X
X

Fact Check: पीएम मोदी के समर्थन में निकाली गई रैली का यह वीडियो सिक्किम का है, नेपाल का नहीं

मई 2025 में सिक्किम में पीएम मोदी के समर्थन में रैली निकाली गई थी। उस रैली के वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।

Nepal, Nepal Protest, Nepal News, Sikkim News, PM Modi,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नेपाल में जेन-जी (Gen-Z) के हिंसक प्रदर्शन के बाद वहां अंतरिम सरकार गठित हो चुकी है। इस प्रदर्शन में 51 लोगों की मौत हुई है। नेपाल में हुए प्रदर्शन से जोड़कर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट भी वायरल हुई हैं। इनमें से कुछ विश्वास न्यूज की जांच में फेक साबित हुई हैं।

अब सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में निकाली गई एक रैली का वीडियो वायरल हो रहा है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह रैली नेपाल में लोगों ने निकाली है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पीएम मोदी के समर्थन में निकाली गई रैली का वीडियो सिक्किम का है। दरअसल, 29 मई 2025 को पीएम का सिक्किम दौरा प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम की वजह से कैंसल हो गया था। इस अवसर पर सिक्किम में पीएम मोदी के समर्थन में रैली निकाली गई थी। उस रैली के वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर team_modi_12 ने 11 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “देखो चमचों मोदी नेपाल में भी छाया हुआ है‚ तुम लोग डूब कर मर क्यों नहीं जाते आहुल … को साथ में लेकर के।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने इसे ध्यान से देखा। इसमें दिख रहे बैनर पर लिखा है कि सिक्किम का लिंबू ट्राइब्स सिक्किम में पीएम मोदी का स्वागत करता है।

इसके बाद हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया तो फेसबुक यूजर Chandra Hang Yakthungba के अकाउंट से 29 मई को एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें और वायरल वीडियो में दिख रहे लोग एक ही हैं। पोस्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, लिंबू ट्राइब्स पीएम मोदी का स्वागत करती है।

पोस्ट में Sukhim Yakthung Sapsok Songchumbho को भी टैग किया गया है। यह नाम वायरल वीडियो के बैनर में लिखा हुआ है। इस फेसबुक पेज से 30 मई से इस रैली का एक अन्य वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें और वायरल वीडियो में दिख रहे लोग एक ही हैं।

पोस्ट में जानकारी दी गई है कि लिंबू जनजाति सुखिम याकथुंग सपसोक सोंगचुंभो के बैनर तले पीएम मोदी के 29 मई के सिक्किम दौरे पर उनका स्वागत करने के उत्सुक थे, लेकिन खराब मौसम के कारण पीएम सिक्किम नहीं आ पाए। हालांकि, उन्होंने बागडोगरा से सिक्किम के लोगों को वर्चुअली संबोधित किया।

29 मई को लाइव मिंट की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, खराब मौसम के कारण पीएम मोदी सिक्किम के 50वें राज्य दिवस समारोह में गंगटोक नहीं जा पाएंगे। उन्होंने सुबह 10 बजे बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सिक्किम के लोगों को संबोधित किया।

इस बारे में हमने नेपाल के स्वतंत्र वरिष्ठ पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो नेपाल का नहीं है।

12 सितंबर को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, नेपाल पुलिस ने पुष्टि की है कि जेन-जी के हिंसक प्रदर्शन के दौरान अब तक 51 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से तीन पुलिसकर्मी और एक भारतीय नागरिक भी है। हालात नियंत्रित करने के लिए सुरक्षाबलों को चौक-चौराहों पर तैनात किया गया है।

13 सितंबर को आजतक में छपी खबर के मुताबिक, नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बाद 12 सितंबर की रात को वहां की पूर्व न्यायाधीश सुशीला कार्की ने नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। भारत ने नेपाल में बनी नई अंतरिम सरकार के गठन का स्वागत किया है।

सिक्किम के वीडियो को नेपाल का बताने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 34 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: मई 2025 में सिक्किम में पीएम मोदी के समर्थन में रैली निकाली गई थी। उस रैली के वीडियो को नेपाल का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : नेपाल में पीएम मोदी के समर्थन में निकाली गई रैली का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- team_modi_12
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later