भारत की करवाई के बाद इमोशनल वीडियो।
- Claimed By : Instagram User- राजू सिंह भाई जी
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












