Fact Check: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आदमी पर बाघ के हमले का यह वीडियो AI की सहायता से बनाया गया है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में ब्रह्मपुरी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के पास बाघ द्वारा आदमी पर हमला करने का वायरल वीडियो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 10, 2025 at 02:36 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक बाघ को एक घर के बाहर बैठे शख्स पर हमला करते देखा जा सकता है। वीडियो को ब्रह्मपुरी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस, चंद्रपुर, महाराष्ट्र का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से बना वीडियो है। हालांकि, यह बात भी सही है कि चंद्रपुर में ऐसे कुछ हमले हुए हैं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर Khabarwani ने 5 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया, और साथ में लिखा “ब्रह्मपुरी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस चंद्रपुर महाराष्ट्र का वीडियो”।

पड़ताल
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में कई कमियां थी, जैसे भागते समय शख्स के हाथ गायब हो जाते हैं। साथ ही जब बाघ हमला करके आदमी को खींचता है, तो आदमी का शरीर जमीन पर घिसटने की बजाय, हवा में लगभग तैरता हुआ नजर आता है। इससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई निर्मित हो सकता है।
एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन ने इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 97 प्रतिशत से अधिक बताई।

हमने एक अन्य टूल साइट इंजन से इस वीडियो की जांच की। टूल ने 99 फीसदी तक वीडियो के एआई से बने होने की संभावना जताई।

हमने इस बारे में पुष्टि के लिए एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे रिसर्चर अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने भी वीडियो के AI की मदद से बने होने की पुष्टि की।
ढूंढ़ने पर हमें IFS अधिकारी अनुपम शर्मा (@AnupamSharmaIFS) का 7 नवंबर, 2025 का एक X पोस्ट मिला, जिसमें उन्होंने इस वीडियो को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बना हुआ बताया था। इस X पोस्ट में चंद्रपुर वन विभाग का एक प्रेस नोट भी था, जिसमें मुख्य वन संरक्षक (Chief Conservator of Forests) आर एम रामानुजम के हवाले से साफ कहा गया था कि ब्रह्मपुरी वन क्षेत्र में बाघ के हमले की ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
कीवर्ड्स की मदद से ढूंढ़ने पर हमें चंद्रपुर में बाघ के हमलों से जुड़ी कई खबरें मिलीं। नवभारत टाइम्स की 7 नवंबर 2025 की खबर के अनुसार “चंद्रपुर में बाघ के हमले में एक किसान की मौत हो गई। यह घटना शंकरपुर गांव के पास हुई। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यह चिमूर तालुका में बाघ से जुड़ी तीसरी मौत है। इस साल चंद्रपुर जिले में वन्यजीवों के हमलों में 38 लोगों की जान जा चुकी है।”
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Khabarwani के लगभग 6000 से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर में ब्रह्मपुरी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के पास बाघ द्वारा आदमी पर हमला करने का वायरल वीडियो AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : महाराष्ट्र के चंद्रपुर में आदमी पर बाघ के हमले का वीडियो
- Claimed By : FB User Khabarwani
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












