Fact Check: किसान आंदोलन का पुराना वीडियो हालिया बताकर वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को भ्रामक पाया। किसान आंदोलन के नाम पर वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है। यह वीडियो दिसंबर 2024 का है, जिसे हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Nov 12, 2025 at 06:01 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें भीड़ को हाथों में झंडे लिए गाड़ियों के ऊपर और बेरिकेड्स को तोड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि नेपाल में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद किसानों ने भी आंदोलन शुरू कर दिया है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से पड़ताल की और दावे को गलत पाया। वीडियो दिसंबर 2024 का दिल्ली-नोएडा सीमा के पास किसानों के विरोध प्रदर्शन का है। जिसे अब हालिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Ramesh Singh paraste INC ने 10 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर किया है। कैप्शन में लिखा है,”GenZ के बाद किसानों का आंदोलन शुरू।”
वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने वीडियो का स्क्रीनशॉट निकाला और उसे गूगल लेंस से सर्च किया। हमें वीडियो @IndusNewsTV24 के यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 2 दिसंबर 2024 को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो नोएडा से दिल्ली कूच करने के दौरान का है।
हमें वीडियो से जुड़ी जानकारी siasat.com की एक खबर में मिली। रिपोर्ट को 2 दिसंबर 2024 को प्रकाशित किया गया है। खबर में बताया गया है,”शीतकालीन सत्र के बीच, भारतीय किसान परिषद (बीकेपी), किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) और संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) सहित किसान संगठनों ने सोमवार, 2 दिसंबर को संसद की ओर मार्च करने का फैसला किया है। नोएडा के महामाया फ्लाईओवर से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन पैदल और ट्रैक्टरों के ज़रिए संसद भवन की ओर बढ़ेगा। किसान कई मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, जिनमें नए कृषि कानूनों के तहत मुआवजा गारंटी, भूमिहीन किसानों के परिजनों को रोजगार के अवसर और पिछले भूमि अधिग्रहण कानून के तहत 10 प्रतिशत भूखंड आवंटन और मुआवज़े में 64.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी शामिल है।”
हमें वीडियो IANS के वेरिफाइड एक्स हैंडल पर भी मिला। 2 दिसंबर 2024 को शेयर वीडियो में बताया गया,”नोएडा: भूमिहीन किसानों के बच्चों के लिए रोजगार और बढ़े हुए मुआवजे की मांग को लेकर हज़ारों किसान नोएडा के महामाया फ्लाईओवर से दिल्ली के लिए मार्च करते हुए।”
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
हमने वीडियो को हमने ग्रेटर नोएडा के टीवी जर्नलिस्ट अरविंद उत्तम के साथ शेयर किया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो पुराना है और इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर को 25 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को भ्रामक पाया। किसान आंदोलन के नाम पर वायरल किया जा रहा वीडियो हालिया नहीं है। यह वीडियो दिसंबर 2024 का है, जिसे हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया है।
- Claim Review : GenZ के बाद किसानों का आंदोलन शुरू
- Claimed By : Fb user: Ramesh Singh paraste INC
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












