Fact Check: भारतीय मुसलमान के नाम पर पाकिस्तान का 2020 का वीडियो वायरल
वीडियो भारत नहीं, पाकिस्तान का है। वर्ष 2020 के इस वीडियो को एक बार फिर से भारत में झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 20, 2025 at 02:23 PM
- Updated: May 26, 2025 at 07:08 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर 33 सेकंड की एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें एक शख्स को बिजली कर्मचारियों को धमकाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को भारत का बताकर वायरल किया जा रहा है। यह वीडियो एक बार पहले भी वायरल हो चुका है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा गलत साबित हुआ। वीडियो भारत नहीं, पाकिस्तान का है। वर्ष 2020 के इस वीडियो को एक बार फिर से भारत में झूठे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
जवाहरलाल पटेल नाम के एक फेसबुक यूजर ने 14 मई को वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, “ये है भारत का डरा हुआ मुस्लमान। मारूंगा या मरूंगा पर मीटर नही लूंगा। बिजली चोरी करूंगा।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट के बारे में सच पता लगाने के लिए सबसे पहले गूगल लेंस टूल का इस्तेमाल किया। वायरल क्लिप के कई कीफ्रेम्स निकाले गए। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें असली वीडियो पाकिस्तान के फेसबुक पेज डिजिटल टीवी 360 पर मिला। 6 अगस्त 2020 को वीडियो को पोस्ट किया गया। वीडियो को पाकिस्तान का बताया गया।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। यहां कीवर्ड से सर्च करने पर हमें पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट सियासत डॉट पीके पर एक खबर मिली। 28 जुलाई 2020 को प्रकाशित इस खबर से पता चला कि वायरल वीडियो पाकिस्तान के कराची में हुई घटना का है। शख्स बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया था, लेकिन अपनी गलती मानने की जगह वह कर्मचारियों को धमकाने लगा।

विश्वास न्यूज एक बार पहले भी इस क्लिप की जांच कर चुका है। उस वक्त पाकिस्तान अरब न्यूज के पत्रकार नियामत खान से संपर्क किया था। उन्होंने भी कन्फर्म करते हुए वीडियो को पाकिस्तान का बताते हुए कहा था कि वायरल वीडियो पाकिस्तान के कराची में करीब चार साल पहले हुई एक घटना का है। यह शख्स बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया था।
अब बारी थी पाकिस्तान के वीडियो को भारत का बताकर वायरल करने वाले यूजर की जांच करने की। फेसबुक यूजर जवाहरलाल पटेल के करीब पांच हजार फ्रेंड हैं। यूजर हैदराबाद का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट गलत साबित हुई। पाकिस्तान के पुराने वीडियो को भारतीय मुसलमान का बताकर झूठा सांप्रदायिक दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : भारत के मुसलमान का वीडियो
- Claimed By : FB Jawaharlal Pater
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












