X
X

Fact Check: मुंबई में हुई मॉक ड्रिल के वीडियो को आतंकी की गिरफ्तारी का बता किया जा रहा है वायरल

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुंबई में हाल में किसी आतंकी को गिरफ्तार किए जाने का दावा गलत है। वीडियो वास्तव में एक मॉक ड्रिल का है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: May 16, 2025 at 02:37 PM
  • Updated: May 19, 2025 at 01:05 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है,  जिसमें दावा किया जा रहा है कि मुंबई में पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया है और दूसरा आतंकी मारा गया है।  

विश्वास न्यूज़ की जांच में यह दावा गलत निकला। वायरल हो रहा वीडियो मुंबई में हुई एक मॉक ड्रिल का है।  

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Jiglastic’ ने 14 मई 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा, ”13.05.2025 कमांडो ने आज शाम 5.30 बजे मुंबई के पवई में एक आतंकवादी को मार गिराया और एक को पकड़ लिया, मुंबई अगले दो दिनों के लिए हाई अलर्ट पर है।”

पड़ताल

पोस्ट में किये गए दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। हमें कहीं भी मुंबई में आतंकी पकड़े जाने की कोई हालिया खबर नहीं मिली।

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ‘@ThePerfectVoiceNews’ नाम के यूट्यूब चैनल पर 14 मई 2025 को इस वीडियो को लेकर एक रिपोर्ट मिली, जिसमें बताया गया था कि यह मुंबई में हुई मॉक ड्रिल की क्लिप है। डिस्क्रिप्शन में लिखा था, “आज नाहर अमृत शक्ति रोड, चांदिवली में एक नियमित मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह एक नियोजित अभ्यास था और नागरिकों से आग्रह किया कि वे न घबराएं और ना ही चिंता करें। ये अभ्यास आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए किए जाते हैं।”

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें साकीनाका पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से 13 मई को किया गया एक पोस्ट मिला, जिसमें कहा गया था, “13 मई 2025 को दोपहर करीब 12:00 बजे नाहर अमृत शक्ति, डी मार्ट, चांदिवली, साकीनाका, मुंबई 400072, साकीनाका पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इस मॉक ड्रिल में सहायक पुलिस आयुक्त, साकीनाका डिवीजन, मुंबई, प्रदीप मैराल, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, पीएसआई कुंडलकर, पश्चिम क्यूआरटी बटालियन के सात कमांडो और पीएसआई मसाल के साथ मुख्य क्यूआरटी बटालियन के पांच कमांडो शामिल थे।”

हमने इस विषय में पुष्टि के लिए साकीनाका डिवीजन के एसीपी प्रदीप मैराल से बात की, जिन्होंने पुष्टि की कि ये वीडियो सुरक्षा अधिकारियों द्वारा आयोजित एक मॉक ड्रिल का है।

वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Jiglastic उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुंबई में हाल में किसी आतंकी को गिरफ्तार किए जाने का दावा गलत है। वीडियो वास्तव में एक मॉक ड्रिल का है।

  • Claim Review : मुंबई में पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया है और दूसरा आतंकी मारा गया है।  
  • Claimed By : Facebook user 'Jiglastic'
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later