X
X

Fact Check: बिहार चुनाव से पहले का है तेजस्वी यादव का आर्थिक सहायता देने का वीडियो, बुलडोजर कार्रवाई से कोई संबंध नहीं

बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव ने सारण जिले में सड़क हादसे के पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता दी थी। उस दौरान के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो का बुलडोजर कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है।

Tejashwi Yadav, bihar, bihar election result,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार चुनाव के बाद नीतीश कुमार की सरकार बन गई है। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई हुई थी। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तेजस्वी को लोगों को आर्थिक मदद देते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि तेजस्वी ने बुलडोजर कार्रवाई में घर टूटने वालों को 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि तेजस्वी का वायरल वीडियो बिहार चुनाव से पहले का है। दरअसल, सारण में सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलने के लिए तेजस्वी गए थे। वहां उन्होंने उनकी आर्थिक मदद की थी। उस समय के वीडियो को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर patnaqueenbr01 ने 14 दिसंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “तेजस्वी भैया हारने के बाद भी जिसका जिसका घर टूटा है उसका उसका आरएस30000 हजार का चेक दे रहे है।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक पेज Live Bihar Digital Network पर इससे मिलता-जुलता वीडियो 17 जून को अपलोड मिला। वीडियो न्यूज के अनुसार, सारण में तेजस्वी ने सड़क हादसे के पीड़ितों से मुलाकात कर उनको 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी।

वायरल वीडियो और न्यूज वीडियो में तेजस्वी की पोशाक और पास में खड़ा व्यक्ति एक ही है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 17 जून को छपी खबर में भी तेजस्वी के इस दौरे से संबंधित न्यूज पोस्ट की गई है। इसमें भी उस दौरान की वीडियो क्लिप को अपलोड किया गया है। खबर के अनुसार, तेजस्वी ने सारण के दिघवारा, दरियापुर और बनियापुर का दौरा किया। उन्होंने दिघवारा के सैदपुर गांव में सड़क हादसों में मरे पांच लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों को आर्थिक सहायता दी।

तेजस्वी के फेसबुूक पेज पर भी 17 जून को इस दौरे की तस्वीरें अपलोड करते हुए लिखा गया है कि सड़क हादसे में घायल 15 से अधिक पीड़ितों और पांच मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त करने के साथ ही आर्थिक सहायता की गई।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी का यह वीडियो बिहार चुनाव से पहले का है।

बिहार में 14 नवंबर को विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आया था, जिसके बाद नीतीश कुमार की सरकार बनी थी।

इंडिया टीवी के यूट्यूब चैनल पर 14 दिसंबर को अपलोड वीडियो न्यूज के मुताबिक, बिहार के कई जिलों में अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई हो रही है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 2600 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बिहार चुनाव से पहले तेजस्वी यादव ने सारण जिले में सड़क हादसे के पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता दी थी। उस दौरान के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। वायरल वीडियो का बुलडोजर कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : तेजस्वी ने बुलडोजर कार्रवाई में घर टूटने वालों को 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी है।
  • Claimed By : Insta User- patnaqueenbr01
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later