Fact Check: दुबई एयरशो में इंडियन एयरफोर्स के नाम पर इटली का वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज ने इस वायरल वीडियो की पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। वीडियो का दुबई एयरशो और भारतीय वायुसेना से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असल में इटली के जेसोलो एयर शो का है, जिसे सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Nov 25, 2025 at 03:16 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ फाइटर जेट्स को हवा में कलाबाजी करते और रंग-बिरंगे धुएँ से शानदार पैटर्न बनाते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर करते हुए कई यूजर दावा कर रहे हैं कि यह भारत की इंडियन एयरफोर्स का वीडियो है और यह प्रदर्शन हाल ही में हुए दुबई एयरशो 2025 में किया गया था। इन पोस्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि इस परफॉर्मेंस ने पूरे स्टेडियम को खड़े होकर तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
विश्वास न्यूज ने इस वायरल वीडियो की पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। वीडियो का दुबई एयरशो और भारतीय वायुसेना से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असल में इटली के जेसोलो एयर शो का है, जिसे सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
फेसबुक यूजर nyaysangharsh ने 23 नवंबर को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “दुबई एयरशो में इंडियन एयरफोर्स ने ऐसा दम दिखाया कि पूरा स्टेडियम खड़ा होकर तालियाँ बजाने लगा! सटीकता, ताकत, स्पीड और स्किल — यही कारण है कि IAF को दुनिया की सबसे शक्तिशाली एयरफोर्स में गिना जाता है। आज का शो सिर्फ एक परफॉर्मेंस नहीं… बल्कि भारत की हवाई शक्ति का गर्जन था! गर्व है कि हम उस देश के नागरिक हैं जिसकी एयरफोर्स आसमान को भी अपना मैदान बना देती है।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो ‘MR. YOUTUBE vlog ‘ नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 29 जून 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां बताया गया, यह इटली में हुए जेसोलो एयर शो का वीडियो है।
इसी बुनियाद पर सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो 1 जुलाई 2025 को इन्फो गेन हब नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। दी गई जानकारी के अनुसार, “28 जून 2025 के जेसोलो एयर शो में इटली की मशहूर टीम फ्रेचे त्रिकोलीरी ने हरे, सफेद और लाल धुएं से आसमान में इटली का झंडा बनाया। 1996 से यह उनका खास प्रदर्शन रहा है। जेसोलो एयर शो इटली का बड़ा एविएशन कार्यक्रम है और इसमें कई टीमें आती हैं, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण हमेशा फ्रेचे त्रिकोलीरी ही रहती है।”
29 जून 2025 पर Stefa Val नाम के एक यूट्यूब चैनल पर भी इस मौके का वीडियो मिला। यहां भी इस वीडियो को इटली के जेसोलो एयर शो का बताया गया है। इसी वीडियो को और भी कई यूट्यूब चैनल ने सामान दावे के साथ शेयर किया है।
इसके अलावा, जेसोलो एयर शो के सोशल मीडिया हैंडल्स और जेसोलो टूरिज़्म के पेजों को स्कैन करने पर भी यही वीडियो और इसी तरह के क्लिप मिलते हैं, जिससे यह साफ हो जाता है कि वायरल फुटेज वहीं का है।

जानकारी के अनुसार, जेसोलो एयर शो इटली के वेनिटो में स्थित शहर जेसोलो में आयोजित होता है और यह एक लोकप्रिय एविएशन कार्यक्रम है।
बता दें, दुबई एयरशो 2025 में भारतीय वायुसेना ने अपने तेजस लड़ाकू विमान का प्रदर्शन किया। इसी कार्यक्रम के दौरान तेजस का एक विमान डेमो फ्लाइट में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आईएएफ पायलट विंग कमांडर नमांश स्याल की मौत हो गई। वायुसेना ने हादसे की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी शुरू की है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलात को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, इस वीडियो का पिछले दिनों हुए दुबई एयरशो से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, इस एयर शो के बाद कई वीडियो इसी दावे से वायरल हो रहे हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर nyaysangharsh को 19 हजार लोग फॉलो करते हैं और उनकी प्रोफाइल के अनुसार वे मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने इस वायरल वीडियो की पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। वीडियो का दुबई एयरशो और भारतीय वायुसेना से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो असल में इटली के जेसोलो एयर शो का है, जिसे सोशल मीडिया पर गलत दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : यह भारत की इंडियन एयरफोर्स का वीडियो है और यह प्रदर्शन हाल ही में हुए दुबई एयरशो 2025 में किया गया था।
- Claimed By : FB User- nyaysangharsh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












