X
X

Fact Check: पुतिन और शी चिनफिंग का एकसाथ कुकिंग करने का वीडियो पुराना, ब्रिक्स 2026 से संबंधित नहीं

एकसाथ पैनकेक बनाते पुतिन और शी चिनफिंग के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। साल 2018 में रूस में हुए ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में दोनों नेताओं ने एकसाथ पैनकेक बनाया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के भारत मंडपम में 12-13 सितंबर 2026 को हुआ ‘ब्रिक्स समिट’ समाप्त हो चुका है। इसी से जोड़कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों नेताओं को एकसाथ कुकिंग करते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दोनों नेताओं का यह अनोखा अंदाज ब्रिक्स 2026 में देखने को मिला । 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में, यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि करीब आठ साल पुराना है। दरअसल, साल 2018 में रूस के व्लादिवोस्तोक में हुए ‘ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम’ में दोनों नेताओं ने एकसाथ कुकिंग की थी। इसी पुराने वीडियो को अब गलत दावे के साथ ब्रिक्स समिट 2026 का बताकर वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘InKhabar’ ने 13 सितंबर 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने भारत में साथ खाना पकाने और खाने का आनंद लिया। BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की दोस्ती का खास अंदाज देखने को मिला।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘China Global Television Network’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 13 सितंबर 2018 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो रूस में हुए ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम का है। दोनों नेताओं ने मिलकर पैनकेक बनाया था। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘Business Insider’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 12 सितंबर 2018 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, रूस के व्लादिवोस्तोक में इकोनॉमिक फोरम में शामिल होने पहुंचे चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मिलकर पारंपरिक रूसी पैनकेक बनाया। इन पैनकेक्स को ‘ब्लिनी’ भी कहा जाता है। दोनों नेताओं ने दूसरी बार एकसाथ कुकिंग की थी। इससे पहले दोनों ने चीन में एकसाथ डंपलिंग बनाए थे।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने ब्रिक्स सम्मेलन को कवर करने वाले ‘दैनिक जागरण’ के विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल दावा गलत है। भारत में आयोजित किए गए ब्रिक्स 2026 में इस तरह का नजारा देखने को नहीं मिला था। पुराने और असंबंधित वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

क्या है संदर्भ?

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया गया था। यह शिखर सम्मेलन 12 से लेकर 13 सितंबर तक चला था। कई बड़े नेता इस शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनने के लिए आए थे। चौथी बार भारत ने इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी की है। इसके समापन सत्र में दी गई जानकारी के मुताबिक, 19वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन चीन में किया जाएगा। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

‘पीआईबी’ की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज के अनुसार, “BRICS India 2026 की ‘नई दिल्ली घोषणा’ में वैश्विक दक्षिण की मजबूत आवाज़, संयुक्त राष्ट्र में सुधार, आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख, आसान आर्थिक सहयोग और संवाद व कूटनीति के जरिए शांतिपूर्ण समाधान पर जोर दिया गया है।”

https://twitter.com/PIBHindi/status/2099058040326795476

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को फेसबुक पर 50 लाख लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एकसाथ पैनकेक बनाते पुतिन और शी चिनफिंग के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। साल 2018 में रूस में हुए ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में दोनों नेताओं ने एकसाथ पैनकेक बनाया था।

  • Claim Review : ब्रिक्स 2026 में एकसाथ कुकिंग करते नजर आए पुतिन और शी चिनफिंग।
  • Claimed By : FB User InKhabar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later