Fact Check: पाकिस्तान से फैलाए गए पीएम मोदी, अमित शाह और जयशंकर के डीपफेक वीडियो
पाकिस्तानी यूजर्स पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर के डीपफेक वीडियो वायरल कर झूठा दावा कर रहे हैं। वहीं, पीओके के यूजर ने भी पीएम मोदी का फेक वीडियो शेयर किया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 13, 2025 at 06:05 PM
- Updated: May 14, 2025 at 11:15 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने 6-7 मई की दरमियानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद भारतीय सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान के हवाई हमलों को नाकाम करते हुए जवाबी कार्रवाई की थी।
इस दौरान कुछ पाकिस्तानी यूजर्स ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर के कथित वीडियो शेयर किए। इसके साथ में यूजर्स दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी, अमित शाह और एस जयशंकर ने हार मान ली है।
विश्वास न्यूज की जांच में तीनों वीडियो डीपफेक निकले। इन्हें एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है और दुष्प्रचार के मकसद से शेयर किया गया है। इनके अलावा पीएम मोदी का एडिटेड वीडियो भी शेयर कर झूठा दावा किया गया।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Zahoor Khan ने 10 मई को पीएम मोदी के कथित वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“ऑपरेशन बनयान मुर्सूस का असर, मोदी की चीख निकल पड़ी।
क्या हमें मोदी की माफी स्वीकार कर लेनी चाहिए!!!!!” (अनुवाद)

फेसबुक यूजर Shahzad Younas Sheikh PTI ने 10 मई को अमित शाह का कथित वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया और लिखा,
“ब्रेकिंग. जयशंकर और कर्नल सोफिया के बाद अमित शाह ने भी हार स्वीकार कर ली है. भारत माफ़ी मांग रहा है.” (अनुवाद)

फेसबुक यूजर Shahzad Younas Sheikh PTI ने ही 10 मई को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए दावा किया कि जयशंकर ने माफी मांग ली है।

फेसबुक यूजर Mirpur Ajk ने भी पीएम मोदी का एक कथित वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए दावा किया कि उन्होंने माफी मांगी है।

पड़ताल
वायरल दावों की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसा होता तो मीडिया में खबर जरूर आती।
हमने पहले तीन वीडियो को ध्यान से देखा तो इनमें ब्राइटनेस ज्यादा लगी। साथ ही होंठ भी तेजी से हिल रहे हैं। इससे हमें इनके एआई निर्मित होने की संभावना लगी। वहीं, चौथा वीडियो देखने पर हमें एडिटेड लगा।
इसके बाद हमने चारों वीडियो को एक-एक करके चेक किया।
पहला वीडियो
वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (एमसीए की पहल) से भी संपर्क किया। डीएयू की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। हाइव एआई पर पूरा ऑडियो ट्रैक AI निर्मित होने की संभावना जताई गई। हाइव के डीपफेक डिटेक्टर ने वीडियो ट्रैक में AI टूल से छेड़छाड़ किए जाने से संकेत दिए।

डीपफेक-ओ-मीटर से जांच में केवल 3 ऑडियो क्लासिफायर ने ऑडियो के सिंथेटिक होने के संकेत दिए।

इससे साफ होता है कि पीएम मोदी के नाम से वायरल वीडियो डीपफेक है।
दूसरा वीडियो
इसके बाद हमने अमित शाह के कथित वीडियो की जांच की। हाइव एआई के ऑडियो डिटेक्शन में ऑडियो डिटेक्टर ने पूरा ऑडियो ट्रैक एआई संभावित पाया। जबकि डीपफेक डिटेक्टर को वीडियो के कई सेगमेंट को एआई से छेड़छाड़ का संकेत मिला।

डीपफेक-ओ-मीटर से जांच करने पर 7 में से 6 ऑडियो क्लासिफायर ने ऑडियो ट्रैक को सिंथेटिक पाया।

इससे पता चलता है कि अमित शाह का बताकर डीपफेक वीडियो वायरल किया जा रहा है।
तीसरा वीडियो
हाइव एआई के ऑडियो क्लासिफायर ने ऑडियो ट्रैक के 43 सेकंड के हिस्से को ‘नॉट एआई’ पाया, जबकि डीपफेक डिटेक्टर ने विजुअल के कई हिस्सों को एआई संभावित बताया।

पीआईबी फैक्ट चेक के एक्स हैंडल से भी इस वीडियो को एआई निर्मित और दुष्प्रचार का हिस्सा बताया गया।
पड़ताल में पता चला कि जयशंकर के नाम से वायरल वीडियो एआई जेनरेटेड है।
चौथा वीडियो
पीएम मोदी के दूसरे कथित वीडियो की जांच के लिए हमने इसका स्क्रीनशॉट लेकर गूगल लेंस से सर्च किया। हिन्दुस्तान टाइम्स के फेसबुक पेज पर 7 मई को इससे संबंधित वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसमें पीएम मोदी को ग्लोबल कांफ्रेंस ऑन स्पेस एक्सप्लोरेशन 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ में मैसेज लिखा है, पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए 7 मई की तड़के भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान पर हमला करने के बाद पीएम मोदी ने अपना पहला सार्वजनिक भाषण दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने एयर स्ट्राइक के बारे में नहीं बोला।

दोनों वीडियो में समानता देखी जा सकती है।

इससे साफ होता है कि वीडियो में आवाज बदलकर उसे फर्जी दावे के साथ शेयर किया गया है।
इस बारे में हमने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने इन वीडिया को फेक बताया है।
12 मई की रात की रात को पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा था कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई स्थगित हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान के साथ अगर बात होगी तो आतंकवाद और पीओके पर होगी।
सोशल मीडिया स्कैनिंग में पता चला कि चारों यूजर पाकिस्तान समर्थक हैं। इनमें से तीन पाकिस्तान और एक यूजर पीओके का रहने वाला है।
निष्कर्ष: पाकिस्तानी यूजर्स पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस जयशंकर के डीपफेक वीडियो वायरल कर झूठा दावा कर रहे हैं। वहीं, पीओके के यूजर ने भी पीएम मोदी का फेक वीडियो शेयर किया है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने हार मान ली है।
- Claimed By : FB User- Zahoor Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












