Fact Check: नसीरुद्दीन शाह ने किया छात्रों का समर्थन, पर जंतर-मंतर पर मौजूदगी का दावा भ्रामक
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jul 23, 2026 at 02:59 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को कई मशहूर हस्तियों का समर्थन मिला है। इनमें से कई हस्तियां खुद इस प्रदर्शन में शामिल हुईं और कई अन्य ने सोशल मीडिया के जरिए इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो के जरिए दावा किया जा रहा है कि जंतर-मंतर पर जारी इस प्रदर्शन में बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हुए हैं।
विश्वास न्यूज ने इस वीडियो की जांच की और पाया कि वायरल हो रहा वीडियो मुंबई के कोलाबा स्थित रीगल सिनेमा के बाहर का है, जहां नसीरुद्दीन शाह एक फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल होने गए थे। हालांकि, उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर इस आंदोलन का समर्थन किया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया एक्स यूजर ‘Lakhan meena’ ने 20 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा, “दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच नसीरुद्दीन शाह अपने बेटों इमाद और विवान शाह के साथ पहुंचे।
उन्होंने कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया, बस शांत भाव से खंभे के सहारे खड़े होकर प्रदर्शन देखा। पुलिस कार्रवाई के बाद बिखरते छात्रों को भी गंभीरता से देखा। उनकी मौजूदगी ने वहां काफी ध्यान खींचा।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में नसीरुद्दीन शाह एक भीड़भाड़ वाली सड़क पर खड़े नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो जंतर-मंतर का है, जहां कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) प्रदर्शन कर रही है। हमें सर्च में ऐसी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें शाह के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन में शामिल होने का जिक्र हो। साथ ही, कॉकरोच जनता पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।
इसके बाद वायरल वीडियो के ओरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया, लेकिन इस सर्च में हमें कोई अपेक्षित जानकारी नहीं मिली। इसके बाद कीवर्ड सर्च में हमें यह वीडियो ‘rajesh.gaur.524’ नाम के इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल पर मिला, जिसे उन्होंने खुद रिकॉर्ड किया है। 20 जुलाई को शेयर किए गए इस वीडियो में दी गई जानकारी के मुताबिक, यह मुंबई का है।
वीडियो के एक फ्रेम में हमें ‘रीगल’ नाम का सिनेमाघर नजर आता है, जिस पर पति, पत्नी और वो दो’ फिल्म का बैनर नजर आता है। इसी बिल्डिंग के बगल में हमें ‘एचडीएफसी बैंक’ का एक एटीएम भी नजर आता है।

इस लोकेशन की पुष्टि के लिए हमने गूगल मैप्स की मदद ली और इसमें इस लोकेशन को साफ देखा जा सकता है।

यानी वायरल हो रहा वीडियो दिल्ली के जंतर-मंतर का नहीं, बल्कि मुंबई का है।
सर्च में हमें नसीरुद्दीन शाह के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर उनका वीडियो संदेश मिला, जिसके जरिए जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को उन्होंने अपना समर्थन दिया है।
वायरल वीडियो को लेकर हमने दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन को कवर करने वाले कई अलग-अलग पत्रकारों से संपर्क किया। ‘लोकमत’ के मोजो जर्नलिस्ट विकास कुमार ने बताया, “नसीरुद्दीन शाह अभी तक जंतर-मंतर पर नहीं आए हैं। हालांकि, उन्होंने इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।”
इस आंदोलन को कवर कर रहे एक अन्य स्वतंत्र पत्रकार नीतेश तिवारी ने भी बताया, “अभी तक नसीरुद्दीन शाह जंतर-मंतर पर नहीं आए हैं। हालांकि, उन्होंने एक वीडियो बयान के जरिए इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।”
क्या है संदर्भ?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी NEET पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारी केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग कर रहे हैं।
इस आंदोलन को बॉलीवुड, सोशल मीडिया और सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र की कई बड़ी मशहूर हस्तियों का जबरदस्त समर्थन मिला है। कुछ हस्तियां खुद जमीन पर उतरकर इस प्रदर्शन में शामिल हुईं, तो कई ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज उठाई है, जिसमें नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हैं।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द दंडित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट्स (अदालतों) के गठन की घोषणा की है। उन्होंने कहा, “इस संबंध में निर्देश दे दिए गए हैं कि संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।”
बिजनेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक, “यह ऐलान ऐसे समय में किया गया है जब नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।”
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब 15 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन को बॉलीवुड के कई कलाकारों का समर्थन मिला है। हालांकि, नसीरुद्दीन शाह के इस प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर पहुंचने के दावे से वायरल वीडियो मुंबई का है। बताते चलें कि शाह ने वीडियो बयान के जरिए इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है।
- Claim Review : CJP आंदोलन को समर्थन देने जंतर मंतर पहुंचे नसीरुद्दीन शाह।
- Claimed By : X User- Lakhan meena
- Fact Check : भ्रामक
- Video Statement of Naseeruddin Shah, Dated 22 July 2026
- Narendra Modi X Post, Dated 23 July 2026
- Video Posted by Insta handle of rajesh.gaur.524, Dated 20 July 2026
- News Report of BBC Hindi, Dated 21 July 2026
- News Report of The Hindu, Dated 23 July 2026
- News Report of Business Standard, Dated 23 July 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












