Fact Check: भारत-चीन संबंधों में दबाव के बारे में बात करते बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का यह वीडियो डीपफेक
भारत-चीन संबंधों पर बयान देते बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक निकला। असली वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 26, 2026 at 05:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अपनी एक जनसभा में स्वीकार किया कि भारत चीन के दबाव में है। यही कारण है कि ‘एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ में भारत की ओर से पाकिस्तान को इनवाइट किया गया था।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल हो रहा यह वीडियो डीपफेक निकला। असली वीडियो में नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं। साथ ही, मोदी सरकार की नीतियों के बारे में बताते हुए उनकी सराहना कर रहे हैं। असली वीडियो को एआई टूल्स की मदद से मैनिपुलेट करके उसका ऑडियो बदल दिया गया है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Rahul Yadav’ ने 22 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष: चीन के दबाव में आकर भारत ने पाकिस्तान को बुलाया है… चीन ने भारत की 200 किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर रखा है…चीन के सामने कौन झुका? मोदी सरकार या देश की जनता को बेवकूफ बनाया जा रहा है।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इस पोस्ट को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल लैंस पर सर्च किया।
हमें असली वीडियो न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। 3 मिनट 22 सेकंड के इस वीडियो को 22 नवंबर 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो चंडीगढ़ की एक जनसभा का है।
उन्हें इस वीडियो में कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं इसलिए यह बात कह रहा हूं मित्रों, जब पिछले अक्टूबर महीने में देश के प्रधानमंत्री जी का 25 साल पूरा हुआ, हेड ऑफ द स्टेट एंड एक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश को नेतृत्व देने के लिए, तो देश ने देखा किस प्रकार से जब-जब प्रधानमंत्री जी ने… इस देश को चुनौती मिली, यह देश परेशानी में आया, उन्होंने सामने से आकर नेतृत्व किया। आज हम लगातार प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के विकास के दर को आगे बढ़ा रहे हैं, देश की विकास की गति को आगे बढ़ा रहे हैं। एक समय इसी देश के बारे में कहा जाता था कि यहां की आर्थिक व्यवस्था ‘फ्रेजाइल फाइव’ (Fragile Five) में आती थी और सबसे कमजोर, गरीब देश भारत को कहा जाता था, लेकिन हमारा सौभाग्य है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व में चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनकर उभरा है। लेकिन अभी भी हमारे कुछ मित्र ऐसे हैं जो इस मिट्टी का खाते तो हैं, इस मिट्टी से आते भी हैं, पर विदेश जाकर इस मिट्टी का ही अपमान करते हैं, इस देश का ही अपमान करते हैं। उनको भारत के विकास में, भारत की जो गति हो रही है, भारत जो निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, इस पर उनको दुख होता है, उनको कष्ट होता है है। और वे कहते हैं कि भारत की इकोनॉमी डिजास्टर हो गई है। अरे राहुल जी, भारत के ग्रोथ की बात हो रही है। उस भारत की जिसमें 140 करोड़ जनता एक साथ मिलकर काम कर रही है। जिसके लिए वर्ल्ड बैंक का आंकड़ा कहता है कि 50 करोड़ परिवार गरीबी रेखा से आगे बढ़कर अपने आप को मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं। एशियन डेवलपमेंट बैंक भी कहता है, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड की, जो आईएमएफ (IMF) की टीम है, वह कहती है कि भारत का विकास दर सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश बन रहा है, लेकिन ये आंकड़े जो अलग-अलग संस्थाएं, विदेशी संस्थाएं दे रही हैं, आपको इन पर भी विश्वास नहीं है। मैं बताता हूं उनको क्यों विश्वास नहीं है, क्योंकि उनको अपना विकास नहीं दिख रहा है। उनको अपने परिवार का विकास नहीं दिख रहा है। उनको अपनी पार्टी का विकास नहीं दिख रहा है। देश के विकास में रुचि नहीं है; अपने में, अपनी पार्टी में, अपने परिवार के विकास में रुचि है। तो मैं स्पष्ट रूप से कहता हूं राहुल बाबा, जब तक भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता नरेंद्र मोदी नेतृत्व कर रहा है, कांग्रेस का कोई विकास हो ही नहीं सकता।”
वायरल वीडियो और असली वीडियो में दिख रहे बैकग्राउंड, कपड़े और माइक एक जैसे हैं। इनके शुरुआती तीस सेकंड हूबहू एक जैसे हैं। नितिन नवीन के प्रतिक्रिया देने का तरीका और पीछे से कैमरा लेकर जाता आदमी दोनों वीडियो में हूबहू एक जैसे ही हैं। हालांकि, इनका ऑडियो एक जैसा नहीं है। वायरल हो रहे वीडियो में ऑडियो बदल दिया गया है।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक पोस्ट बीजेपी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी मिली। इस पोस्ट को 23 नवंबर 2026 को शेयर किया गया था। एक्स हैंडल पर वायरल हो रहे इस दावे का खंडन करते हुए बताया गया है कि वीडियो को डिजिटल रूप से बदला गया है, यह एक ‘डीपफेक’ वीडियो है और इसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, ‘Aurigin AI’ से चेक करने पर इसका ऑडियो 63 फीसदी एआई-निर्मित निकला।

क्या है संदर्भ?
एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। यह फोरम 20-22 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित हुआ था। इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। ‘पीआईबी’ की प्रेस रिलीज को इस लिंक पर क्लिक कर पढ़ा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर पहले भी बड़ी हस्तियों के डीपफेक वीडियो वायरल हुए हैं। विश्वास न्यूज ने इनकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। हाल ही में अरुणाचल प्रदेश को लेकर बयान देते हुए रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार का एक वीडियो वायरल हुआ था। हमारी पड़ताल में वह भी डीपफेक साबित हुआ था। पूरी रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर को करीब आठ हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को एमपी का रहने वाला बताया है। फेसबुक पर यह यूजर 24 जनवरी 2011 से सक्रिय है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में भारत-चीन संबंधों पर बयान देते बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वायरल हो रहा वीडियो डीपफेक निकला। असली वीडियो में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों की प्रशंसा कर रहे हैं।
- Claim Review : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा- भारत चीन के दबाव में है।
- Claimed By : FB User Rahul Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












