Fact Check: इंदौर में पुलिस को छकाते चोर के दावे से एआई वीडियो वायरल
इंदौर में पुलिस को छकाते चोर के दावे से वायरल किया जा रहा वीडियो एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। कई सोशल मीडिया यूजर इसे असली मानकर शेयर कर रहे हैं। इंदौर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 14, 2026 at 05:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिला का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर भागते हुए दिख रहा है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इंदौर में एक चोर पुलिस को चकमा देकर भागा। हालांकि, बाद में पुलिस ने चोर को पकड़ लिया था।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो एआई निर्मित है। इंदौर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘nehrana97’ ने 9 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “इंदौर में पुलिस से बचने के लिए चोर ने लगाया फिल्मी स्टंट! इंदौर (मध्य प्रदेश): व्यस्त बाजार में पुलिस और एक संदिग्ध चोर के बीच पीछा करने का हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने चलती गाड़ियों के बीच से भागते हुए एक बस की छत पर छलांग लगा दी और वहां से विज्ञापन बोर्ड पर चढ़ गया। चोर के इस फिल्मी अंदाज को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। पूरा घटनाक्रम किसी फिल्म के एक्शन सीन जैसा नजर आया। हालांकि, पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा और आखिरकार आरोपी को पकड़ लिया।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें दिख रहे विज्ञापन बोर्ड और रास्ते में दुकानों पर लगे बोर्ड पर कुछ स्पष्ट नहीं लिखा हुआ है। इससे हमें इस वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

वीडियो का ओरिजिनल सोर्स ढूंढने के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर ‘Rahul Nanda’ ने इस वीडियो को 8 अगस्त 2026 को पोस्ट किया था। पोस्ट में इसे एआई क्रिएटेड बताया गया है। यूजर के अनुसार, यह वीडियो ‘Seedance 2.5’ मॉडल की मदद से बनाया गया है।
इस यूजर के इंस्टाग्राम अकाउंट से इसी तरह का एक अन्य एआई वीडियो 8 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था।

इस इंस्टाग्राम अकाउंट के बायो में ‘एआई फिल्ममेकर’ लिखा है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से चेक किया। ‘वाज इट एआई‘ टूल ने इसके एआई से बने होने की संभावना जताई ।

‘एआई ऑर नॉट‘ ने भी वीडियो के स्क्रीनशॉट को एआई निर्मित बताया।

वीडियो के बारे में अधिक पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने हमारे साथ ‘Hive’ की एनालिसिस को शेयर किया, जिसमें वायरल वीडियो के एआई निर्मित होने की करीब 70 फीसदी संभावना जताई गई।

इस बारे में हमने इंदौर में ‘नईदुनिया’ के रिपोर्टर उदय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इंदौर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
क्या है संदर्भ?
एआई फिल्में बनाने वाले राहुल नंदा ने एआई टूल्स को चेक करने के लिए पुलिस से बचकर भागते चोर का वीडियो बनाया था, जिसे कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इंदौर की झूठी घटना से जोड़ते हुए वायरल कर दिया। इस मामले में उन्होंने मुंबई पुलिस को टैग करते हुए अपने एक्स हैंडल से वायरल वीडियो पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ शिकायत की थी।
एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जून 2020 में बने इस इंस्टाग्राम अकाउंट के 29 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इंदौर में पुलिस को छकाते चोर के दावे से वायरल किया जा रहा वीडियो एआई टूल्स की मदद से बनाया गया है। कई सोशल मीडिया यूजर इसे असली मानकर शेयर कर रहे हैं। इंदौर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
- Claim Review : इंदौर में एक चोर पुलिस को चकमा देकर भागा।
- Claimed By : Insta User- nehrana97
- Fact Check : झूठ
- X Post of Rahul Nanda, Dated 8 Aug 2026, 9 Aug 2026
- Insta Post of Rahul Nanda, Dated 8 Aug 2026
- Insta Account of Rahul Nanda
- AI Detection Tool Was It AI
- AI Detection Tool AI Or Not
- AI Detection Tool Hive
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












