X
X

Fact Check: अमेरिकी सेना के रूसी तेल टैंकर को जब्त करने के दावे से वायरल वीडियो पुराना है

अमेरिकी सेना ने रूसी झंडे वाले तेल टैंकर समेत दो जहाजों को जब्त किया है, लेकिन जहाज के डेक पर उतरते सैनिकों का वायरल वीडियो पुराना है।

US Navy oil tanker video, US Russia oil tanker news, Viral Video, US Military, Russian Oil Tanker

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वेनेजुएला पर हमले के बाद अमेरिकी सेना ने उत्तरी सागर में रूसी झंडे वाले तेल टैंकर के साथ ही एक अन्य जहाज को जब्त किया है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सैन्य हेलीकॉप्टर से सैनिकों को जहाज पर उतरते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो वेनेजुएला से आ रहे रूसी झंडे वाले तेल टैंकर पर अमेरिकी सेना के कब्जे का है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि अमेरिकी सेना ने रूसी तेल टैंकर पर कब्जा तो किया है लेकिन वायरल वीडियो अक्टूबर 2025 का है, जब अमेरिकी नौसेना के जवानों ने राष्ट्रपति ट्रंप के सामने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था। उस वीडियो को हालिया घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर anchor_sanjay_yadav ने 8 जनवरी को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “Venezuela से आ रहे रूसी तेल टैंकर पर अमेरिका की नेवी ने कब्ज़ा कर लिया!

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। न्यूयार्क टाइम्स की वेबसाइट पर 7 जनवरी को छपी और 8 जनवरी को अपडेटेड खबर के मुताबिक, “अमेरिकी सेना ने 7 जनवरी को दो तेल टैंकरों पर कब्जा किया। इनमें से एक रूसी झंडे वाला जहाज भी है। अमेरिकी सेना ने एक बयान जारी कर कहा कि सुरक्षा बलों ने अमेरिकी प्रतिबंधों का उल्लंघन करने के आरोप में स्कॉटलैंड और आइसलैंड के बीच उत्तरी अटलांटिक में जहाज को ‘जब्त’ कर लिया है। जहाज में तेल नहीं था। वहीं, रूस के परिवहन मंत्रालय ने पुष्टि की कि अमेरिकी बलों ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में उस जहाज पर कब्जा कर लिया, जिसे हाल तक बेला 1 के नाम से जाना जाता था और अब मारिनेरा कहा जाता है।”

इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। साउथ चाइना मार्निंग पोस्ट की वेबसाइट पर 6 अक्टूबर 2025 को इससे संबंधित खबर छपी है। उसमें कीफ्रेम को देखा जा सकता है। इसका कैप्शन लिखा है, प्रदर्शन के दौरान अमेरिकी नौसेना की टीम एक अमेरिकी जहाज के डेक पर उतरी। खबर के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नौसेना की 250वीं सालगिरह पर वर्जीनिया के नॉरफॉक में अमेरिकी नौसेना की तारीफ की।

गेट्टी इमेजेज पर भी इस तस्वीर को देखा जा सकता है। कैप्शन में लिखा है, “5 अक्टूबर 2025 को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप के लिए एक प्रदर्शन के दौरान US नेवी सील टीम USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश एयरक्राफ्ट कैरियर के डेक पर उतरी। यह एयरक्राफ्ट कैरियर नॉरफॉक, वर्जीनिया के पास समुद्र में था।”

इंस्टाग्राम यूजर aviationdiaryhd ने 6 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, “नौसेना की 250 साल की बेहतरीन सेवा का जश्न मनाते हुए नेवी सील्स ने राष्ट्रपति ट्रंप और फर्स्ट लेडी के सामने USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश पर लाइव-फायर शक्ति प्रदर्शन किया।”

इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो रूसी झंडे वाले तेल टैंकर पर कब्जे का नहीं है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण की तरफ से विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना ने दो तेल टैंकरों पर कब्जा किया है।

पुराने वीडियो को हालिया घटना से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 21 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: अमेरिकी सेना ने रूसी झंडे वाले तेल टैंकर समेत दो जहाजों को जब्त किया है, लेकिन जहाज के डेक पर उतरते सैनिकों का वायरल वीडियो पुराना है।

  • Claim Review : यह वीडियो वेनेजुएला से आ रहे रूसी झंडे वाले तेल टैंकर पर अमेरिकी सेना के कब्जे का है।
  • Claimed By : Insta User- anchor_sanjay_yadav
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later