Fact Check: बब्बर शेर का यह वीडियो देहरादून नहीं, जूनागढ़ का है
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की सड़क किनारे दिखे बब्बर शेर का वीडियो गुजरात के जूनागढ़ का है। वीडियो को देहरादून के नाम से गलत दावे से वायरल किया जा रहा है। वायरल वीडियो का देहरादून से कोई संबंध नहीं है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Aug 21, 2025 at 03:28 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में गाड़ियों में जाते लोगों को देखा जा सकता है। उसी समय सड़क के किनारे बब्बर शेर दिखाई देता है। कुछ यूजर्स इसे देहरादून का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो गुजरात के जूनागढ़ का है। जब बिलखा रोड पर जंगल के पास एक बब्बर शेर दिखाई दिया था। जिसे देहरादून के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘salmanmalik3617’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “देहरादून बाइक से जा रहे थे लोग, तभी जंगल से अचानक सड़क पर आया बब्बर शेर, फिर जो हुआ कंपा देगा रूह”
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल
हमने वीडियो की पड़ताल शुरू करते हुए सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। गाड़ियों की नंबर प्लेट पर GJ लिखा हुआ नजर आया। जिससे साफ है की यह वीडियो देहरादून का नहीं है। वीडियो के कमेंट सेक्शन में भी इस वीडियो को गुजरात का बताया गया है।
हमने अपनी जांच को आगे बढ़ाया और संबंधित कीवर्ड (गुजरात बब्बर शेर) कीवर्ड से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर अमर उजाला की वेबसाइट पर मिली। 8 अगस्त 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया,यह वीडियो गुजरात के जूनागढ़ के बिलखा रोड का है, जब जंगल से एक बब्बर शेर सड़क किनारे आ गया था।”
हमें इंडिया टुडे के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो मिला। वीडियो को 6 अगस्त 2025 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो गुजरात के जूनागढ़ का है।
नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर भी वीडियो से जुड़ी खबर प्रकाशित मिली। 8 अगस्त 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया, गुजरात के जूनागढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क किनारे एक बब्बर शेर दिखाई दे रहा है। शेर को देखकर राहगीर घबरा गए। कुछ लोगों वहां से चले गए और कई लोग वीडियो बनाने लगे।”
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
हमने वीडियो को दैनिक जागरण, जूनागढ़ के रिपोर्टर नरेंद्र अहीर के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया की यह वीडियो जूनागढ़ का है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला की यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग इंस्टाग्राम पर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया की सड़क किनारे दिखे बब्बर शेर का वीडियो गुजरात के जूनागढ़ का है। वीडियो को देहरादून के नाम से गलत दावे से वायरल किया जा रहा है। वायरल वीडियो का देहरादून से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : बब्बर शेर का यह वीडियो देहरादून का है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -salmanmalik3617
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












