Fact Check: राहुल गांधी के “बेतुके” बयान के दावे के साथ वायरल ये नौ वीडियो क्लिप एडिटेड और ऑल्टर्ड हैं
आटा की कीमत "40 रुपये प्रति लीटर", देश की आबादी "140 करोड़ रुपया", "यूपी में हर सप्ताह एक बच्चा पैदा करने वाली महिलाएं", "मुझे प्रधानमंत्री बना दो मैं सूरज के उगने की दिशा बदल दूंगा", "गुजरात को अमूल और दूध इन महिलाओं ने दिया है", "सत्याग्रह का मतलब सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो", "किसान सीधा अपना माल एयरपोर्ट पर जाकर बेचेगा" और "चांद पर जमीन और आलू से सोना" बनाने के दावे से वायरल राहुल गांधी के सभी वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड और एडिटेड हैं। ये आधा-अधूरा वीडियो क्लिप हैं, जिन्हें मूल संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 28, 2025 at 02:51 PM
- Updated: May 30, 2025 at 11:52 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर समय-समय पर राहुल गांधी से संबंधित फेक व भ्रामक दावों को शेयर किया जाता रहा है। इसी संदर्भ में एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें उनके भाषणों के कुल आठ क्लिप शामिल हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी अक्सर बेतुका बयान देते रहते हैं और ये सभी वीडियो क्लिप उसके सबूत हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। आटा की कीमत “40 रुपये प्रति लीटर”, देश की आबादी “140 करोड़ रुपया”, “यूपी में हर सप्ताह एक बच्चा पैदा करने वाली महिलाएं”, “मुझे प्रधानमंत्री बना दो मैं सूरज के उगने की दिशा बदल दूंगा”, “गुजरात को अमूल और दूध इन महिलाओं ने दिया है”, “सत्याग्रह का मतलब सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो”, “किसान सीधा अपना माल एयरपोर्ट पर जाकर बेचेगा” और “चांद पर जमीन और आलू से सोना” बनाने के दावे से वायरल राहुल गांधी के सभी वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड और एडिटेड हैं। ये वीडियो क्लिप्स उनके भाषणों का चुनिंदा हिस्सा हैं , जिन्हें उसके मूल संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर भी कई यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर किया है।

पड़ताल
राहुल गांधी ने कहा आटा की कीमत “40 रुपये प्रति लीटर”
वायरल वीडियो में पहले क्लिप के साथ यह दावा किया गया है कि उन्होंने महंगाई के मामले में मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पहले आटा की कीमत 22 रुपये ‘लीटर’ हुआ करती थी, आज उसकी कीमत 40 रुपये ‘लीटर’ है।
यह वीडियो 2022 में भी वायरल हुआ था, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में गलत पाया था।
साल 2022 में दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की तरफ से आयोजित महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल रैली में भाषण के दौरान उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने मनमोहन सरकार में आटे के भाव को 22 रुपये प्रति लीटर बता दिया। हालांकि, उन्होंने बाद में अपनी गलती सुधारी और फिर प्रति किलो में उसे बताया। लेकिन, वायरल क्लिप में उनके भाषण के इस अंश को हटा दिया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि राहुल गांधी ने आटे की कीमत को प्रति लीटर में ही बताया।
ऑरिजिनल वीडियो को यहां देखा जा सकता है, जिसमें राहुल गांधी कहते हैं, “1 मिनट 02 सेकेंड वीडियो क्लिप को सुनने पर हमें वायरल हो रहे वीडियो क्लिप का पूरा संदर्भ मिल जाता है, जिसमें राहुल गांधी महंगाई को लेकर यूपीए सरकार बनाम मोदी सरकार की तुलना करते हुए कह रहे हैं, “….और दूसरी तरफ महंगाई। मेरे पास आंकड़ें हैं। 2014 में एलपीजी का सिलेंडर 410 रुपये का था, आज 1050 रुपये का है, पेट्रोल 70 रुपये लीटर, आज तकरीबन 100 रुपये लीटर। डीजल 55 रुपये लीटर, आज 90 रुपये लीटर। सरसों का तेल 90 रुपये लीटर, आज 200 रुपये लीटर, दूध 35 रुपये लीटर, आज 60 रुपये लीटर…..आटा 22 रुपये लीटर और आज 40 रुपये लीटर…अअअ…केजी (किलोग्राम)।”
“देश की आबादी 140 करोड़ रुपया”
