Fact Check: अफगानिस्तान के पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने का दावा FAKE, वीडियो AI क्रिएटेड है
पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने का दावा गलत है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो भी एआई क्रिएटेड है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Feb 25, 2026 at 04:32 PM
- Updated: Feb 25, 2026 at 04:41 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अफगानिस्तान में सात आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाकर पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक किए जाने के बाद अफगानिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई शुरू करते हुए उसके एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। इस दावे के साथ वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़ाकू विमान को हवा में नष्ट होते हुए देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो वास्तविक नहीं, बल्कि एआई की मदद से बनाया गया है। साथ ही, पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान द्वारा युद्ध शुरू किए जाने का दावा भी गलत है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Vishal JyotiDev Agarwal’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को 24 फरवरी 2026 को शेयर करते हुए लिखा, “अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराया! अफगानिस्तान का ऐलान : पाकिस्तान के साथ जंग शुरु हो चुकी है!”
जांच किए जाने तक इस वीडियो को करीब 30 हजार से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो के फ्रेम दर फ्रेम की एनालिसिस, इसके एआई क्रिएटेड होने का संदेह पैदा करती है। इसलिए हमने इस वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से जांचा। हाइव मॉडरेशन की एनालिसिस इस वीडियो के एआई क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि करती है।
कुल 24 सेकंड के इस वीडियो में हाइव की एनालिसिस कई फ्रेम्स में एआई मैनिपुलेशन की पुष्टि करती है। विश्लेषण के मुताबिक, इस वीडियो के Seedance2 टूल से बनाए जाने की संभावना सर्वाधिक है।

साइटइंजन की एनालिसिस भी कई फ्रेम्स में 70 फीसदी से अधिक एआई मैनिपुलेशन की संभावना की पुष्टि करती है। 00.08, 00.10 और 00.16 के विजुअल फ्रेम्स में एआई मैनिपुलेशन की संभावना 70-90 फीसदी के बीच है।

साइटइंजन की एनालिसिस भी इस वीडियो के Wan के अलावा Sora से बनाए जाने की संभावना की पुष्टि करती है। Wan और Sora, एआई वीडियो जेनरेशन मॉडल्स हैं।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने इसे एआई डिटेक्शन टूल की मदद से इसे चेक किया। बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर की मदद से हमने इस मल्टीमीडिया को चेक किया और इसके कई इंडिकेटर्स ने इस वीडियो में एआई छेड़छाड़ की अधिकतम संभावना की पुष्टि की। AVSRDD (2025) इस वीडियो के करीब 100 फीसदी एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि की। वहीं, WAV2LIP-STA (2022) ने इस वीडियो के करीब 55 फीसदी एआई से क्रिएटेड होने की संभावना की पुष्टि की।
वायरल वीडियो को लेकर हमने विदेश मामलों को कवर करने वाले सीनियर जर्नलिस्ट उमाशंकर सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के खिलाफ ऐसी कोई सैन्य कार्रवाई नहीं की है।
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, ”अफगानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों की ‘औपचारिक शिकायत’ दर्ज कराई है। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने नंगरहार और पकतीका प्रांत में ये हमले किए थे।”
बीबीसी की ही एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, ”पाकिस्तान ने खुफिया जानकारी के आधार पर पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में ‘सात आतंकी ठिकानों और शिविरों’ को निशाना बनाया है।” इन हमलों के बाद तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने ‘उचित समय पर’ जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब 25 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक के बाद अफगानिस्तान की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को मार गिराए जाने का दावा गलत है। इस दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो भी एआई क्रिएटेड है।
- Claim Review : अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी फाइटर जेट को मार गिराया!
- Claimed By : X User- Vishal JyotiDev Agarwal
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












