X
X

Fact Check: झारखंड के छात्र आंदोलन में नहीं गए हैं अभिजीत, वायरल वीडियो दिल्ली का है

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में अभिजीत दीपके के शामिल होने का दावा गलत है। हालांकि, उन्होंने इस प्रदर्शन को समर्थन देते हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की थी। सीजेपी के सदस्य भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए हैं, लेकिन दीपके का वायरल वीडियो दिल्ली का है।

Jharkhand student protest, CJP workers Jharkhand, Abhijeet Deepke in Jharkhand, student protest in Jharkhand, CJP protest, Jharkhand protest news

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। झारखंड की राजधानी रांची में 25 जुलाई 2026 से ‘जयपाल सिंह मुंडा’ स्टेडियम में  ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (जेपीएससी) और ‘झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग’ (जेएसएससी) की नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ 25 जुलाई 2026 से छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। 10 अगस्त 2026 को ‘विधानसभा मार्च’ के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया था। इस आंदोलन से जोड़कर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक वीडियो वायरल हो रहा है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अभिजीत दीपके प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रांची पहुंचे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। अभिजीत दीपके का वायरल वीडियो दिल्ली का है। हालांकि, सीजेपी ने इस प्रदर्शन का समर्थन किया है और उसका एक प्रतिनिधिमंडल भी रांची गया था, लेकिन अभिजीत दीपके के रांची पहुंचने का दावा गलत है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘allindiacractionnews’ ने 11 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर्स अभिजीत दीप के रांची फाइनली पहुंच गए आप लोग वीडियो में देख सकते हैं बोल रहे हैं कि हमें लोग फोन कर कर परेशान कर रहे थे इसलिए मैं भी आ गया रांची में प्रोटेस्ट ज्वाइन करने के लिए आप लोग वीडियो में देख सकते हैं और हमारे से न्यू अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल को फॉलो करें और यह वीडियो ज्यादा से ज्यादा शेयर करें ताकि सभी लोग देख सके जय हिंद जय भारत।”  

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। एक्स हैंडल ‘Deccan Herald’ से 6 जून 2026 को अभिजीत की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा गया था, “‘हम डरते नहीं हैं’: धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के आंदोलन की अगुवाई कर रहे CJP के संस्थापक दीपके का सरकार को संदेश।”

इस एक्स पोस्ट की तस्वीर और वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट में कई समानताएं देखी जा सकती हैं।

‘डेक्कन हेराल्ड’ की वेबसाइट पर 6 जून 2026 को छपी एक रिपोर्ट में भी इस तस्वीर का प्रयोग किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों, युवा पेशेवरों और कार्यकर्ताओं की भीड़ सीजेपी के प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुई। इस प्रदर्शन का नेतृत्व सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीप‍के ने किया, जो आज अमेरिका से यहां पहुंचे थे।

फोटो के कैप्शन में लिखा है, प्रदर्शन के दौरान सीजेपी के संस्थापक।

इंस्टाग्राम यूजर ‘bollywood.bindasss’ ने भी 6 जून 2026 को प्रदर्शन के दौरान का अभिजीत का एक वीडियो शेयर किया था। इसमें भी वह वायरल वीडियो में दिख रहे कपड़े पहने नजर आ रहे हैं।

इसके बाद हमने अभिजीत का एक्स हैंडल चेक किया। इससे 11 अगस्त 2026 को झारखंड के छात्र प्रदर्शन के नेता देवेंद्र नाथ महतो की एक पोस्ट को रिपोस्ट किया गया था। इसमें महतो और अभिजीत के वीडियो कॉल की जानकारी दी गई थी। इसे रिपोस्ट करते हुए अभिजीत ने रांची में चल रहे छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करने की बात कही थी।

इस बारे में हमने सीजेपी के प्रदर्शन को कवर करने वाले ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर नेमिश हेमंत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वायरल वीडियो दिल्ली का है।  

क्या है संदर्भ?

रांची में ‘झारखंड लोक सेवा आयोग’ (JPSC) और ‘झारखंड कर्मचारी चयन आयोग’ (JSSC) की नियुक्ति परीक्षाओं में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों का प्रदर्शन 20वें दिन भी जारी है। ‘डीडी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए एक वीडियो न्यूज के अनुसार, ”20 अगस्त 2026 को प्रदर्शनकारी छात्रों ने सीएम आवास घेरने का एलान किया है। वहीं, देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल 12वें दिन भी जारी रही।”

रांची में आंदोलन के समर्थन में सीजेपी के सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर का इंस्टाग्राम अकाउंट अक्टूबर 2025 में बना था और इसके 39 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन में अभिजीत दीपके के शामिल होने का दावा गलत है। हालांकि, उन्होंने इस प्रदर्शन को समर्थन देते हुए छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से वीडियो कॉल पर बात की थी। सीजेपी के सदस्य भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए हैं, लेकिन दीपके का वायरल वीडियो दिल्ली का है।

  • Claim Review : छात्रों के समर्थन में रांची पहुंचे CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके।
  • Claimed By : Insta User- allindiacractionnews
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later