इस वीडियो में उन्हें यह बोलते हुए दिखाया गया है कि देश की आबादी 140 करोड़ ‘रुपये’ है। यह वीडियो 2023 में वायरल हो चुका है, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में भ्रामक पाया था।
छह जनवरी 2023 को हरियाणा के पानीपत में भारत जोड़ो यात्रा के तहत रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी की जुबान फिसल गई थी, लेकिन उन्होंने तुरंत गलती सुधार ली थी।
ऑरिजिनल वीडियो को यहां देखा जा सकता है।
वीडियो में 1:53 मिनट पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। इसमें राहुल गांधी बोलते हैं, “देश की आबादी 140 करोड़ रुपए…140 करोड़ लोग। ठीक है।” राहुल गांधी के इस वीडियो को देखने के बाद समझ में आ गया कि भाषण के दौरान उनकी जुबान फिसल गई थी, लेकिन उन्होंने तुरंत सुधार कर लिया था।
“यूपी में ऐसी महिलाएं हैं, जो हर सप्ताह एक बच्चा पैदा करती हैं”
यह वीडियो क्लिप 2022 और 2024 में दो अलग-अलग मौकों पर सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में फेक पाया था।
वास्तव में महिलाओं के खिलाफ अजीबोगरीब बयान देने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड निकला। राहुल गांधी ने 2012 में उत्तर प्रदेश की एक रैली में तत्कालीन राज्य सरकार पर जननी सुरक्षा योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा था कि राज्य में ऐसी कई महिलाएं हैं, जो कागजों पर साल में 52 बच्चे पैदा कर रही हैं और इस तरह इस योजना का लाभ गलत लोगों तक जा रहा है।
ऑरिजिनल वीडियो क्लिप को यहां देखा जा सकता है।
इसमें राहुल गांधी कहते हैं, “……जननी सुरक्षा योजना एक प्रोग्राम है। 1400 रुपये मिलते हैं महिलाओं को…जब बच्चा होता है अस्पताल में। हमने आरटीआई (सूचना का अधिकार) मांगा….आरटीआई में जो हमें रिपोर्ट मिली….यूपी में ऐसी महिलाएं हैं, जो हर सप्ताह एक बच्चा पैदा कर सकती हैं। ऐसी महिलाएं हैं, जो साल में 52 बच्चे दे रही हैं। एक ही नाम है, 1400 रुपये….हर सप्ताह उनकी जेब में….पर ऐसी एक महिला नहीं है, हजारो ऐसी महिलाएं हैं।”
“मुझे प्रधानमंत्री बना दो मैं सूरज के उगने की दिशा बदल देंगे”
यह वीडियो क्लिप 2024 में वायरल हुआ था, जिसे हमने अपनी जांच में फेक पाया था।
वायरल हो रहा वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड और एडिटेड है। वास्तव में राहुल गांधी एक चुनावी संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहे थे। मूल वीडियो नवंबर 2018 में छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में उनके चुनावी भाषण का है, जिसके एक अंश को उसके मूल संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है और इस वजह से वास्तविक बयान का मायने और मतलब बदल जा रहा है।
“गुजरात को अमूल और दूध इन महिलाओं ने दिया है”
वास्तव में राहुल गांधी का यह वीडियो करीब आठ साल पुराना है, जब कांग्रेस के तत्कालीन उपाध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी ने उत्तराखंड के देहरादून में 23 फरवरी 2014 को एक रैली को संबोधित करते हुए गुजरात की ‘दुग्ध क्रांति’ और राज्य की आर्थिक प्रगति में महिलाओं के योगदान की तारीफ की थी।
ऑरिजिनल वीडियो को यहां देखा जा सकता है।
उन्होंने कहा था कि देश में जो भी राज्य आगे बढ़े, वह महिलाओं की वजह से आगे बढ़े। इसके बाद वह नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहते हैं, “….आज कल एक व्यक्ति हैं, जो पूरे हिंदुस्तान में गुजरात की बात करते हैं। गुजरात को अगर किसी ने खड़ा किया है, गुजरात को अमूल दिया है…गुजरात को दूध दिया है तो इस तरफ देखिए…इन महिलाओं ने दिया है, गुजरात की महिलाओं ने दिया है।”
“सत्याग्रह का मतलब सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो”
यह वीडियो क्लिप पहले भी कई मौकों पर वायरल हो चुका है। सबसे पहले यह वीडियो क्लिप 2023 में वायरल हुआ था, जिसे हमने अपनी जांच में भ्रामक पाया था।
वास्तव में 2022 में छत्तीसगढ़ में आयोजित कांग्रेस के तीन दिवसीय महाधिवेशनको संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा था। उनके इसी भाषण के एडिटेड क्लिप को सोशल मीडिया पर गुमराहपूर्ण दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
