X
X

Fact Check: महक और परी का नहीं है यह वायरल वीडियो, संभल पुलिस ने किया था गिरफ्तार

बांग्लादेश में मई में एक युवक ने दो युवतियों को पीटा था। उस घटना के वीडियो को संभल पुलिस द्वारा पकड़ी गई महक और परी से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

Sambhal news, sambhal girls news, up news, Up police, Mehak Pari Arrest, Mehak Pari Instagram, Mehak Pari videos, Mehak Pari Hina Instagram

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रील्स बनाने के आरोप में संभल पुलिस ने महक और परी को गिरफ्तार किया था। अब इनसे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक को दो युवतियों को पीटते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को महक और परी का बताते हुए वायरल कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है, न कि भारत का। इस मामले में वहां की पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था। इस वीडियो का महक और परी से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर umrah9678 ने 15 जुलाई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर महक और परी की तस्वीर भी लगी हुई है। साथ में लिखा है, “रे मशहूर होने का कोई फायदा नहीं है, मुझे कोई भी मारने लग जाता है

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर @TheTreeni ने इस वीडियो को ढाका के मुंशीगंज का बताते हुए 11 मई को पोस्ट किया है।

11 मई को ढाका ट्रिब्यून की वेबसाइट पर इस बारे में खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स भी अपलोड किए गए है। खबर के अनुसार, पुलिस ने मुंशीगंज टर्मिनल पर दो युवतियों पर सार्वजनिक रूप से हमला करने के मामले में केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में नेहाल अहमद को मुख्य आरोपी बनाया गया है। साथ ही 20-25 अज्ञात व्यक्ति भी शामिल किए गए हैं। नेहाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट दी रिपोर्ट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इसमें भी वीडियो के कीफ्रेम को अपलोड किया गया है।

इस बारे में हमने बांग्लादेश के चैनल 21 न्यूज के रिपोर्टर मुशिर रहमान से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो ढाका के मुंशीगंज का है। आरोपी युवक खुद पुलिस थाने पहुंचा था, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

16 जुलाई को दैनिक जागरण के संभल संस्करण में छपी खबर के मुताबिक, असमौली थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रील्स पोस्ट करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बहनें महक और मेहरुल निशा उर्फ परी भी हैं।

16 जुलाई को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, संभल में अश्लील कंटेंट बनाने के आरोप में पकड़े गए महक, परी, हिना और जर्रार को चंदौसी कोर्ट ने जमानत दे दी है। चारों आरोपियों ने कोर्ट में अपनी गलती मानते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही है।

बांग्लादेश के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 69 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बांग्लादेश में मई में एक युवक ने दो युवतियों को पीटा था। उस घटना के वीडियो को संभल पुलिस द्वारा पकड़ी गई महक और परी से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : महक और परी को पब्लिक प्लेस पर युवक द्वारा बेल्ट से पीटने का वीडियो
  • Claimed By : Insta User- umrah9678
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later