Fact Check: बिहार में बीजेपी के दफ्तर में आगजनी का दावा फेक, वायरल वीडियो नेपाल का है
विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। वायरल वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि नेपाल के बीरगंज का है, जहाँ जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने मेयर राजेश मान सिंह के घर में आग लगा दी थी। इस वीडियो को बिहार में बीजेपी दफ्तर में आगजनी के झूठे दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 28, 2025 at 01:16 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक बिल्डिंग में लगी आग को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में करोड़ों लोग प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी के दफ्तर में आग लगा दी है।
विश्वास न्यूज ने जांच में दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो नेपाल का है, जहां जेन ज़ी प्रदर्शनों के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह के घर में आग लगा दी थी। उसी वीडियो को अब बिहार के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर vishwajitkumarl3mn ने 17 नवंबर 2025 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “बिहार में मोदी का BJP दफ्तर फूका गया | करोड़ों लोग सड़क पर उतरे | Zen-Z बिहार का तैयार है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो आकाशगंगा टेलीविजन नाम के फेसबुक पेज पर 9 सितम्बर 2025 को अपलोड मिला। यहाँ इसे बीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह के घर में प्रदर्शन के दौरान लगी आग बताया गया था।

एक और नेपाली सोशल मीडिया पेज flopbirgunj ने भी इस वीडियो को 9 सितम्बर को अपलोड कर इसे बीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह के घर में लगी आग का बताया।

और भी कई सोशल मीडिया यूजर ने इस वीडियो को नेपाल के बीरगंज का बताते हुए सितंबर 2025 में शेयर किया था।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें बीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह के घर में लगी आग को लेकर कई खबरें मिलीं, जिनमें बताया गया कि जेन-जी प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बीरगंज के मेयर राजेश मान सिंह के घर और नगरपालिका कार्यालय में आग लगा दिया दी थी।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें कहीं भी बिहार में हुए ऐसे किसी प्रदर्शन या बीजेपी के किसी दफ्तर में आग लगाए जाने की कोई खबर नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो बिहार का नहीं है और वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर vishwajitkumarl3mn के इंस्टाग्राम पर 1200 से अधिक फ़ॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ। वायरल वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि नेपाल के बीरगंज का है, जहाँ जेन-जी प्रदर्शनकारियों ने मेयर राजेश मान सिंह के घर में आग लगा दी थी। इस वीडियो को बिहार में बीजेपी दफ्तर में आगजनी के झूठे दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : बिहार में बीजेपी के दफ्तर में आगजनी
- Claimed By : Instagram User vishwajitkumarl3mn
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












