Fact Check : ₹1,000 के नोट की वापसी का दावा झूठा, RBI ने नहीं जारी किया कोई नया नोट
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। एक हजार रुपये के नए नोट को लेकर वायरल की जा रही तस्वीर फेक है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 3, 2026 at 05:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक हजार रुपये के एक कथित नोट की तस्वीर को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि बाजार में यह नया नोट आ गया है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे सच मानकर वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा फेक साबित हुआ। साथ ही, इस दावे के साथ वायरल हो रही हजार रुपये के नोट की तस्वीर फेक है, जिसे एडिटिंग की मदद से तैयार किया गया है। अभी आरबीआई ने ऐसा कोई नोट जारी नहीं किया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Faiqa Khan’ ने 29 अक्टूबर 2026 को एक तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा किया, “एक हजार रुपये का नया नोट देखकर सबकी आँखें खुली की खुली रह गईं।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यदि कोई नया नोट जारी करता, तो वह अपने आप में बहुत बड़ी खबर होती। हमने ऐसी खबर के लिए कुछ कीवर्ड बनाकर गूगल ओपन सर्च टूल के माध्यम से सर्च किया। हमें ‘दूरदर्शन’ की वेबसाइट पर एक खबर मिली। इसमें बताया गया कि केंद्र सरकार ने 1,000 रुपए के नए नोट से जुड़े वायरल दावे को खारिज किया है। इस खबर में यह भी लिखा है कि आरबीआई ने ऐसा कोई ऐलान नहीं किया है। यह खबर 27 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की गई थी।
ऐसा पहली बार नहीं है, जब 1,000 रुपये के नए नोटों को जारी किए जाने की अफवाह वायरल हुई हो। 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी के फैसले के बाद 500 और 1000 रुपये के महात्मा गांधी सीरीज के नोटों को वापस ले लिया गया था और इनकी जगह 500 और 2,000 रुपये के नई सीरीज के नोट जारी किए गए थे, जिनमें से 2,000 रुपये के नोटों को भी आरबीआई ने चलन से बाहर कर दिया है।
भारत सरकार की केंद्रीय सूचना इकाई प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने भी इस अफवाह का खंडन करते हुए इसे मनगढ़ंत दावा बताया है। 27 अक्टूबर 2026 की पोस्ट में बताया गया, “सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ₹1,000 का नया नोट जारी किया गया है। यह दावा फर्जी है। रिजर्व बैंक ने ₹1,000 का नया नोट जारी करने के बारे में कोई घोषणा नहीं की है। जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से करें और बिना पुष्टि किए गए दावों को साझा न करें।”
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की वेबसाइट को स्कैन किया। नोटबंदी की घोषणा के बाद आरबीआई ने करेंसी मार्केट में 500 रुपये और 2,000 रुपये के नए नोट जारी किए थे। आरबीआई की वेबसाइट पर नोटबंदी के बाद जारी किए गए नई सीरीज के सभी नोटों के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। 2016 में आरबीआई ने 500 और 1,000 के नोटों को बंद कर दिया था। आरबीआई की वेबसाइट पर नोटबंदी के बाद की पुरानी सीरीज के नोट्स और नई सीरीज के नोट्स को देखा जा सकता है। नोटबंदी के बाद आरबीआई ने 10, 20, 50, 100, 200, 500 और 2,000 रुपये की नई सीरीज के नोट जारी किए थे, जिनमें से 2,000 रुपये के नोटों को वापस लिया जा चुका है।

एक जनवरी 2026 के एक प्रेस नोट के अनुसार, 2,000 रुपये के बैंक नोट को 2025 में प्रचलन से बाहर कर दिया गया था, लेकिन कानूनी रूप से इसकी वैधता बनी हुई है।
आरबीआई की वेबसाइट पर हमें 1,000 रुपये के नए नोटों के बारे में न तो कई जानकारी मिली और न ही कोई तस्वीर मिली, जिसे वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए मुंबई स्थित वरिष्ठ बिजनेस पत्रकार कमल शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल हो रहे 1,000 के नोट को फेक बताते हुए कहा कि यदि आरबीआई ऐसा कोई नोट जारी करता, तो वह खबरों में सबसे पहले आता। वायरल तस्वीर फेक है।
वायरल पोस्ट को लेकर विश्वास न्यूज ने भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के प्रवक्ता से भी संपर्क किया। उनका जवाब आने पर खबर को अपडेट किया जाएगा।
क्या है संदर्भ?
देश में इन दिनों प्लास्टिक के नोटों की चर्चा जोरों पर है। कई खबरों में बताया गया कि साल 2027 से बाजार में ऐसे नोट आ सकते हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक (पॉलिमर) नोट लाने की पूरी तैयारी कर ली है। ‘जागरण डॉट कॉम’ की 3 नवंबर 2026 की एक खबर में इस बारे में विस्तार से पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट सितंबर 2026 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। एक हजार रुपये के नए नोट को लेकर वायरल की जा रही तस्वीर फेक है।
- Claim Review : आरबीआई ने ₹1,000 का नया नोट जारी किया।
- Claimed By : FB User Faiqa Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












