Fact Check: नोएडा में हुए मजदूरों के प्रदर्शन का नहीं, ठाणे की केमिकल फैक्ट्री में आग लगने का है यह वीडियो
फैक्ट्री में आग लगने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के नोएडा का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र का है। दरअसल मार्च 2026 में महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक केमिकल कंपनी में आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 15, 2026 at 02:52 PM
- Updated: Apr 15, 2026 at 06:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर कुछ दिनों से चल रहा श्रमिकों का प्रदर्शन 13 अप्रैल 2026 को उग्र हो गया। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। इससे जोड़कर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बिल्डिंग में भीषण आग लगी हुई है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह नोएडा के सेक्टर-62 का है, जहां प्रदर्शनकारियों ने एक बिल्डिंग को आग के हवाले कर दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के नोएडा का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र का है। दरअसल मार्च में महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक केमिकल कंपनी में आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ‘report bharat’ ने 13 अप्रैल 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “नोएडा में हिं#सक उपद्रव, प्रदर्शनकारियों ने लगाई आ#ग।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य यूजर भी इसी वीडियो को शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने उसके कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘_gautam_waghmare_’ नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 9 मार्च 2026 को शेयर किया गया था। मराठी भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के अंबरनाथ में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘maharashtra times’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 मार्च 2026 को प्रकाशित किया गया था। मराठी भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना ठाणे के अंबरनाथ के आनंदनगर के इंडस्ट्रियल एरिया की है। वहां श्री गणेश नाम की एक केमिकल कंपनी में भीषण आग लग गई थी।

जांच के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 10 मार्च 2026 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, फैक्ट्री में काफी भारी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था। इसी कारण एक ड्रम में अचानक आग लग गई और केमिकल के कारण धमाके होने शुरू हो गए। हालांकि, फायर बिग्रेड की गाड़ियां समय से आ गई थीं और आग पर काबू पा लिया गया था। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई थी।
अधिक जानकारी के लिए हमने महाराष्ट्र के स्वतंत्र पत्रकार वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह करीब एक महीने पहले ठाणे में हुई एक घटना का है। यह केमिकल फैक्ट्री में आग लगने का वीडियो है।
क्या है संदर्भ?
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 15 अप्रैल 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, वेतन में वृद्धि की मांग को लेकर नोएड के सेक्टर 62 से मजदूरों ने प्रदर्शन करना शुरू किया था। देखते ही देखते प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। श्रमिकों ने जगह-जगह जमकर उपद्रव करना शुरू कर दिया। मजदूरों ने प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी की और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं संपत्ति तोड़फोड़ जैसी घटना भी सामने आई। इसे लेकर पुलिस ने 300 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है और सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। साथ ही वॉट्सएप ग्रुप्स की जांच की जा रही है।
मनी कंट्रोल की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन के हिंसक रूप लेने के एक दिन बाद न्यूनतम मजदूरी में लगभग 21 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। सैलरी बढ़ाने के अलावा सरकार ने मजदूरों की अन्य प्रमुख मांगें भी मान ली है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस इंस्टाग्राम यूजर को चार लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फैक्ट्री में आग लगने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश के नोएडा का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र का है। दरअसल मार्च 2026 में महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित एक केमिकल कंपनी में आग लग गई थी। यह वीडियो उसी घटना का है, जिसे अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : नोएडा में प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने जलाई फैक्ट्री।
- Claimed By : Inst User report bharat
- Fact Check : झूठ
- Inst User gautam_waghmare, Posted on 9 Mar 2026
- News Report by Maharashtra Times, Published on 9 Mar 2026
- News Report by TOI, Published on 10 Mar 2026
- News Report by Dainik Jagran, Published on 15 Apr 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












