X
X

 Fact Check: बिहार के पर्यटन मंत्री का नहीं है बेटियों के साथ हिजाब वाला वायरल फोटो

विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति केरल बीजेपी के नेता कृष्ण कुमार हैं, न कि बिहार के पर्यटन मंत्री। उनकी बेटियों ने अबू धाबी की ग्रैंड मस्जिद के अनिवार्य ड्रेस कोड का पालन करने के लिए अबाया पहना था।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Jan 27, 2026 at 01:52 PM
  • Updated: Jan 27, 2026 at 04:35 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज़)। सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक नेता और उनकी बेटियों की तस्वीर वायरल हो रही है। इस फोटो में युवतियों को हिजाब (अबाया) पहने देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह बिहार के पर्यटन मंत्री हैं, जिन्होंने दुबई जाते ही अपनी बेटियों को हिजाब पहना दिया। सोशल मीडिया यूजर्स इसे “ऑनलाइन राष्ट्रवाद और ऑफलाइन सुविधा” बताते हुए तंज कस रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज़ ने विस्‍तार से इसकी जांच की। दावा गलत साबित हुआ। तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति बिहार के पर्यटन मंत्री नहीं, बल्कि केरल के बीजेपी नेता और अभिनेता कृष्ण कुमार हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Sunny Ram ने 26 जनवरी 2026 को इस तस्वीर को अपलोड करते हुए लिखा, “बीजेपी नेता कृष्ण कुमार, बिहार के पर्यटन मंत्री, देश में हिंदुत्व की बातें करते हैं। दुबई पहुँचते ही बेटियों को हिजाब पहना दिया। जबकि UAE में हिजाब कोई ज़रूरी नियम नहीं है। ऑनलाइन राष्ट्रवाद, ऑफलाइन सुविधा। नाम वही है, सोच जगह देख कर बदल जाती है।”

पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने सबसे पहले वायरल दावे में बताए गए पद की जांच की। हमने बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट और हालिया खबरों को खंगाला। जांच में पता चला कि वर्तमान में बिहार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद हैं।

पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण, पटना के वरिष्ठ संवाददाता रमन शुक्ला से संपर्क किया। उन्होंने  पुष्टि करते हुए कहा, “तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति बिहार के पर्यटन मंत्री नहीं हैं। बिहार के पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी अरुण शंकर प्रसाद संभाल रहे हैं।”

इसके बाद हमने वायरल फोटो को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें यह तस्वीर कई पुरानी मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट्स में मिली। ख़बरों के अनुसार तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति केरल के बीजेपी नेता कृष्ण कुमार हैं।

वर्तमान में बिहार के पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद हैं। वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति केरल के बीजेपी नेता कृष्ण कुमार हैं। दोनों नेताओं के नाम और चेहरों के बीच का अंतर नीचे दिए गए कोलाज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है

वायरल तस्वीर हमें OneIndia द्वारा 11 मार्च 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट के अनुसार, वायरल तस्वीर केरल के बीजेपी नेता और अभिनेता कृष्ण कुमार की है, जिसमें वे अपनी बेटियों दीया और ईशानी के साथ नजर आ रहे हैं।

जांच के दौरान हमें कृष्ण कुमार की बेटी दीया  कृष्णा के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 15 मार्च 2022 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला, जिसका शीर्षक था “Grand Mosque | Abu Dhabi | Diya Krishna | First time in Abaya” है। इसमें वायरल तस्वीर थंब इमेज में देखी जा सकती है। वीडियो के शुरुआती हिस्से में 01:39 के टाइमलाइन पर दिया बताती हैं कि वे अबू धाबी की शेख जायद ग्रैंड मस्जिद घूमने जा रही हैं। यहाँ उन्होंने स्पष्ट किया है कि मस्जिद में प्रवेश के लिए एक विशिष्ट ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने इसकी तुलना तिरुवनंतपुरम के श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के नियमों से करते हुए कहा कि मस्जिद में प्रवेश से पहले अबाया पहनना जरूरी है, जिसे उन्होंने मस्जिद जाने से पहले खरीदा था।

शेख जायद ग्रैंड मस्जिद सेंटर की ऑफिशियल वेबसाइट पर विजिटर्स के लिए स्वीकार्य ड्रेस कोड बताया गया है। गाइडलाइंस में कहा गया है: “महिलाएं किसी भी तरह के कपड़े चुन सकती हैं, बशर्ते वे ढीले-ढाले हों, टखनों तक पहुंचते हों, और उनकी आस्तीन कलाई तक हो। पूरे बाल ढके होना भी ज़रूरी है, और पारदर्शी, टाइट-फिटिंग, या रिवीलिंग कपड़े पहनने से बचना चाहिए।”

पड़ताल के अंत में हमने फेसबुक यूजर Sunny Ram की जांच की। पता चला कि यूजर को 86 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति केरल बीजेपी के नेता कृष्ण कुमार हैं, न कि बिहार के पर्यटन मंत्री। उनकी बेटियों ने अबू धाबी की ग्रैंड मस्जिद के अनिवार्य ड्रेस कोड का पालन करने के लिए अबाया पहना था।

  • Claim Review : यह बिहार के पर्यटन मंत्री हैं, जिन्होंने दुबई जाते ही अपनी बेटियों को हिजाब पहना दिया।
  • Claimed By : FB User Sunny Ram
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later