X
X

Fact Check: भारतीय कार्रवाई में पाकिस्तानी सैन्य ढांचें को नुकसान, AWACS को मार गिराए जाने का यह वीडियो गेमिंग फुटेज है

भारत के सैन्य और असैन्य ठिकानों पर लगातार हवाई हमले की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को जवाब देने के लिए भारत ने कई एयर बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था। सेना की तरफ से दी गई जानकारी और अन्य न्यूज रिपोर्ट्स पाकिस्तानी मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुए भारी नुकसान की पुष्टि करते हैं। हालांकि, जिस वीडियो को पाकिस्तान के AWACS का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह गेमिंग वीडियो क्लिप है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: May 20, 2025 at 04:46 PM
  • Updated: May 20, 2025 at 06:15 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान और उसके कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) में मौजूद आतंकी शिविरों को निशाना बनाए जाने की भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ उकसावे की कार्रवाई करते हुए हवाई अटैक के जरिए सैन्य और असैन्य ढांचें को निशाना बनाने की कोशिश की। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि भारत ने पाकिस्तान के एयरबॉर्ने अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम्स (AWACS) प्लेन को नष्ट कर दिया है।

भारत की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के एयर बेस समेत मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को नुकसान हुआ है। पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल मसूद अख्तर के बयान पर आधारित कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, नौ-दस मई की रात को भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान के भोलारी एयरबेस के पास मौजूद AWACS विमान नष्ट हो गया था। हालांकि, वायरल पोस्ट में जिस वीडियो को AWACS का बताते हुए शेयर किया जा रहा है, वह वास्तविक नहीं बल्कि गेमिंग फुटेज है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘NETWORK 20 NEWS’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पाकिस्तान के AWACS प्लेन को किस तरह से घेरकर भारत ने नष्ट किया..पाकिस्तान के पास सिर्फ दो AWACS प्लेन थे उसमें से एक आज भारत ने नष्ट कर दिया। वीडियो हुआ सोशल मीडिया पर वायरल।”

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

https://twitter.com/jpsin1/status/1920540595421937942

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स के आधार पर रिवर्स इमेज सर्च में हमें इस वीडियो की ऑरिजिनल क्लिप यू-ट्यूब चैनल  ‘Compared Comparison’ पर मिला।

चार साल पहले नौ जनवरी 2021 को अपलोड किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, यह आरमा 3 सिमुलेशन (गेमिंग) का वीडियो है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि सिमुलेटेड गेमिंग फुटेज है। सिमुलेशन फुटेज वास्तव में वीडियो कंटेंट होता है, जिसे कंप्यूटर जेनरेटेड इमैजरी (सीजीआई) या अन्य तकनीक से वास्तविक दुनिया की घटनाओं की नकल करके तैयार किया जाता है।

इस वीडियो क्लिप को लेकर हमने डायनेमो गेम्स के फाउंडर अनीश जैन से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, यह आरमा 3 गेमिंग वीडियो है।

इससे पहले भी ऐसा ही समान क्लिप पाकिस्तानी F17 जेट को मार गिराए जाने के दावे के साथ वायरल हुआ था, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के करीब दो हफ्ते बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में एयर स्ट्राइक करते हुए आतंकी शिविरों को निशाना बनाया था। स्ट्राइक में सरजल कैंप, सियालकोट समेत अन्य आतंकी ठिकानों पर स्ट्राइक किया गया था।

इसके बाद 10 मई को रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया गया कि पश्चिमी मोर्चे पर लगातार भड़काऊ कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान ने सीमावर्ती इलाकों और नियंत्रण रेखा पर भारी गोलीबारी और ड्रोन हमले करते हुए हवाई घुसपैठ की कोशिश की। साथ ही, पाकिस्तान ने भारत के एयर बेस पर मिसाइल हमला समेत नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाया, लेकिन भारत की तरफ से इन हमलों को विफल कर दिया गया।

https://twitter.com/SpokespersonMoD/status/1921073067817849083

इसके बाद, भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया। इस कार्रवाई में पाकिस्तान के एयर बेस,कमांड सेंटर्स, मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया, जिसमें चकलाला (नूर खान), रफीकी, रहीम यार खान, सरगोधा, भोलारी और जकोबाबाद समेत ठिकाने शामिल थे।  

11 मई को सेना की तरफ से किए गए प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर मार्शल एके भारती, डीजीएमओ, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई और वाइस एडमिरल ए एन प्रमोद ने इन ठिकानों पर किए गए इन स्ट्राइक के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

न्यूज सर्च में हमें ईटी की 16 मई 2025 की रिपोर्ट मिली, जिसमें पाकिस्तान के पूर्व एयर मार्शल मसूद अख्तर के हवाले से बताया गया है कि भारत के ब्रह्मोस हमलों में पाकिस्तान का AWACS नष्ट हो गया।

ईटी की यह रिपोर्ट एक्स पर फ्रंटल फोर्स की तरफ से साझा किए गए इंटरव्यू के आधार पर है। कई अन्य रिपोर्ट्स में इसका जिक्र है।

विश्वास न्यूज स्वतंत्र रूप से पाकिस्तान के AWACS के नष्ट होने के दावे की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन भारत की स्ट्राइक में पाकिस्तान के मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान की पुष्टि करता है।

हिंदुस्तान टाइम्स की 13 मई की रिपोर्ट में न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से नूर खान एयरबेस समेत अन्य मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान को बयां करती सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल किया गया है। इसी रिपोर्ट में न्यूज एजेंसी एएफपी ने मैक्सार टेक्नोलॉजिज के सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल किया है, जो नूर खान एयर बेस को हुए गंभीर नुकसान को बयां करता है।

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब एक हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: भारत के सैन्य और असैन्य ठिकानों पर लगातार हवाई हमले की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को जवाब देने के लिए भारत ने कई एयर बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था। सेना की तरफ से दी गई जानकारी और अन्य न्यूज रिपोर्ट्स पाकिस्तानी मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुए भारी नुकसान की पुष्टि करते हैं। हालांकि, जिस वीडियो को पाकिस्तान के AWACS का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह गेमिंग वीडियो क्लिप है।

  • Claim Review : भारतीय सेना के पाकिस्तान के AWACS को मार गिराया।
  • Claimed By : FB User-NETWORK 20 NEWS
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later