Fact Check: राहुल गांधी ने पिता की समाधि से पैसे नहीं फूल उठाए थे, दुष्प्रचार की मंशा से वायरल हो रहा एडिटेड वीडियो
विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी का अपने पिता राजीव गांधी की समाधि से पैसे उठाने का दावा पूरी तरह झूठा और निराधार है। वायरल क्लिप राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से संबंधित है, जब श्रद्धांजलि देने गए राहुल गांधी ने 'वीर भूमि' पर अपने पिता की समाधि से पैसे नहीं, बल्कि फूलों की कुछ पंखुड़ियों को अपनी जेब में रख लिया था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 20, 2026 at 03:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राहुल गांधी के एक वायरल वीडियो क्लिप को लेकर दावा किया जा रहा है कि वे समाधि पर चढ़े पैसे भी उठाकर अपनी जेब में रख लेते हैं। सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो को शेयर किया गया है। कई यूजर्स ने विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर (+91 9599299372) पर भी इस वीडियो को भेजा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इसे फेक पाया। वायरल वीडियो वास्तविक घटना से संबंधित है, लेकिन इसे राहुल गांधी के खिलाफ दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। यह वीडियो राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल पर आयोजित कार्यक्रम से संबंधित है, जब राहुल गांधी ने उनकी समाधि से एक फूल उठाकर अपनी जेब में रख लिया था।
क्या है वायरल?
Pसोशल मीडिया यूजर्स ‘Kamta Kashyap Nishad’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “ये तो समाधि पर चढ़े पैसे भी उठा लेता है…ये प्रधानमंत्री बनेगा।”
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर भी कई यूजर्स ने इस स्क्रीनशॉट को शेयर किया है। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के साथ किए गए दावे की सच्चाई का पता लगाने के लिए इस वीडियो के ऑरिजिनल स्रोत को ढूंढना जरूरी था। वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें इस क्लिप का ऑरिजिनल वीडियो वेनिषा जी किबा की आधिकारिक एक्स प्रोफाइल पर मिला, जिसे 21 मई 2025 को शेयर किया गया है।
वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया है, “बेहद इमोशनल वीडियो…राहुल गांधी जी ने अपने पिता राजीव गांधी जी को श्रद्धांजलि देने के बाद वीर भूमि से कुछ फूलों की पंखुड़ियां उठाईं।”
इसी आधार पर सोशल मीडिया सर्च में हमें यह वीडियो उत्तराखंड कांग्रेस के एक्स हैंडल पर भी मिला। इसे 21 मई 2025 को पोस्ट करते हुए लिखा गया कि राहुल गांधी द्वारा राजीव गांधी जी की याद में समाधि से उठाया एक फूल बहुत कुछ कह गया।
यह वीडियो हमें कांग्रेस की राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक सुप्रिया भारद्वाज के एक्स हैंडल पर भी मिला। वीडियो के साथ लिखा गया है, “एक भावुक लम्हा। जब आंखें तक नम हो गई। नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज अपने पिताजी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की समाधि से एक फूल उठाकर अपनी जेब में रख लिया।”
यह पहली बार नहीं, जब इस वीडियो क्लिप को समान दावे के साथ शेयर किया गया है। इससे पहले भी इस वीडियो को सियासी दुष्प्रचार की मंशा के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था और तब विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की थी। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
पिछले साल जब यह वीडियो वायरल हुआ था, तब हमने इसे लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था, “राहुल गांधी ने राजीव गांधी की समाधि वीर भूमि से पुष्पों को अपनी जेब में रखा था, लेकिन संकुचित मानसिकता वाले वीडियो को झूठे दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।”
वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब बीस हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह स्पष्ट होता है कि राहुल गांधी का अपने पिता राजीव गांधी की समाधि से पैसे उठाने का दावा पूरी तरह झूठा और निराधार है। वायरल क्लिप राजीव गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित कार्यक्रम से संबंधित है, जब श्रद्धांजलि देने गए राहुल गांधी ने ‘वीर भूमि’ पर अपने पिता की समाधि से पैसे नहीं, बल्कि फूलों की कुछ पंखुड़ियों को अपनी जेब में रख लिया था।
- Claim Review : राहुल गांधी ने समाधि से उठाए पैसे।
- Claimed By : FB User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












