X
X

Fact Check: तमिलनाडु में राहुल गांधी ने नहीं किया AIADMK का प्रचार, आधा-अधूरा वीडियो झूठे दावे के साथ वायरल

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो आधा-अधूरा है। राहुल गांधी ने AIADMK और भाजपा पर निशाना साधते हुए अपना भाषण दिया था, लेकिन वायरल वीडियो में राहुल के बयान का आगे और पीछे का हिस्सा एडिट करके हटा दिया गया। इसके कारण राहुल गांधी के बयान का मतलब ही बदल गया।

  • By: Ashish Maharishi
  • Published: Apr 23, 2026 at 04:07 PM
  • Updated: Apr 28, 2026 at 02:11 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। तमिलनाडु में 2026 के विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) की तारीफ करते हुए सुना जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को इस दावे के साथ वायरल कर रहे हैं कि चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी अपने सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की जगह भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी एआईएडीएमके पार्टी की तारीफ करने लगे।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह दावा फर्जी साबित हुआ। राहुल गांधी के भाषण के एक हिस्से को एडिट करके गलत मंशा के साथ वायरल किया गया। वायरल वीडियो एडिटेड है। राहुल गांधी ने AIADMK और भाजपा पर निशाना साधते हुए अपना भाषण दिया था, लेकिन वायरल वीडियो में राहुल के बयान का आगे और पीछे का हिस्सा एडिट करके हटा दिया गया। इसके कारण राहुल गांधी के बयान का मतलब ही बदल गया।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘जितेंद्र सिंह’ ने 21 अप्रैल 2026 को राहुल गांधी का वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। साथ में लिखा कि डीएमके ने राहुल गांधी को तमिलनाडु में आकर चुनाव प्रचार करने के लिए मना कर दिया है। क्योंकि भाजपा के साथ एआईएडीएमके का गठबंधन है, जबकि राहुल गांधी उसी की तारीफ करके प्रचार कर रहे हैं।

वायरल वीडियों में राहुल गांधी को अंग्रेजी में यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “एआईएडीएमके ने तमिलनाडु की प्रगति में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और उसके पास ऐसे नेता थे जो वास्तव में वहां की जनता का प्रतिनिधित्व करते थे।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के बारे में पता लगाने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। हमें ‘इकोनॉमिक टाइम्‍स’ की वेबसाइट पर एक खबर मिली। 20 अप्रैल 2026 की इस खबर में बताया गया कि राहुल गांधी ने तमिलनाडु में चुनावी सभा को संबोधित किया। खबर में हमें वह हिस्सा भी मिला, जो वायरल वीडियो में मौजूद है। राहुल गांधी के हवाले से अंग्रेजी में लिखा गया, “एआईएडीएमके ने तमिलनाडु की प्रगति में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और उसके पास ऐसे नेता थे जो वास्तव में वहां की जनता का प्रतिनिधित्व करते थे। आज यह पार्टी खोखली पड़ चुकी है और भाजपा के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है। भ्रष्टाचार के कारण इसका नेतृत्व आत्मसमर्पण कर चुका है।”

वायरल वीडियो में से बाद के और पहले के हिस्से को हटा दिया गया और राहुल गांधी का आधा-अधूरा बयान शेयर कर झूठ फैलाया गया।

सर्च के दौरान हमें राहुल गांधी का पूरा बयान उनके यूट्यूब चैनल पर अपलोड मिला। इसे 20 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया था। यह कन्याकुमारी में हुई एक जनसभा का वीडियो था। राहुल गांधी का पूरा वीडियो सुनने के दौरान हमें 16:25 सेकंड के बाद वायरल वीडियो वाला हिस्सा मिला। इसमें राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि भाजपा राज्यों की सत्ता पर कब्जा करके दिल्ली से सरकार चलाती है। भाजपा तमिलनाडु के लोगों से यह बात सीधे तौर पर नहीं कह सकती है, इसलिए उसने तमिलनाडु के एक राजनीतिक दल पर कब्जा कर लिया है। एआईएडीएमके ने तमिलनाडु की प्रगति में ऐतिहासिक भूमिका निभाई और उसके पास ऐसे नेता थे, जो वास्तव में वहां की जनता का प्रतिनिधित्व करते थे। आज यह (पार्टी) खोखली पड़ चुकी है और भाजपा के हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है। भ्रष्टाचार के कारण इसका नेतृत्व आत्मसमर्पण कर चुका है।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस के राष्‍ट्रीय प्रवक्‍ता अखिलेश प्रताप स‍िंह से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्‍होंने बताया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। इसमें से संदर्भ हटा दिया गया है। तमिलनाडु की रैली में राहुल गांधी ने भाजपा के साथ AIADMK पर भी निशाना साधा था।

क्या है संदर्भ?

गौरतलब है कि 15 मार्च 2026 को असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की घोषणा हुई थी। जिसके बाद असम, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में नौ अप्रैल को मतदान हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम में 85.38 फीसदी, पुडुचेरी में 89.83 फीसदी और केरल में 78.03 फीसदी तक मतदान दर्ज किए गए हैं। 23 अप्रैल 2026 को बंगाल में पहले चरण के तहत 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट पड़ रहे हैं। वहीं, तमिलनाडु में कुल 234 सीटों के लिए मतदान हो रहा है।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि ‘जितेंद्र सिंह’ नाम के इस फेसबुक यूजर को 91 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर गोरखपुर का रहने वाला है और वर्तमान में अहमदाबाद में रहता है। यह अकाउंट जुलाई 2018 में बनाया गया था।

निष्कर्षः विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो आधा-अधूरा है। राहुल गांधी ने AIADMK और भाजपा पर निशाना साधते हुए अपना भाषण दिया था, लेकिन वायरल वीडियो में राहुल के बयान का आगे और पीछे का हिस्सा एडिट करके हटा दिया गया। इसके कारण राहुल गांधी के बयान का मतलब ही बदल गया।

  • Claim Review : तमिलनाडु में राहुल गांधी ने डीएमके की जगह AIADMK की तारीफ की।
  • Claimed By : FB User Jitendra Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later