Fact Check: सलमान खान का वायरल वीडियो पुराना है, प्रधान के इस्तीफे के बाद का नहीं
धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद सलमान खान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो क्लिप अक्टूबर 2022 की है, जब उन्होंने ‘गॉडफादर’ फिल्म के लिए अभिनेता चिरंजीवी को बधाई दी थी।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 29, 2026 at 02:39 PM
- Updated: Jul 31, 2026 at 04:36 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के पद से 25 जुलाई 2026 को इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सीजेपी ने आंदोलन समाप्त कर दिया था। प्रधान के इस्तीफे से जोड़कर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है, “क्योंकि इस देश और देश की जनता में है बड़ा दम।” कुछ यूजर्स इसे प्रधान के इस्तीफे के बाद सलमान की प्रतिक्रिया बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो अक्टूबर 2022 का है, जब सलमान खान ने ‘गॉडफादर’ फिल्म के लिए अभिनेता चिरंजीवी को बधाई दी थी। सलमान ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल दावा गलत है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘snatani_9’ ने 27 जुलाई 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसके साथ में लिखा है, “ये लोग तब कहा थे जब पहलगाम हमला हुआ पुलवामा के वक्त कहा थे? कोई बतायेगा चमचा? धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर आया सलमान ख़ान का बड़ा बयान।”
वीडियो में सलमान कह रहे हैं, “क्योंकि इस देश और देश की जनता में है बड़ा दम। वंदेमातरम।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। सलमान के इंस्टाग्राम अकाउंट ‘beingsalmankhan’ से वायरल क्लिप का लंबा वर्जन 5 अक्टूबर 2022 को पोस्ट किया गया था। इस वीडियो में उन्हें फिल्म ‘गॉडफादर’ की सफलता के लिए चिरंजीवी को बधाई देते हुए सुना जा सकता है। वीडियो में सलमान कह रहे हैं, मेरे प्रिय चिरू गारू, मैं आपसे बहुत प्यार करता हूं। मैंने सुना है कि ‘गॉडफादर’ बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है, आपको बधाई और भगवान आप पर कृपा बनाए रखें। आप जानते हैं क्यों चिरू गारू? क्योंकि इस देश और देश की जनता में है बड़ा दम।

इससे यह साफ हो गया कि वायरल क्लिप पुरानी है।
सलमान ने 22 जुलाई 2026 को सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने आंदोलन के हिंसक होने पर दुख जताते हुए घायल छात्रों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। साथ ही, उन्होंने पेपर लीक को एक गंभीर मुद्दा बताते हुए इसके खिलाफ खड़े होने वाले छात्रों की सराहना की थी।

इसके अगले दिन 23 जुलाई 2026 को उन्होंने एक अन्य पोस्ट शेयर कर कहा था, “पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र हमारी पहली प्राथमिकता हैं इसलिए उन्हें और उनके माता-पिता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है और मुझे यकीन है कि वे इस पेपर लीक के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे इसलिए छात्रों, प्लीज अपने माता-पिता के पास घर लौट जाइए। सोनम, बस हो गया। इसे और आगे मत बढ़ाओ। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना (हालांकि, मुझे नहीं लगता कि जरूरत पड़ेगी) और कुछ खा-पी लो। अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा।” (अनुवाद)

इस बारे में हमने मुंबई में ‘दैनिक जागरण’ की प्रिंसिपल कॉरेस्पॉन्डेंट स्मिता श्रीवास्तव से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि सलमान खान का यह वीडियो पुराना है।
क्या है संदर्भ?
नीट और अन्य पेपर लीक विवाद में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद 36 दिनों से चल रहा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का आंदोलन समाप्त हो गया। इसके साथ ही सरकार ने प्रदर्शनकारियों की दो और मांगों पर सहमति दे दी थी। दैनिक जागरण की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
आंदोलन के दौरान 20 जुलाई 2026 को ‘संसद मार्च‘ हुआ था, जिसमें हुई हिंसक घटनाओं के मामले में दिल्ली समेत कई राज्यों में केस दर्ज किए गए थे। बिहार, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में केस वापस लेने का एलान किया गया है, जबकि गृह विभाग ने साफ किया है कि जिनका आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी। इस मामले में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं रुकी तो, वे बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन करेंगे।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित इस यूजर का अकाउंट जुलाई 2025 से सक्रिय है और इसके 23 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद सलमान खान ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो क्लिप अक्टूबर 2022 की है, जब उन्होंने ‘गॉडफादर’ फिल्म के लिए अभिनेता चिरंजीवी को बधाई दी थी।
- Claim Review : प्रधान के इस्तीफे के बाद सलमान खान ने कहा, देश की जनता में बड़ा दम है।
- Claimed By : Insta User- snatani_9
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












