Fact Check: राजस्थान के पुराने वीडियो को बिहार चुनाव नतीजों के खिलाफ प्रदर्शन का बताकर फैलाया जा रहा है झूठ
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के खिलाफ किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान का सितंबर 2025 का वीडियो है, जिसे गलत दावे के साथ बिहार चुनाव के बाद का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 24, 2025 at 02:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आ चुके हैं और इनमें नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (एनडीए) ने बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद नीतीश कुमार ने एक बार फिर सीएम पद की शपथ ली। नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सड़क पर मशालें लेकर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को साझा करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि बिहार में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद लोग ‘वोट चोरी’ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और मशालें लेकर सड़कों पर उतर आए हैं।
विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की और इसे फर्जी पाया। यह वीडियो जयपुर, राजस्थान का है। इसमें नेता नरेश मीणा के समर्थकों द्वारा निकाला गया जुलूस दिखाया गया है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
थ्रेड्स यूजर dharmendra24572 ने 20 नवंबर 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “Vote चोरी के खिलाफ पटना में लोगों का विरोध प्रदर्शन वोट चोर गदी छोड़’’.
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें यह वीडियो rajasthan_meena_community नाम के इंस्टाग्राम पेज पर 25 सितम्बर 2025 को अपलोड मिला। साथ में लिखा था “हजारों युवाओं ने हाथों में मशाल थामकर यह संदेश दिया कि जब तक निर्दोष बच्चों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक यह आंदोलन थमेगा नहीं। यह सिर्फ़ एक जुलूस नहीं, बल्कि आवाज़ है उन मासूम आत्माओं की, जिनका भविष्य छीन लिया गया। आज जयपुर की रात गवाही बनी उस संकल्प की, जिसमें हर मशाल जलते हुए अन्याय के अंधेरे को चीरने का प्रण ले रही थी। न्याय की इस लड़ाई में हर युवा साथी कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।” यहां राजस्थान के नेता नरेश मीणा को टैग किया गया था और इसे उनके समर्थकों की रैली बताया गया था।

यूट्यूब पर भी हमें यह वीडियो नरेश मीणा के समर्थकों द्वारा निकाले गए जुलूस के दावे के साथ ही अपलोड मिला।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें जयपुर में हुए इस मशाल मार्च को लेकर कई खबरें मिलीं। एनडीटीवी की 25 सितंबर, 2025 की खबर के अनुसार “जयपुर की सड़कों पर नरेश मीणा के समर्थकों ने गुरुवार (25 सितंबर) रात सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला। नरेश मीणा पिछले 14 दिन से अनशन पर हैं। उनकी मांग है कि झालावाड़ के पीपलोदी स्कूल हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों को न्याय मिले। इसी मांग को मनवाने के लिए नरेश मीणा आमरण अनशन पर हैं। उन्हें समर्थन देने के लिए बेटा अनिरुद्ध मीणा, पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा समेत कई लोगों ने जुलूस निकाला। जयपुर के त्रिवेणी नगर चौराहा से लेकर गुर्जर की थड़ी तक सर्व समाज के लोग भारी तादाद में शामिल हुए।”
पत्रिका डॉट कॉम की 26 सितंबर, 2025 की खबर के अनुसार “युवा नेता नरेश मीणा ने शुक्रवार को करीब 15 दिन बाद पिपलोदी के बच्चों के हाथ से पानी पीकर अपने अनशन को समाप्त कर दिया है। नरेश मीणा ने झालावाड़ के पीपलोदी स्कूल हादसे में मारे गए बच्चों के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अनशन शुरू किया था। नरेश मीणा के अनशन को व्यापक जनसमर्थन भी मिला है। बीती रात उनके समर्थकों ने जयपुर की सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला, जिसमें सर्व समाज के लोग शामिल हुए।”
हमने वायरल वीडियो को लेकर दैनिक जागरण के जयपुर संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो जयपुर का है और यह जुलूस 25 सितंबर को निकाला गया था।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले थ्रेड्स यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर dharmendra24572 को तकरीबन साढ़े पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के खिलाफ किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है। यह राजस्थान का सितंबर 2025 का वीडियो है, जिसे गलत दावे के साथ बिहार चुनाव के बाद का बताकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : Vote चोरी के खिलाफ पटना में लोगों का विरोध प्रदर्शन
- Claimed By : Threads User dharmendra24572
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












