Fact Check: राजीव गांधी ने नहीं कहा, उनके ‘पूर्वज मुस्लिम’ थे, FAKE है वायरल दावा
राजीव गांधी के 'पूर्वज के मुस्लिम' होने का दावा गलत है और इसके साथ से वायरल हो रहा इन्फोग्राफिक्स फेक है। राजीव गांधी ने कभी यह नहीं कहा कि उनके 'पूर्वज मुस्लिम' थे। सोशल मीडिया पर समय-समय पर नेहरू-गांधी के मुस्लिमों का वंशज होने का फेक और निराधारा दावा वायरल होता रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Aug 21, 2025 at 06:12 PM
- Updated: Aug 25, 2025 at 12:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की धार्मिक पहचान पर सवाल उठाती इन्फोग्राफिक्स को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान जब फारूक अब्दुल्ला ने राजीव गांधी को ‘हिंदू’ नेता के तौर पर संबोधित किया, तो उन्हें बीच में रोकते हुए राजीव गांधी ने कहा मेरे ‘पूर्वज मुसलमान’ थे, इसलिए मैं हिंदू नहीं बल्कि ‘मुस्लिम’ हूं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल दावा मनगढ़ंत और निराधार है। राजीव गांधी ने किसी सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। साथ ही राजीव गांधी के पिता का नाम फिरोज गांधी था और वे मुस्लिम नहीं बल्कि पारसी थे। फिरोज गांधी के नाम में ‘फिरोज’ होने की वजह से उनकी धार्मिक पहचान को लेकर इससे पहले भी ऐसा फेक दावा वायरल होता रहा है।
क्या है वायरल?
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर भी कई यूजर्स ने इस इन्फोग्राफिक्स को शेयर किया है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में किए गए दावे के आधार पर हमें सर्च में ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें ऐसे किसी कार्यक्रम का जिक्र हो, जिसमें राजीव गांधी ने खुद को ‘मुस्लिम’ बताया हो। राजीव गांधी के पिता का नाम फिरोज गांधी था और इस नाम में ‘फिरोज’ होने की वजह से अक्सर उनकी धार्मिक पहचान को लेकर गलत दावे किए जाते रहे हैं।
बताते चलें कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पति का नाम फिरोज गांधी था, जो पारसी थे। फिरोज गांधी के पिता का नाम जहांगीर फरदून था।
“Selected Works of Jawaharlal Nehru” पुस्तक में प्रकाशित नेहरू की एक चिट्ठी से भी इसकी पुष्टि होती है। इंदिरा गांधी और फिरोज गांधी की शादी के मामले में नेहरू की यह कोशिश थी कि शादी के बाद उनकी बेटी हिंदू रहे और दूल्हा पारसी। 16 मार्च 1942 को ‘लक्ष्मी धर’ को लिखी चिट्ठी में नेहरू अपनी बेटी इंदिरा गांधी की शादी के दौरान हो रही इन्हीं जटिलताओं का जिक्र करते हैं।

‘फिरोज गांधी: ए पॉलिटिकल बायोग्राफी’ में दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘फिरोज गांधी का जन्म 12 सितंबर 1912 को पारसी परिवार में हुआ था और उनके पिता का नाम जहांगीर फरदून और माता का नाम रतिमाई था।’

इससे पहले भी जब फिरोज गांधी की धार्मिक पहचान को लेकर फेक दावा वायरल हुआ था, तब हमने इसकी जांच की थी। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर नेहरू परिवार की वंशावली को लेकर यह दावा किया जाता रहा है कि नेहरू के पिता और दादा मुस्लिम थे। हकीकत में जवाहर लाल नेहरू हिंदू और कश्मीरी ब्राह्मण थे। नेहरू की गलत वंशावली को लेकर विश्वास न्यूज की फैक्ट चेक को यहां पढ़ा जा सकता है।
यानी हमारी जांच से स्पष्ट है कि राजीव गांधी के पूर्वज मुस्लिम नहीं थे और यह दावा सियासी दुष्प्रचार है।
इसके बाद वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने कांग्रेस को करीब से देखने वाले वरिष्ठ पत्रकार (सोनिया, ए बायोग्राफी और 24 अकबर रोड के लेखक) रशीद किदवई से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “राजीव गांधी ने कभी यह नहीं कहा कि उनके पूर्वज मुस्लिम थे। यह पूरी तरह से निराधार है।”
उन्होंने हमारे साथ एनडीटीवी.कॉम पर 20 अगस्त 2025 को प्रकाशित ओपिनियन को शेयर किया है, जिसमें राजीव गांधी के बारे में जिक्र है। इस लेख में ‘Dear to Behold – An Intimate Portrait of Indira Gandhi’ पुस्तक के हवाले से बताया गया है कि नेहरू ने अपने पोते का नाम ‘राजीव’ रखा क्योंकि संस्कृत में इसका मतलब कमल होता है और राजीव गांधी की दादी यानी नेहरू की पत्नी कमला (नेहरू) के नाम का भी यही मतलब होता है। लेख के मुताबिक, राजीव का पूरा नाम राजीवरत्न (‘रत्न’) था, और और ‘जवाहर’ नाम का अर्थ ‘रत्न’ ही है। इस तरह राजीव (गांधी) को अपने नाना और नानी दोनों का नाम विरासत में मिला।
नेहरू-गांधी परिवार से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: राजीव गांधी के ‘पूर्वज के मुस्लिम’ होने का दावा गलत है और इसके साथ से वायरल हो रहा इन्फोग्राफिक्स फेक है। राजीव गांधी ने कभी यह नहीं कहा कि उनके ‘पूर्वज मुस्लिम’ थे। सोशल मीडिया पर समय-समय पर नेहरू-गांधी के मुस्लिमों का वंशज होने का फेक और निराधारा दावा वायरल होता रहा है।
- Claim Review : राजीव गांधी ने कहा था कि वे हिंदू नहीं बल्कि उनके पूर्वज मुस्लिम थे।
- Claimed By : Tipline User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