ऑरिजिनल वीडियो क्लिप को यहां देखा जा सकता है।
छत्तीसगढ़ में 26 फरवरी 2023 को आयोजित कांग्रेस के तीन दिवसीय महाधिवेशन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। इसी दौरान उन्होंने कहा, “…………..शब्द है इसके लिए। महात्मा गांधी कहते थे….सत्याग्रह की बात करते थे। सत्याग्रह का मतलब…..सत्ता के रास्तों को कभी मत छोड़ो। सॉरी…..सत्य के रास्ते को कभी मत छोड़ो।”
उन्होंने आगे कहा, “……इनके लिए नया शब्द है….आरएसएस बीजेपी वालों के लिए….हम हैं सत्याग्रही और वो हैं सत्ताग्रही। ये सत्ता के लिए कुछ भी कर लेंगे।”
“किसान सीधा अपना माल एयरपोर्ट पर जाकर बेचेगा”
यह दावा भी गलत है, जो राहुल गांधी के पांच अप्रैल 2019 को महाराष्ट्र के चंद्रपुर की रैली में दिए गए भाषण का एडिटेड क्लिप है
ऑरिजिनल वीडियो क्लिप को यहां देखा जा सकता है।
इसमें राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चुनावी वादों पर टिप्पणी करते हुए कहते हैं, उन्होंने “बड़ी-बड़ी बातें की। विदर्भ में लॉजिस्टिक टर्मिनल बनाएंगे। विदर्भ के किसान को दुनिया के शहरों से जोड़ेंगे…कांग्रेस पार्टी की सोच थी। बड़े एयरपोर्ट बनेंगे…किसाना सीधा जाके अपना माल एयरपोर्ट पे बेचेगा…फैक्ट्री में बेचेगा…डायरेक्ट…सीधा जाएगा…आपका माल जाएगा अमरीका।” इसके बाद वह बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहते हैं, “उन्होंने इन मुद्दों पर कुछ काम नहीं किया, क्योंकि किसान का नाम आते ही वे कुछ नहीं करते हैं।”
“चांद पर जमीन और आलू से सोना बनाने का दावा”
राहुल गांधी के “आलू से सोना” बनाने के बयान के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड और फेक है। यह पहले भी कई अलग-अलग मौकों पर वायरल होता रहा है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
वास्तव में 2017 में गुजरात के पाटन की एक रैली में उन्होंने नरेंद्र मोदी का बयान बताते हुए उनकी आलोचना की थी, लेकिन वायरल वीडियो क्लिप में बयान के इस हिस्से को शामिल नहीं किया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने खुद यह बयान दिया।
ऑरिजिनल वीडियो क्लिप को यहां देखा जा सकता है।
वीडियो में राहुल गांधी को कहते हुए सुना जा सकता है, “…….आलू के किसानों से कहा कि ऐसी मशीन लगाऊंगा कि इस साइड से आलू घुसेगा और उस साइड से सोना निकलेगा। इस साइड से आलू डालो और उस साइड से सोना निकालो। इतना पैसा बनेगा कि आपको पता नहीं होगा कि क्या करना है। मेरे शब्द नहीं हैं, नरेंद्र मोदी जी के शब्द हैं।”
वहीं चांद पर जमीन दिए जाने वाला बयान भी उनका नहीं है। 17 अप्रैल 2019 की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किसानों से झूठा वादा करने का आरोप लगाते हुए कहा था, “मैं कभी झूठे वादे नहीं करता, भले ही आप इसे पसंद नहीं करते। श्री मोदी कहते हैं, आप यहां अपने खेत से पैसा नहीं कमा सकते हैं, चांद को देखें। मैं तुम्हें चांद पर खेत उपलब्ध कराऊंगा। भविष्य में, आप वहां आलू उगाएंगे। मैं वहां एक मशीन लगाऊंगा और फिर हम आलू को गुजरात में वापस निर्यात करेंगे।”
राहुल गांधी से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: आटा की कीमत “40 रुपये प्रति लीटर”, देश की आबादी “140 करोड़ रुपया”, “यूपी में हर सप्ताह एक बच्चा पैदा करने वाली महिलाएं”, “मुझे प्रधानमंत्री बना दो मैं सूरज के उगने की दिशा बदल दूंगा”, “गुजरात को अमूल और दूध इन महिलाओं ने दिया है”, “सत्याग्रह का मतलब सत्ता के रास्ते को कभी मत छोड़ो”, “किसान सीधा अपना माल एयरपोर्ट पर जाकर बेचेगा” और “चांद पर जमीन और आलू से सोना” बनाने के दावे से वायरल राहुल गांधी के सभी वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड और एडिटेड हैं। ये आधा-अधूरा वीडियो क्लिप हैं, जिन्हें मूल संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बेतुके बयान देते राहुल गांधी का वीडियो।
- Claimed By : Tipline User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












