X
X

Fact Check: बिहार चुनाव में ‘वोट चोरी’ की बात करते ‘खान सर’ का यह वीडियो डीपफेक है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खान सर (फैजल खान) का वायरल वीडियो, जिसमें उन्हें बिहार चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते दिखाया जा रहा है, डीपफेक है। ‘खान सर’ का असली वीडियो जुलाई 2024 का है, जब वे दिल्ली कोचिंग दुर्घटना के बाद पटना में अपने संस्थान के निरीक्षण को लेकर प्रेस से बात कर रहे थे; उस समय उन्होंने चुनाव में ‘वोट चोरी’ के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की थी।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस  (एनडीए) ने बड़ी जीत हासिल की, जिसके बाद नीतीश कुमार ने दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस बीच सोशल मीडिया पर मशहूर कोचिंग संचालक ‘खान सर’ (फैजल खान) का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर उन्हें बिहार चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक डीपफेक वीडियो है। वारयरल वीडियो में एआई निर्मित ऑडियो को ऊपर से जोड़ा गया है। असली वीडियो जुलाई 2024 का है और इसमें कोचिंग संचालक ‘खान सर’ (फैजल खान) दिल्ली कोचिंग दुर्घटना मामला को लेकर प्रेस से बात कर रहे थे।  

क्या है वायरल?

थ्रेड्स यूजर deepak_choudhary1616 ने 17 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा ”हमें राहुल गांधी जी के बातों पर विश्वास नहीं होता था, पर बिहार चुनाव से हमें भी लग रहा है कि वोट चोरी हुआ है: खान सर ”

पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखें।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें दावे की पुष्टि करती कोई भी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें यह वीडियो जुलाई 2024 में कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में मिला। यहां सुना जा सकता है कि वे दिल्ली कोचिंग दुर्घटना के बारे में बोल रहे थे। हमें यह पूरा वीडियो ज़ी बिहार झारखंड के फेसबुक और यूट्यूब पर 31 जुलाई 2024 को अपलोड मिला। पूरा वीडियो सुनने पर पता चलता है कि मामला जुलाई 2024 में दिल्ली के राजेंद्र नगर के कोचिंग सेंटर में हुई घटना के बाद का था, जब पटना के SDM की टीम खान सर की कोचिंग में जायजा लेने पहुंची थी। पूरे वीडियो को सुनकर साफ़ हो जाता है कि असली वीडियो में उन्होंने वोट चोरी को लेकर कोई बात नहीं की थी। साथ ही वीडियो बिहार इलेक्शन से पहले का है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को ध्यान से देखा। वायरल वीडियो में लिप सिंक सही नहीं है। वीडियो और ऑडियो में सामंजस्य काम है। जिससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एडिटेड या एआई की मदद से एडिट किया गया हो सकता है।

हमने वीडियो को बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर की मदद से चेक किया। इसके कई इंडिकेटर्स ने इस वीडियो में एआई छेड़छाड़ की 90 प्रतिशत से अधिक संभावना जताई।

पुष्टि के लिए हमने अपने पार्टनर, डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (DAU) से संपर्क किया, जो ट्रस्टेड इन्फॉर्मेशन एलायंस  (TIA) की एक पहल है। DAU की विशेषज्ञ टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। डिटेक्शन टूल हाइव AI डीपफेक डिटेक्टर ने 2 टाइमकोड पाए, जहां वीडियो ट्रैक के साथ AI का उपयोग करके छेड़छाड़ की गई है।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो में कई जगह मुंह वाले एरिया को  AI की मदद से एडिट किए जाने की पुष्टि की।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर deepak_choudhary1616 के 34 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खान सर (फैजल खान) का वायरल वीडियो, जिसमें उन्हें बिहार चुनाव में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते दिखाया जा रहा है, डीपफेक है। ‘खान सर’ का असली वीडियो जुलाई 2024 का है, जब वे दिल्ली कोचिंग दुर्घटना के बाद पटना में अपने संस्थान के निरीक्षण को लेकर प्रेस से बात कर रहे थे; उस समय उन्होंने चुनाव में ‘वोट चोरी’ के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की थी।

  • Claim Review : बिहार चुनाव में 'वोट चोरी' की बात करते ‘खान सर’
  • Claimed By : Threads user deepak_choudhary1616
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later