Fact Check: चीन के एक पुराने पुल को ध्वस्त किए जाने का वीडियो मुंबई के नाम से वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि यह वीडियो चीन के जियांग्शी प्रांत में एक पुराने पुल को ध्वस्त किए जाने का है, जिसे नए पुल के निर्माण के बाद ध्वस्त किया गया। वीडियो को अब मुंबई के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Jun 12, 2025 at 12:04 PM
- Updated: Jun 12, 2025 at 03:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुल को ब्लास्ट में ध्वस्त होते देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह मुंबई का वीडियो है, जहां 2 किलोमीटर लंबा ओवर ब्रिज टूट गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो भारत का नहीं, बल्कि चीन के एक ब्रिज का है, जिसे मुंबई का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। गौरतलब है कि चीन का यह वीडियो पुराने पुल को गिराए जाने का है। जिसे नए पुल के निर्माण के बाद ध्वस्त किया गया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ___father_sab_ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा हुआ है,”मुंबई में अचानक धरती हिलने के कारण 2 किलोमीटर लंबा ओवर ब्रिज टूट गया 7 करोड के लगभग नुक्सान हुआ
BJP sarkar ko बहुत बड़ा नुकसान हुआ “

पड़ताल
वायरल वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें CGTN Europe के यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 5 जून 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”यह वीडियो चीन का है, जहां एक पुराने पुल नए बने पुल से सिर्फ़ 3 मीटर की दूरी पर ध्वस्त किया गया था। “
सर्च के दौरान China Xinhua Sci-Tech के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर वीडियो शेयर किया हुआ मिला। 28 मई 2025 को शेयर वीडियो में बताया गया,पूर्वी चीन के जियांग्शी प्रांत में 1.15 किलोमीटर लंबे पुल को नियंत्रित विस्फोटों द्वारा ध्वस्त किया गया। इस दौरान नए बने पुल को कोई नुकसान नहीं हुआ।
Shanghai Daily 上海日报 के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर भी वीडियो मिला। 26 मई 2025 को शेयर वीडियो में इसे चीन का बताया गया है।

वायरल वीडियो हमें कई अन्य इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर अपलोड मिला। जिसमें इसे चीन का बताया गया है।
वीडियो को हमने मुंबई के स्थानीय पत्रकार वरुण सिंह को भेजा। उन्होंने बताया कि यहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। यह वीडियो मुंबई का नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। यूजर को 28 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि यह वीडियो चीन के जियांग्शी प्रांत में एक पुराने पुल को ध्वस्त किए जाने का है, जिसे नए पुल के निर्माण के बाद ध्वस्त किया गया। वीडियो को अब मुंबई के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : मुंबई में अचानक धरती हिलने के कारण 2 किलोमीटर लंबा ओवर ब्रिज टूट गया 7 करोड के लगभग नुक्सान हुआ
- Claimed By : Instagram user- ___father_sab_
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












