X
X

Fact Check: योगी आदित्यनाथ ने नहीं दी दिल्ली धमाके के बाद बिहार के मतदाताओं को धमकी, डीपफेक वीडियो वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो डीपफेक है। उन्होंने बिहार के मतदाताओं को ऐसी कोई धमकी नहीं दी थी।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Nov 13, 2025 at 02:31 PM
  • Updated: Nov 13, 2025 at 02:39 PM
Yogi

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिहार के मतदाताओं को धमकाते और चेतावनी देते सुना जा सकता है कि अगर उन्होंने भाजपा को वोट नहीं दिया, तो लाल किले के पास हुए विस्फोट जैसे हमले का सामना करना पड़ेगा।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो डीपफेक है। उन्होंने बिहार के मतदाताओं को ऐसी कोई धमकी नहीं दी थी।

क्या है वायरल?

फेसबुक यूजर Mohammed Ahsan ने 11 नवंबर 2025 को वायरल एडिटेड वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया।

वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने लिखा, “ब्रेकिंग न्यूज़: योगी ने अपने ही देश को अंजाम भुगतने की धमकी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नई दिल्ली बम धमाकों के बाद मंच पर आए और बिहार के लोगों को खुलेआम धमकी दी कि अगर आप दूसरे चरण में भाजपा को वोट नहीं देंगे, तो आपको ऐसे नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते।।”

पड़ताल

इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा। हमें कहीं भी ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे इस बात की पुष्टि होती हो कि योगी आदित्यनाथ ने ऐसी बोई बात कही है।

वायरल वीडियो में द प्रिंट का लोगो है। वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस का इस्तेमाल करके रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो द प्रिंट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 31 अक्टूबर 2025 को लाइव स्ट्रीम किया गया मिला। यहां बताया गया था कि यह बिहार के सिवान जिले में हुई योगी आदित्यनाथ की रैली का है। हमने पूरा वीडियो गौर से सुना। इस पूरे वीडियो में कहीं भी योगी आदित्यनाथ ने वायरल वीडियो वाली बात नहीं कही थी। साथ ही  दिल्ली ब्लास्ट 10 नवंबर को हुआ था और यह वीडियो इससे पहले का है।

हमने इस मामले में सिवान में दैनिक जागरण के रिपोर्टर प्रवीण कुमार से भी बात की। उन्होंने ने भी कन्फर्म किया कि सिवान में 31 अक्टूबर 2025 को हुई रैली में योगी आदित्यनाथ ने ऐसी कोई धमकी नहीं दी थी।

वायरल वीडियो को ठीक से देखने पर कई जगह ख़राब लिपसिंक दिखती है। साथ ही ऑडियो भी रोबोटिक लगता है।

हमें चेक करना था कि क्या इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है? पुष्टि के लिए हमने अपने पार्टनर, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन अलायन्स (TIA) की एक पहल है। DAU की विशेषज्ञ टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। टीम ने हमें बताया कि हाइव के ऑडियो डिटेक्शन टूल ने शुरुआती 10 सेकंड को छोड़कर पूरे ऑडियो ट्रैक में एआई से छेड़छाड़ का संकेत दिया है। साथ ही स्विस डीप-टेक कंपनी Aurigin.ai. ने भी इस क्लिप के ऑडियो को 100 प्रतिशत एआई जेनरेटेड  बताया।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी गलत लिपसिंक  और रोबोटिक आवाज का हवाला देते हुए कन्फर्म किया कि यह एआई से एडिट की गई क्लिप है।

बताते चलें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था और मतगणना 14 नवंबर को होनी है।  

विश्वास न्यूज द्वारा बिहार इलेक्शन के दौरान आ रही मिसइन्फॉर्मेशन के फैक्ट चेक्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Mohammed Ahsan के 400 से अधिक फॉलोअर्स  हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो डीपफेक है। उन्होंने बिहार के मतदाताओं को ऐसी कोई धमकी नहीं दी थी।

  • Claim Review : योगी आदित्यनाथ ने दी दिल्ली विस्फोट के बाद बिहार के मतदाताओं को धमकी
  • Claimed By : FB User Mohammed Ahsan
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later