Fact Check: आंसू गैस के गोले को कैच करते शख्स का वीडियो नेपाल का नहीं
आंसू गैस के गोले को कैच करते शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो नेपाल के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि पाकिस्तान का है और पुराना है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 12, 2025 at 03:10 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर नेपाल के प्रदर्शन से जोड़ते हुए एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक लड़का आंसू गैस के गोले को कैच कर दूसरी जगह पर फेंक देता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह हाल ही नेपाल में हुए जेन-जी प्रदर्शन का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो नेपाल के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि पाकिस्तान का है और पुराना है। साल 2022 में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी ने आजादी मार्च निकाला था। यह वीडियो उसी दौरान का है, जिसे अब लोग गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Adv Khaliulla Khan’ने 10 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “नेपाली प्रदर्शनकारी ने आँसू गैस के गोले को क्रिकेट बॉल की तरह कैच करके फेंक दिया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Gulf Today’ के आधिकारिक फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 26 मई 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो पाकिस्तान के एक प्रदर्शन का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘Propakistani’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 25 मई 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, लाहौर में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) के समर्थक आजादी मार्च निकाल रहे थे। इसी दौरान उनके और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े थे। तभी एक समर्थक ने उसे कैच कर दूर फेंक दिया था। रिपोर्ट में शख्स को पीटीआई का युवा कार्यकर्ता बताया गया है।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने पाकिस्तान के पत्रकार नैमत खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो पाकिस्तान का है और पुराना है।
आजतक की वेबसाइट पर 10 सितंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “नेपाल में उथल-पुथल और राजनीतिक अस्थिरता का दौर जारी है। राजधानी काठमांडू की सड़कों पर स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने सोशल मीडिया बैन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू किया था, लेकिन सिर्फ 24 घंटे में ही प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। अज्ञात हथियारबंद लोग विरोध प्रदर्शन का हिस्सा बनकर सरकार के खिलाफ हिंसा का रास्ता अपनाने लगे। हालात बिगड़ते देख नेपाल की सेना को हालात संभालने का जिम्मा सौंपा गया। हालांकि, प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने सेना से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन उस समय सेना ने हस्तक्षेप से इनकार कर दिया था। इसी के बाद ओली को इस्तीफा देना पड़ा और वे हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पर चले गए। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति भवन, संसद, सुप्रीम कोर्ट और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचकर आगजनी कर चुके हैं। कई मंत्रियों के घरों को भी निशाना बनाया गया। यहां तक कि उन्हें सड़कों पर पिटाई का सामना करना पड़ा।”
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 51 पहुंच गया है। विरोध प्रदर्शन के 5वें दिन 17 मौतों की पुष्टि हुई है।
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब सात हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि आंसू गैस के गोले को कैच करते शख्स के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो नेपाल के प्रदर्शन का नहीं, बल्कि पाकिस्तान का है और पुराना है।
- Claim Review : नेपाल में हुए प्रदर्शन के दौरान एक शख्स ने आंसू गैस के गोले को कैच कर दूसरी तरफ फेंका।
- Claimed By : FB User Adv Khaliulla Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












