Fact Check: स्कैमर्स ने बनाया PM मोदी का AI ऑडियो, दो हजार रुपये भत्ते वाली स्कीम का दावा झूठा
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सरकार की ओर से सभी नागरिकों को प्रधानमंत्री योजना के तहत दो हजार का भत्ता देने का कोई एलान नहीं किया गया है। यह वायरल वीडियो एक ऑनलाइन स्कैम है। वीडियो में सुनाई देने वाली प्रधानमंत्री मोदी की आवाज AI-जेनरेटेड वॉइसओवर है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jan 8, 2026 at 01:25 PM
- Updated: Jan 8, 2026 at 02:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज जैसा सुनाई देने वाला एक ऑडियो (वॉइसओवर) है। इसमें दावा किया जा रहा है कि केंद्र सरकार एक नई योजना के तहत हर नागरिक के बैंक खाते में ₹2,000 की राशि जमा कर रही है। वीडियो में एक लिंक पर क्लिक करने को कहा जा रहा है और दावा किया जा रहा है कि कमल के फूल को क्लिक करने पर राशि सीधा अकाउंट में आएगी।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वायरल वीडियो एक ऑनलाइन स्कैम है। सरकार ऐसा कोई राशि वितरित नहीं कर रही है। वीडियो में सुनाई देने वाली प्रधानमंत्री मोदी की आवाज AI-जेनरेटेड वॉइसओवर है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘IND 2026’ ने 2 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “क्लिक करें और ₹2000 हासिल करें” वीडियो में पीएम मोदी का कथित वॉइसओवर है और उन्हें कथित तौर से बोलते सुना जा सकता है “मेरे प्यारे देशवासियों, आपके लिए सरकार ने 2000 रूपए का विशेष भत्ता जारी किया है। कमल के फूल को टच कीजिये और ‘गेट ऑफर’ पर क्लिक करिये। राशि सीधा आपके खाते में पहुंचेगी।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। हमें ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें यह बताया गया हो कि सरकार ने ऐसा कोई भत्ता जारी किया है।
हमने ‘माय स्कीम‘ और प्रेस सूचना ब्यूरो की आधिकारिक वेबसाइट को भी खंगाला, लेकिन हमें वहां पर भी इस स्कीम से जुड़ी कोई जानकारी या फिर प्रेस नोट नहीं मिला।
इसके बाद हमने वायरल पोस्ट में दिए गए लिंक को जांचा। किसी भी सरकरी वेबसाइट के यूआरएल के अंत में gov.in होता है, जबकि यहां दी गई वेबसाइट के अंत में डॉट XYZ है। इसी से साफ हो जाता है कि वायरल पोस्ट में कुछ गड़बड़ है।

अधिक जानकारी और वायरल पोस्ट में दिए गए लिंक की जांच के लिए हमने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और राजस्थान सरकार के पूर्व आईटी कंसल्टेंट आयुष भारद्वाज से संपर्क किया। लिंक की जांच करने के बाद उन्होंने बताया, “यह एक फिशिंग लिंक है। ऐसे असुरक्षित लिंक्स पर क्लिक करने से न सिर्फ आपके डेटा को चुराया जा सकता है, बल्कि आपके डिवाइस, खास तौर पर फ़ोन को क्लोन भी किया जा सकता है। जिससे आपके साथ फाइनेंशियल फ्रॉड भी आसानी से हो सकता है। ऐसे लिंक्स पर क्लिक करने से बचना चाहिए।”
अब ये तो साफ़ हो गया था कि पोस्ट में किया जा रहा दावा गलत है और इसमें इस्तेमाल युआरएल फिशिंग लिंक है। पर अब हमें पोस्ट में इस्तेमाल लिए गए वॉइसओवर को जांचना था। हमने इस ऑडियो को जांचने के लिए AI ऑडियो डिटेक्शन टूल्स का सहारा लिया।
हमने वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एडवांस्ड ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai की मदद से चेक किया। टूल ने ऑडियो के AI द्वारा निर्मित होने की 100 प्रतिशत संभावना जताई।

एक और ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन टूल ट्रुथ स्कैन ने भी वॉइसओवर के एआई निर्मित होने की 100 प्रतिशत संभावना जताई।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर IND 2026 के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 400 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सरकार की ओर से सभी नागरिकों को प्रधानमंत्री योजना के तहत दो हजार का भत्ता देने का कोई एलान नहीं किया गया है। यह वायरल वीडियो एक ऑनलाइन स्कैम है। वीडियो में सुनाई देने वाली प्रधानमंत्री मोदी की आवाज AI-जेनरेटेड वॉइसओवर है।
- Claim Review : केंद्र सरकार एक नई योजना के तहत हर नागरिक के बैंक खाते में ₹2,000 की राशि जमा कर रही है।
- Claimed By : FB User ‘IND 2026’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












