Fact Check: सुरक्षाबलों की गाड़ी पर हमले का वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं, बल्कि पाकिस्तान का है
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। वे वहां गश्त कर रहे हैं। हालांकि, सुरक्षाबलों की गाड़ी पर पथराव करने वाला वीडियो पाकिस्तान का है। इसका पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 10, 2026 at 05:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल समेत असम, केरलम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में चुनाव हो रहे हैं। असम, केरलम और पुडुचेरी में मतदान हो चुका है, जबकि पश्चिम बंगाल में होना है। चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। इससे जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कई लोगों को सुरक्षाबलों की एक गाड़ी पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर यह दावा कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में मुस्लिमों ने सेना की गाड़ी पर हमला किया।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि वीडियो पाकिस्तान का है। वायरल वीडियो का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है। इस वीडियो को शेयर कर गलत दावा किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘snaatni_haryana’ ने 5 अप्रैल 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल में सेना पर हमला।”

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर गूगल लेंस से सर्च किया। ‘الجزيره پښتو‘ नाम के फेसबुक पेज से इस वीडियो को 13 अक्टूबर 2025 को पोस्ट किया गया था। इसके साथ में लिखा है, “लाहौर में तहरीक-ए-लब्बैक और पुलिस के बीच टकराव बढ़ गया है। फर्क इतना है कि काबुल में गले में फूल डालते हैं और लाहौर में पत्थर फेंकते हैं।”

वीडियो के साफ वर्जन में हमें पथराव की जा रही गाड़ी पर ‘RMP (Riot Management Police)’ लिखा दिखा।

गूगल पर सर्च करने पर पता चला कि यह पाकिस्तान के पंजाब पुलिस की स्पेशल यूनिट है। फेसबुक पेज ‘Riot Management Police‘ पर इसकी जानकारी देखी जा सकती है।

वीडियो में एक दुकान पर ‘लवली ड्रिंक कॉर्नर’ लिखा हुआ है। इस बारे में गूगल पर सर्च किया गया तो पता चला कि यह पाकिस्तान के लाहौर की लोकेशन है। गूगल पर इसकी लोकेशन देखी जा सकती है।

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और गूगल मैप के स्क्रीनशॉट में मौजूद दोनों जगहों में समानता देखी जा सकती है।

क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में 23 और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होगा। वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी।
न्यूज एजेंसी ‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर 8 अप्रैल 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, “चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में सेंट्रल फोर्स की 150 और कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है, जिससे कुल संख्या 2,550 हो जाएगी। यह कदम अमित शाह की अगुवाई वाली केंद्रीय गृह मंत्रालय के साथ तालमेल के बाद उठाया गया है, जिसने राज्य में और लोगों को भेजने की मंजूरी दे दी है। शुरुआत में राज्य में सेंट्रल फोर्स की 480 कंपनियां तैनात की गई थीं। 19 मार्च को केंद्र ने और 1,920 कंपनियों की तैनाती की घोषणा की, जिन्हें 17 अप्रैल तक तैनात किया जाना था। ये पहले ही राज्य में पहुंच चुके हैं और अलग-अलग इलाकों में रूट मार्च और पेट्रोलिंग के साथ एरिया डॉमिनेशन एक्सरसाइज कर रहे हैं। 8 अप्रैल को केंद्र ने स्पष्ट किया कि 150 और कंपनियां भेजी जाएंगी, और उन्हें 18 अप्रैल तक राज्य में ऑपरेशनल होने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें से 95 कंपनियां सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) की होंगी, जबकि बाकी मिजोरम, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों की स्पेशल आर्म्ड पुलिस यूनिट्स से लिए जाएंगे।”

असम, केरलम और पुडुचेरी में 9 अप्रैल 2026 को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ। असम में 85.38%, केरलम में 78.03% और पुडुचेरी में 89.83% मतदान हुआ।
इस बारे में हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर जेके बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो यहां का नहीं है। यहां सेना की गाड़ी पर पथराव का कोई मामला सामने नहीं आया है।
पाकिस्तान के वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। दिसंबर 2025 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट से एक खास विचारधारा से प्रभावित पोस्ट की जाती हैं। यूजर के 13 हजार 500 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। वे वहां गश्त कर रहे हैं। हालांकि, सुरक्षाबलों की गाड़ी पर पथराव करने वाला वीडियो पाकिस्तान का है। इसका पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : पश्चिम बंगाल में मुस्लिमों ने सेना की गाड़ी पर हमला किया।
- Claimed By : Insta User- snaatni_haryana
- Fact Check : झूठ
- Facebook Post of الجزيره پښتو, Dated 13 October 2025
- Facebook Page of Riot Managemnet Police
- Google Map
- CEO West Bengal Webiste
- Report of UNI India, Dated 8 April 2026
- X Post of ECISVEEP, Dated 9 April 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












