X
X

Fact Check : सोनम रघुवंशी की गिरफ़्तारी से जोड़कर वायरल किया जा रहा फर्जी रिचार्ज ऑफर का दावा

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोनम रघुवंशी की गिरफ़्तारी के बाद फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से फर्जी वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सोनम रघुवंशी की गिरफ़्तारी की ख़ुशी में तीन महीने का रिचार्ज फ्री दिया जा रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यूजर की प्रोफाइल के बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक कर किसी भी कंपनी का सिम रिचार्ज किया जा सकता है।

विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और इस दावे को फर्जी पाया। फ्री रिचार्ज के नाम से वायरल हो रहा लिंक फर्जी है।  

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर jobshain78 ने 10 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “सोनम गिरफ्तार, जियो, एयरटेल और वीआई यूजर्स को 3 महीने तक मिलेगा फ्री रिचार्ज।” वीडियो में व्यक्ति कह रहा है कि यूजर की प्रोफाइल के बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक कर किसी भी कंपनी का सिम रिचार्ज किया जा सकता है।

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले पोस्ट में बताये गए फ़ोन ऑपरेटर्स की वेबसाइट्स और सोशल मीडिया को जांचा। हमें कहीं भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसमें इस तरह के फ्री रिचार्ज दिए जाने की बात कही गई हो।

इसके बाद हमने सेफ्टी टूल्स की मदद से प्रोफाइल में मौजूद लिंक पर क्लिक किया। हमें लिंक mandartimes डॉट कॉम नाम की वेबसाइट की एक रिपोर्ट पर ले गया। रिपोर्ट में मुफ्त रिचार्ज का कोई लिंक नहीं था, मगर सस्ते रिचार्ज के कई लिंक्स थे। रिपोर्ट के बीच में लिखा था, लिंक पर क्लिक कर रिचार्ज करें। हमने अंग्रेजी के कुछ अल्फाबेट डाले और सबमिट किया। मैसेज आया कि रिचार्ज हो गया है। साफ़ है कि यह फर्जी स्कीम है, वरना अंग्रेजी के अल्फाबेट डालने पर रिचार्ज होने का कन्फर्मेशन नहीं आता।

हमने इस मामले की पुष्टि के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और राजस्थान सरकार की लोक शिकायत समिति के पूर्व आईटी कंसल्टेंट आयुष भारद्वाज से संपर्क किया। लिंक की जांच करने के बाद, भारद्वाज ने पुष्टि की यह एक क्लिकबेट लिंक है और उन्होंने किसी भी व्यक्तिगत जानकारी को साझा करने के खिलाफ चेतावनी दी, क्योंकि इसमें चोरी का अत्यधिक जोखिम है। उन्होंने आगे बताया कि “ऐसे क्लिकबेट से आपके मोबाइल डिवाइस में मैलवेयर आ सकता है, जिससे हमलावर संभावित रूप से नियंत्रण हासिल कर सकते हैं।”

वीडियो AI से बना हुआ लग रहा है, इसलिए हमने AI वीडियो डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन का इस्तेमाल करके इसकी जांच। टूल ने पाया कि वीडियो के AI से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत है।

क्या है सोनम रघुवंशी केस?

सोनम रघुवंशी केस इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हुई हत्या से जुड़ा है। आरोप है कि राजा की पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी और सुपारी किलर्स के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रची थी। सोनम को मेघालय पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।  इस घटना के संबंध में पूरी जानकारी यहाँ पढ़ सकते हैं ।

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर jobshain78 के लगभग 2 लाख फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोनम रघुवंशी की गिरफ़्तारी के बाद फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से फर्जी वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।

  • Claim Review : सोनम रघुवंशी की गिरफ़्तारी की ख़ुशी में तीन महीने का रिचार्ज फ्री दिया जा रहा है
  • Claimed By : Instagram user jobshain78
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later