Fact Check: दिल्ली के द्वारका में आग लगने की घटना को अहमदाबाद हादसे से जोड़कर किया जा रहा शेयर
दिल्ली के द्वारका की एक बिल्डिंग में 10 जून को आग लग गई थी। उस हादसे में इमारत से कूदने के कारण दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के वीडियो को अहमदाबाद हादसे का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 13, 2025 at 04:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अहमदाबाद में हुए प्लेन क्रैश के बाद सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हो रही हैं। इनमें कुछ वीडियो इमारत में आग लगने के भी हैं। विश्वास न्यूज ऐसे ही एक वीडियो की पड़ताल कर चुका है, जिसमें वीडियो भरूच की कंपनी में आग लगने की घटना का निकला।
अब सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि एक इमारत में आग लगी हुई है और कुछ लोग उससे कूद रहे हैं। यूजर्स इस वीडियो को प्लेन क्रैश के बाद इमारत में आग लगने और लोगों के कूदने का बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि इमारत में आग लगने का यह वीडियो दिल्ली के द्वारका का है। उस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसका अहमदाबाद हादसे से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Jitender Kumar Meena ने 13 जून को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया। इस पर लिखा है, “कल के प्लेन क्रेस के समय आदमी प्लेन से कूदते का वीडियो सामने आया है। ध्यान से देखिए इस वीडियो को रोंगटे खड़े हो जाएंगे अहमदाबाद प्लेन क्रैश का एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 10 जून को न्यूज स्टेशन यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसमें इसको दिल्ली के द्वारका में हुए हादसे का बताया गया है। इसके अनुसार, 10 जून की सुबह द्वारका में शब्द अपार्टमेंट की 7वीं मंजिल पर एक फ्लैट में आग लग गई थी।
भास्कर इंग्लिश की वेबसाइट पर 2 दिन पहले छपी स्टोरी में घटना से संबंधित वीडियो को जूम करके दिखाया गया है। इसके मुताबिक, दिल्ली के द्वारका स्थित एक इमारत की नौवीं मंजिल पर आग लग गई। इससे बचने के लिए एक व्यक्ति ने दो बच्चों के साथ छलांग लगा दी। इस हादसे में तीनों की मौत हो गई थी।
पीआईबी फैक्ट चेक ने भी इस वीडियो को दिल्ली के द्वारका में आग लगने की घटना का बताया है।
एअर इंडिया के एक्स हैंडल पर दी गई जानकारी के अनुसार, 12 जून को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट AI171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। 12 साल पुराना बोइंग विमान 242 लोगों को लेकर अहमदाबाद से उड़ा था। इनमें 230 यात्री और 12 क्रू मेंबर्स थे। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद यह क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार 241 की मौत हो गई है।
इस बारे में पश्चिमी दिल्ली में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर गौतम कुमार मिश्रा का कहना है कि यह वीडियो द्वारका में आग लगने की घटना का है।
दिल्ली की घटना के वीडियो को अहमदाबाद हादसे का बताने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जयपुर में रहने वाले यूजर के करीब 16 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली के द्वारका की एक बिल्डिंग में 10 जून को आग लग गई थी। उस हादसे में इमारत से कूदने के कारण दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के वीडियो को अहमदाबाद हादसे का बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : वीडियो को अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद इमारत में आग लगने का है।
- Claimed By : FB User- Jitender Kumar Meena
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












