X
X

Fact Check: दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन से जोड़कर मध्य प्रदेश की रैली का तीन साल पुराना वीडियो वायरल

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन का बताकर मध्य प्रदेश के भोपाल में फरवरी 2023 में हुई चंद्रशेखर आजाद रावण की जनसभा का वीडियो शेयर किया जा रहा है।

Madhya Pradesh Rally Video Viral, Cockroach Janta Party Protest, Delhi Protest Viral Video, Viral Video, Madhya Pradesh Political Rally

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार (6 जून) को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले प्रदर्शन हुआ था। उससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारी भीड़ दिख रही है। कुछ यूजर्स इसे दिल्ली में हुए सीजेपी के प्रदर्शन का बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के भोपाल में फरवरी 2023 में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष ‘चंद्रशेखर आजाद रावण की एक जनसभा का है। इसका दिल्ली में हुए सीजेपी के प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘anichurzzaman’ ने 6 जून 2026 को एक वीडियो ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के हैशटैग के साथ शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “भारत इस दिन को कभी नहीं भूल पाएगा।” (अनुवाद)

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यह वीडियो हमें ‘NextGen Roots’ यूट्यूब चैनल पर 6 जून 2026 को अपलोड मिला। इसे ‘सत्ता परिवर्तन’ यात्रा का बताकर शेयर किया गया है।

वीडियो में दिख रहे एक पोस्टर पर भोपाल लिखा हुआ देखा जा सकता है।

हमने इस बारे में कीफ्रेम के आधार पर आगे सर्च किया, तो फेसबुक यूजर ‘भगवत गोतम – भीम आर्मी शिवपुरी’ की प्रोफाइल पर 8 अगस्त 2023 को पोस्ट की गई तस्वीर मिली। इसके साथ लिखा है, “मध्य प्रदेश भोपाल।”

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और इस फेसबुक यूजर की तस्वीर में समानता देखी जा सकती है।

इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, तो फेसबुक ग्रुप ‘BHIM ARMY GROUP’ पर 3 अक्टूबर 2025 को चंद्रशेखर आजाद रावण की जनसभा की कुछ तस्वीरें मिलीं, जिन्‍हें अपलोड करते हुए भोपाल के भेल दशहरा मैदान का बताया गया।

इस लोकेशन के बारे में हमने गूगल मैप पर सर्च किया, तो इसमें वायरल वीडियो में दिख रही इमारत दिखी ।

वायरल वीडियो और गूगल मैप की तस्वीर में दिख रही इमारतों में समानता देखी जा सकती है।

‘न्यूज तक’ की वेबसाइट पर 12 फरवरी 2023 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, भोपाल के भेल दशहरा मैदान में 12 फरवरी को दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों के लोग इस जनसभा में शामिल हुए। जनसभा को चंद्रशेखर आजाद रावण ने संबोधित किया। यह जनसभा जातिगत जनगणना करवाने, प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने और आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने समेत 15 से ज्यादा मांगों को लेकर हुई थी।

इस बारे में हमने ‘नईदुनिया’, भोपाल में रिपोर्टर प्रशांत व्यास से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने इसे भोपाल में हुई एक जनसभा का पुराना वीडियो बताया।

क्या है संदर्भ?

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले 6 जून 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया। नीट-यूजी पेपर लीक समेत अन्य कई मामलों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने इस प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 6 जून को छपी रिपोर्ट के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। साथ ही, इसमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। बता दें कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ व्यंगात्मक अभियान की शुरुआत सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक विवादित टिप्पणी के बाद हुई थी, जिसमें उन्होंने युवाओं को ‘कॉकरोच’ बताया था। हालांकि, बाद में मुख्य न्यायाधीश ने कहा था कि उन्होंने यह टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर वकालत के पेशे में आने वालों के लिए की थी।

भोपाल में हुई जनसभा का वीडियो सीजेपी प्रदर्शन का बताकर शेयर करने वाले यूजर की इंस्टाग्राम प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। मार्च 2018 में बने इस अकाउंट के करीब दो हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन का बताकर मध्य प्रदेश के भोपाल में फरवरी 2023 में हुई चंद्रशेखर आजाद रावण की जनसभा का वीडियो शेयर किया जा रहा है।  

  • Claim Review : दिल्ली के जंतर मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रदर्शन का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- anichurzzaman
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later