X
X

Fact Check: मेक्सिको में ड्रग माफिया की मौत के बाद हिंसा भड़की है, लेकिन वायरल वीडियो नेपाल का है

मेक्सिको में ड्रग माफिया की सैन्य ऑपरेशन में मौत के बाद उसके समर्थकों ने आगजनी की थी और सुरक्षा बलों पर हमला किया था। हालांकि, वायरल वीडियो नेपाल में हुई हिंसा का है।

viral video, Mexico violence news, El Mencho Death, Nepal violence video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मेक्सिको में ड्रग माफिया नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस उर्फ एल मेंचो की सैन्य कार्रवाई में मौत के बाद वहां हिंसा भड़क उठी है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कई वाहनों में लगी आग को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर इसे मेक्सिको में भड़की हिंसा का बता रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह नेपाल में हुई हिंसा का एक पुराना वीडियो है। इसका मेक्सिको की ड्रग माफिया हिंसा से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो पहले लद्दाख हिंसा का बताकर वायरल हो चुका है। उस समय विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘shrimainews’ ने 23 फरवरी 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “मेक्सिको में एक सैन्य अभियान में ड्रग लीडर अल मैंचो के मारे जाने के बाद, जिसमें अमेरिका की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है, पूरे देश में व्यापक हिंसा और अशांति फैल गई है। गिरोह के सदस्यों द्वारा कई जगहों पर हमले किए जा रहे हैं और आगजनी की घटनाएं हो रही हैं, जिसके कारण देश भर में जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और लोग घरों में कैद हो गए हैं। मेक्सिको लंबे समय से ड्रग तस्करी का एक प्रमुख केंद्र रहा है, जिसका मुख्य बाजार अमेरिका है। अमेरिकी लोग कोकीन के आदी हैं, जो मेक्सिको के ड्रग माफिया द्वारा आपूर्ति की जाती है।”

पड़ताल

सबसे पहले हमने मेक्सिको में हुई हिंसा के बारे में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। सीएनएन की 24 फरवरी 2026 की कवरेज के अनुसार, मेक्सिको का ड्रग माफिया ‘एल मेंचो’ 22 फरवरी को US इंटेलिजेंस की मदद से चले मेक्सिकन मिलिट्री ऑपरेशन में मारा गया। इसके बाद संदिग्ध गैंग के सदस्यों ने आगजनी की।

द गार्जियन की वेबसाइट पर 24 फरवरी 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, मेक्सिकन सेना ने 22 फरवरी की सुबह एक रेड में जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के लीडर ‘एल मेंचो’ को पकड़ने की कोशिश की, जिसके बाद फायरिंग हुई। इसमें वह बुरी तरह घायल हो गया और हॉस्पिटल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। एल मेंचो का असली नाम नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वांतेस है। उसकी मौत के बाद उसके समर्थक सड़कों पर उतर आए और सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। इन झड़पों में कम से कम 25 सैनिक और 34 कार्टेल बंदूकधारी मारे गए। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा है कि धीरे-धीरे हालात सामान्य हो रहे हैं।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 23 फरवरी को छपी खबर के अनुसार, मेक्सिको के हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर +52 55 4847 7539 जारी किया है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के बारे में सर्च किया। सितंबर 2025 में यह वीडियो लद्दाख हिंसा का बताकर शेयर किया गया था, तब विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह वीडियो नेपाल में हुई हिंसा का निकला था। उस समय हमने नेपाल के स्वतंत्र पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया था। उन्होंने भी वीडियो के नेपाल के होने की पुष्टि की थी।

नेपाल के वीडियो को मेक्सिको का बताकर शेयर करने वाले इंस्‍टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 10 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: मेक्सिको में ड्रग माफिया की सैन्य ऑपरेशन में मौत के बाद उसके समर्थकों ने आगजनी की थी और सुरक्षा बलों पर हमला किया था। हालांकि, वायरल वीडियो नेपाल में हुई हिंसा का है।

  • Claim Review : मेक्सिको में ड्रग माफिया की मौत के बाद भड़की हिंसा का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- shrimainews
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later