X
X

Fact Check: भगवान राम की मूर्ति पर माला चढ़ाते बंदर का वीडियो AI निर्मित

भगवान राम की मूर्ति पर माला चढ़ाते बंदर का वीडियो फेक निकला। असल में वीड‍ियो को एआई की मदद से तैयार किया गया है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बंदर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बंदर फूलों की दुकान पर जाता है और वहां से एक माला उठाकर लाता है। दुकानदार जब बंदर के पीछे भागता है, तब वह भगवान राम की एक मूर्ति पर माला चढ़ा देता है। दुकानदार इसे देखकर भावुक हो जाता है। इस वीडियो को सच मानकर कई यूजर्स भावुक मैसेज के साथ शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने व‍िस्‍तार से इस पोस्ट की जांच की। हमारी जांच में पता चला कि वायरल हो रहा वीड‍ियो एआई-निर्मित है। 

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘Sharaad Paandit’ ने 17 नवंबर 2026 को एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बंदर ने माला वाले की दुकान से माला उठाई और मंदिर में भगवान जी को पहना दी। अद्भुत जय बजरंग बली जय सिया राम।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

विश्वास न्यूज ने वायरल वीड‍ियो की सच्‍चाई जानने के ल‍िए सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल क‍िया। संबंधित कीवर्ड बनाकर सर्च करने पर हमें ऐसी कोई खबर नहीं म‍िली, जो वायरल दावे को सच साबित कर सके। ऐसे में हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।

विश्वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद ली, क्‍योंक‍ि आजकल एआई तकनीक का इस्‍तेमाल करके कई फेक कंटेंट वायरल क‍िए जा रहे हैं। वायरल वीड‍ियो को हमने सबसे पहले ‘deploy’ टूल से चेक किया। इस टूल ने वीडियो के लिए 100 फीसदी संभावना इस बात की जताई कि इसे एआई से बनाया गया है।

इसके बाद ‘ai video detector’ टूल का यूज क‍िया गया। वायरल वीड‍ियो को इस टूल की मदद से चेक करने पर पता चला क‍ि यह एआई-निर्मित है। इस टूल के नतीजों में वीडियो 85 प्रतिशत तक एआई-निर्मित निकला।

अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की एनालिसिस के अनुसार, ‘AI Or Not’ टूल ने वीडियो के कीफ्रेम के 70 फीसदी तक एआई से बने होने के संकेत दिए।

डीएयू ने अपने एनालिसिस में यह भी बताया कि वीडियो में 9 सेकंड पर एक पक्षी किसी दूसरे पक्षी के अंदर से निकलता हुआ नजर आता है। 11वें सेकंड पर जब बंदर कूदता है, तो नीचे रखे फलों और सब्जियों के ढेर न तो गिरते हैं और न ही अपनी जगह से हिलते हैं। 15 से 17 सेकंड के बीच बंदर एक ऐसी सतह पर कूदता है, जो वीडियो में नजर नहीं आ रही है।

क्या है संदर्भ?

सोशल मीडिया पर एआई-निर्मित वीडियो गलत दावे के साथ वायरल होते रहते हैं। दिवाली के मौके पर भी बंदरों का एक ऐसा ही वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में पटाखों की आवाज से बंदरों को कांपते हुए दिखाया गया था। विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह वीडियो भी एआई-निर्मित निकला था।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि फेसबुक पर यह यूजर 28 जुलाई 2018 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में भगवान राम की मूर्ति पर माला चढ़ाते बंदर का वीडियो फेक निकला। असल में वीड‍ियो को एआई की मदद से तैयार किया गया है। 

  • Claim Review : भगवान राम की मूर्ति पर माला चढ़ाते बंदर का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Sharaad Paandit
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later