X
X

Fact Check: बांग्लादेश के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ का वीडियो पश्चिम बंगाल में RSS के स्वयंसेवकों का बताकर वायरल

बांग्लादेश के ढाका स्थित एक रेस्टोरेंट में छात्रों ने मामूली विवाद के बाद तोड़फोड़ की थी। उस घटना के वीडियो को पश्चिम बंगाल में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा रेस्टोरेंट में की गई तोड़फोड़ का बताकर वायरल किया जा रहा है।

Bangladesh restaurant vandalism video, RSS West Bengal viral video, West Bengal RSS restaurant, Bangladesh video, RSS workers restaurant vandalism

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कई लोगों को एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल के एक रेस्टोरेंट में बिल मांगने पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्वयंसेवकों ने तोड़फोड़ की।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल हो रहा यह वीडियो बांग्लादेश का निकला। ढाका के एक रेस्टोरेंट में मामूली विवाद के बाद छात्रों ने तोड़फोड़ की थी। उस घटना के वीडियो को पश्चिम बंगाल में संघ के स्वयंसेवकों का बताकर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Deshmukh_0’ ने 13 नवंबर 2026 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “पश्चिम बंगाल के ड्यूर्विंग होटल में RSS के कुछ गुंडे आते हैं और पेट भरकर खाना खाते है। खाना खाने के बाद वे बिना बिल दिए जाने लगते हैं तभी दुकानदार एक RSS के गुंडे को बुलाकर बिल माँगता है। दुकानदार के बिल बाँगते ही RSS के गुंडे ये आरोप लगाकर दुकान में तोड़फोड़ करने लगते है की उन्हें ख़ान में चिकन दिया गया है।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। बांग्लादेश के न्यूज पोर्टल ‘जागो न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 13 नवंबर 2026 को वायरल वीडियो से संबंधित एक न्यूज पोस्ट की गई थी। इसमें वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार, मोहखली में तितुमीर कॉलेज के छात्रों ने एक रेस्टोरेंट में खाना परोसने में देरी के बाद तोड़फोड़ की थी।

इस आधार पर हमने कीवर्ड से गूगल सर्च किया। ‘ढाका ट्रिब्यून’ ने 13 नवंबर 2026 को इससे संबंधित खबर छापी है। इसके अनुसार, “तितुमीर कॉलेज के छात्रों ने 12 नवंबर की रात को ढाका के मोहाखाली में एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की। विवाद खाना परोसने में देरी को लेकर हुआ था। यह घटना ‘Durbin Bangla’ (डुरोबिन बांग्ला) रेस्टोरेंट में हुई, जहां छात्रों और रेस्टोरेंट स्टाफ के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। बनानी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) मोहम्मद सलाहुद्दीन ने कहा कि खाने का ऑर्डर परोसने में हुई देरी को लेकर छात्रों और रेस्टोरेंट अधिकारियों के बीच बहस और मारपीट हुई थी। बाद में छात्रों ने अपने अन्य साथियों को बुलाया और वहां तोड़फोड़ की।” खबर में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को देखा जा सकता है।

बांग्लादेश के न्यूज चैनल ‘जमुना टीवी’ के यूट्यूब चैनल पर भी 14 नवंबर 2026 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया था। इसके मुताबिक, “ढाका के मोहाखाली स्थित ‘डुरोबिन बांग्ला’ रेस्टोरेंट में बैठने की जगह को लेकर हुए विवाद के बाद तितुमीर कॉलेज के छात्रों पर हमला करने और तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। इस दौरान छात्रों और रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई कर्मचारी और एक छात्र घायल हो गए।”

इस बारे में हमने बांग्लादेश के फैक्ट चेकर तनवीर महताब आबिर से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल हो रहा वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है, जहां छात्रों ने एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की थी।

क्या है संदर्भ?

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में कुछ लोगों पर एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा था। ‘द टाइम्स ऑफ इंडिया’ की वेबसाइट पर 4 नवंबर 2026 को छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, “आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने उत्तर 24 परगना के देगंगा में टाकी रोड पर एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और रंगदारी न मिलने पर कर्मचारियों पर हमला किया। भाजपा नेताओं ने इस आरोप से इनकार किया और दावा किया कि वे रेस्टोरेंट को बंद कराने गए थे, क्योंकि बगल के होटल से कथित तौर पर देह व्यापार रैकेट चल रहा था।”

‘टेलीग्राफ इंडिया’ की वेबसाइट पर 7 नवंबर 2026 को छपी रिपोर्ट के मुताबिक, “पुलिस ने उत्तर 24-परगना के देगंगा में एक रेस्तरां में कथित जबरन वसूली की कोशिश, तोड़फोड़ और लूटपाट के आरोप में तीन भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई देगंगा के कल्याणी बील इलाके में स्थित ‘इको कैफे’ और ‘लेक पैलेस गेस्ट हाउस’ के प्रबंधन की शिकायत के बाद हुई। शुक्रवार को आरोपियों को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।”

बांग्लादेश के वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। जनवरी 2024 में बने इस एक्स अकाउंट के 41 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बांग्लादेश के ढाका स्थित एक रेस्टोरेंट में छात्रों ने मामूली विवाद के बाद तोड़फोड़ की थी। उस घटना के वीडियो को पश्चिम बंगाल में संघ के स्वयंसेवकों द्वारा रेस्टोरेंट में की गई तोड़फोड़ का बताकर वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : पश्चिम बंगाल के होटल में बिल मांगने पर RSS के सदस्यों ने तोड़फोड़ की।
  • Claimed By : X User- Deshmukh_0
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later