X
X

Fact Check : चूने से क्‍या सही हो सकती है ब्रेस्‍ट की गांठ, जानें एक्‍सपर्ट से

ब्रेस्‍ट की गांठें गंभीर हो सकती हैं, इसलिए ऐसी गांठों का इलाज डॉक्‍टर के परामर्श से ही करना चाहिए।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि महिलाओं के ब्रेस्‍ट में यदि कोई गांठ हो गई हो, तो उसे चूने से दूर किया जा सकता है। वीडियो में दिख रहे शख्‍स भारत स्‍वाभिमान आंदोलन से जुड़े राजीव दीक्षित हैं। उनका साल 2010 में निधन हो चुका है।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो में किए गए दावे की जांच की। इसमें पता चला कि ब्रेस्‍ट की गांठें गंभीर हो सकती हैं, इसलिए ऐसी गांठों का इलाज डॉक्‍टर के परामर्श से ही करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्‍योंकि कई बार ऐसे घरेलू नुस्खों के गंभीर कुपरिणाम भी हो सकते हैं। कई बार ऐसी गांठें कैंसर की भी हो सकती हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

Dr.ninbhalli नाम के एक इंस्‍टाग्राम हैंडल की ओर से 25 मई को वीडियो को शेयर किया गया। इसमें राजीव दीक्षित को यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “कोई भी गांठ शरीर के किसी हिस्‍से में हो गई है, तो सबसे अच्‍छी दवा है चूने का पानी। गांठ जो बनती हैं, कैल्शियम की कमी से। और चूने में भरपूर कैल्शियम है। सबसे सस्‍ता कैल्शियम का स्रोत है। माता बहनें के वक्षस्थल पर जितनी भी गांठें बनती हैं बेस्‍ट में ट्यूमर। वह सब आसानी से डिजॉल्व होगी। चूने का पानी है, दो तीन चम्‍मच दही में मिलाकर खओ। नहीं तो चूना ही खाओ। अब चूना खाने का क्‍या तरीका है। पान में लगाकर खा लो। दही में मिलाकर खा लो। पानी में मिलाकर खा लो। लेकिन करना है यह सब सबेरे-सबेरे।”

वायरल दावे को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड सर्च के जरिए राजीव दीक्षित के पुराने वीडियो को सर्च करना शुरू किया। हमें उनके ऑफिशियल यू-ट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। इस वीडियो में वे वही बात कह रहे हैं, जो वायरल वीडियो में सुना जा सकता है। लेकिन, इससे पहले राजीव दीक्षित कहते हैं, “आयुर्वेद तो यह कहता है कि शरीर में सभी गांठ कैंसर नहीं होती। यह बात याद रखना आप। हमारे शरीर के किसी हिस्‍से में कोई गांठ हो जाए, तो हमें लगता है कि कहीं कैंसर तो नहीं हो गया। डॉक्‍टर कई बार आपकी अज्ञानता का फायदा उठाते हैं। थोड़ी सी भी गांठ कहीं हो गई तो डॉक्‍टर कह देता है कि कैंसर है। इस गांठ को कटवाकर निकलवाओ। यदि वो कटवा दिया तो जरूर कैंसर हो जाएगा….”

3 दिसंबर 2023 के इस वीडियो में राजीव दीक्षित आगे वायरल वीडियो वाली बात कहते हैं।

विश्‍वास न्‍यूज इस वीडियो के आधार पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के डॉ. तरुण बत्रा और इंक्रेडिबल आयुर्वेदा कंपनी के संस्थापक व आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ अबरार मुल्तानी से संपर्क किया।

सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. तरुण बत्रा कहते हैं कि चूने से ब्रेस्‍ट की गांठों का इलाज संभव नहीं है। यदि ऐसी कोई भी गांठें दिखें या महसूस हों, तो अपने डॉक्‍टर से सलाह लेकर ही उचित इलाज करवाएं।

इंक्रेडिबल आयुर्वेदा कंपनी के संस्थापक व आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ अबरार मुल्तानी कहते हैं कि छोटी-मोटी गांठ के इलाज में चूने से कुछ लाभ हो सकता है, लेकिन यदि ब्रेस्‍ट में या शरीर के किसी भी अंग पर कोई गांठ लंबे समय से है, तो डॉक्‍टर की सलाह लेकर जरूरी जांच करवाना चाहिए, ताकि गांठ की गंभीरता पता चल सके। आंख मूंदकर ऐसे वीडियो के आधार पर खुद ही अपना इलाज करना घातक हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्‍योंकि कई बार गांठें कैंसर की भी हो सकती हैं और उसमें सही समय पर उपचार बहुत आवश्यक है।

प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) डॉक्‍टर यशली ठाकुर ने विश्‍वास न्‍यूज को बताया कि चूना (कैल्शियम हाइड्रॉक्साइड) का इस्तेमाल पहले पारंपरिक चिकित्सा के रूप में किया जाता था। लेकिन, इसे कैंसर रोधी उपाय के रूप में दावा करने वाले कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। कैंसर के प्रकार और चरण के आधार पर उपचार अलग-अलग होता है। इसलिए, बिना सबूत के ऐसी सामान्य राय देना जोखिम भरा हो सकता है।

भारत सरकार का स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने महिलाओं को सचेत करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि हमारे देश में स्तन कैंसर से पीड़ित महिलाएं काफी लापरवाही बरतती हैं। स्तन कैंसर के प्रति जागरुकता बेहद महत्वपूर्ण है। अपने नजदीकी जिला अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या स्वास्थ्य उप केंद्र पर गैर-संचारी रोग के बारे में सलाह लें और जांच करवाएं।

पड़ताल के अंत में भ्रामक पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि Dr. Nin Bhalli नाम के इस इंस्‍टाग्राम हैंडल को 56 हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। इस हैंडल पर इंटरनेट पर मौजूद वीडियो का काफी ज्‍यादा इस्‍तेमाल रील के रूप में किया जाता है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई। ब्रेस्‍ट में यदि कोई गांठ है, तो उसका इलाज चूना से नहीं करना चाहिए। इसके लिए तुरंत डॉक्‍टर की सलाह लेनी चाहिए।

  • Claim Review : ब्रेस्‍ट की गांठ का चूने से इलाज
  • Claimed By : IG Handel Dr. Nin Bhalli
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later