X
X

Fact Check : सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने से जोड़कर Fake पोस्ट वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह पूरी तरह बेबुनियाद और फर्जी साबित हुई।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी को लेकर एक आपत्तिजनक पोस्‍ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि सोनिया गांधी अस्‍पताल में जब भर्ती थीं, तब उनके दोनों बच्‍चे उन्‍हें देखने नहीं गए।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह पूरी तरह बेबुनियाद और फर्जी साबित हुई। दरअसल सात जून को सोनिया गांधी की तबीयत शिमला में बिगड़ गई थीं। उसके बाद शिमला में उन्‍हें अस्‍पताल में दिखाया गया है। इसके कुछ दिन बात 15 जून को उन्‍हें दिल्‍ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिमला में प्रियंका गांधी साथ थीं, जबकि दिल्‍ली में खुद राहुल गांधी उनके साथ थे। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट झूठी साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर चित्रांश ने 25 जून को एक पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “सोनिया 12 दिन Hospital में भर्ती रही, परंतु बेटा और बेटी दोनो मे से कोई भी उसको देखने हॉस्पिटल नहीं पहुंचा। कैसे निर्लज्ज है दोनों??? भगवान उनके वोटरों को भी ऐसी ही औलादें दे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल करते हुए सोनिया गांधी के अस्‍पताल में भर्ती होने की खबरों को खोजना शुरू किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें जागरण डॉट कॉम पर 19 जून को प्रकाशित एक खबर मिली। इसमें बताया गया, “कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वह गत 15 जून को पेट संबंधी शिकायत के बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हुईं थी। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने कहा कि सोनिया गांधी की स्थिति अब बेहतर है और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।”

खबर में आगे लिखा गया, “बता दें, इससे पहले सात जून को भी उनकी तबीयत खराब हो गई थी। तब वह निजी दौरे पर शिमला गई थीं। बाद में जब वह दिल्ली पहुंची तो उन्हें नियमित जांच के लिए सर गंगाराम अस्पताल भी ले जाया गया था।”

सोनिया गांधी शिमला में प्रियंका गांधी के घर गईं थीं।

सर्च के दौरान इंडिया टीवी के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। 19 जून की इस रिपोर्ट में बताया गया कि सोनिया गांधी को अस्‍पताल से डिस्चार्ज कराने के लिए राहुल गांधी पहुंचे थे।

हमें कई एक्‍स हैंडल पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और गंगा राम अस्‍पताल के डॉक्‍टर्स की एक तस्‍वीर मिली। कई पत्रकारों ने भी इसे पोस्‍ट करते हुए बताया कि 19 जून को राहुल गांधी अपनी मां से मिलने अस्‍पताल पहुंचे थे।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्‍य गिरीश कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्‍ट को शेयर किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल पोस्‍ट पूरी तरह बेबुनियाद है। 19 जून को अपने जन्‍मदिन के दिन राहुल गांधी अस्‍पताल पहुंचे थे। उसी दिन सोनिया गांधी को डिस्चार्ज भी किया गया।

पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि चित्रांश नाम के यूजर को फेसबुक पर तीन हजार से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की जांच में सोनिया गांधी से जुड़ी वायरल पोस्‍ट फेक साबित हुई। सोनिया गांधी जब अस्‍पताल में भर्ती हुईं तो उनके बेटे राहुल गांधी वहां गए थे।

  • Claim Review : अस्‍पताल में सोनिया गांधी से मिलने राहुल या प्रियंका गांधी नहीं गए।
  • Claimed By : FB User Chitranash
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later