X
X

Fact Check: हाई बीपी का इलाज बताती महिला का AI क्रिएटेड वीडियो फिशिंग लिंक के साथ वायरल

हाई बीपी का इलाज बताती महिला का वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है, जिसे फिशिंग लिंक के साथ शेयर किया गया है।

AI-Generated High BP Video Goes Viral with Dangerous Phishing Link

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बीमारियों के इलाज को लेकर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट वायरल होती रहती हैं। अब वायरल हो रही एक पोस्ट में हाई ब्लड प्रेशर के इलाज के बारे में बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला को हाई बीपी के घरेलू इलाज के बारे में बताते हुए देखा जा सकता है। घरेलू इलाज की ज्यादा जानकारी के लिए पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की तो पता चला कि वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है। इसके साथ में फिशिंग लिंक दिया गया है।

इस फैक्ट-चेक रिपोर्ट को पॉडकास्ट में भी सुना जा सकता है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘दिल और धमनियों का स्वास्थ्य – राज और समाधान’ ने 21 मई को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“अगर आपको हर दिन हाई ब्लड प्रेशर, सांस लेने में तकलीफ और सीने में भारीपन महसूस होता है – तो आपके लिए एक आसान और प्रभावी तरीका है, जो आपकी सेहत को पूरी तरह बदल सकता है। सिर्फ़ तीस सेकंड का एक साधारण घरेलू नुस्खा आपके रक्त प्रवाह में जमी हानिकारक कोशिकाओं को खत्म करता है और आपके ब्लड प्रेशर को मात्र तीन दिनों में एक सौ बीस बटा अस्सी तक स्थिर कर सकता है। भारत में पहले ही छियालीस हज़ार से अधिक लोग इस नुस्खे से सेहतमंद जीवन जी रहे हैं। अभी यह छोटा वीडियो देखें – यह केवल पंद्रह मिनट के लिए उपलब्ध है!”

पोस्ट के साथ में एक लिंक भी दिया गया है।

10 मिनट के वीडियो में 1:47 मिनट के बाद कैलकुलेटर की इमेज ही दिखाई देती है।

पड़ताल

वायरल वीडियो को ध्यान से देखने पर पता चलता है कि इसमें महिला की वीडियो क्लिप को बार-बार रिपीट किया गया है, जबकि ऑडियो जारी रहता है। वीडियो में कैलकुलेटर भी कई बार फ्लैश किया गया है। घरेलू इलाज की ज्यादा जानकारी के लिए पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। इससे हमें वायरल पोस्ट संदिग्ध लगी। पोस्ट का यूआरएल हेल्थ वीडियो डॉट कॉम दिया गया है।

साइबर सिक्योरिटी के मद्देनजर हमारे लैपटॉप में एंटीवायरस इंस्टॉल है, इसलिए हमने पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इससे खुली वेबसाइट में बीपी के लिए नॉर्डिक वॉकिंग के फायदे बताए गए हैं। आर्टिकल के अंत में ऑर्डर का एक बटन बना हुआ है, जिसमें नाम और फोन नंबर मांगा गया है। इसमें किसी घरेलू नुस्खे के बारे में कोई जिक्र नहीं किया गया है।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस और यांडेक्स रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिससे वीडियो में दिख रही महिला की पहचान हो सके।

वायरल वीडियो को लेकर हमने अपने सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से भी संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। हाइव एआई ऑडियो क्लासिफायर ने इसमें ऑडियो ट्रैक को एआई संभावित बताया। वहीं, हाइव एआई डीपफेक डिटेक्टर भी एआई से छेड़छाड़ की संभावना जताता है।

हिया ने ऑडियो ट्रैक को एआई निर्मित होने या उसमें एआई टूल के इस्तेमाल की संभावना जताई।

डीपफेको मीटर के सात में से तीन क्लाजीफायर्स ने ऑडियो के सिंथेटिक होने की संभावना जताई।

इस बारे में हमने साइबर एक्सपर्ट एवं पूर्व आईपीएस प्रो. त्रिवेणी सिंह से संपर्क किया। उनका कहना है कि इस तरह के लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। आजकल साइबर अपराधी मशहूर हस्तियों के डीपफेक वीडियो शेयर कर लोगों का फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह की संदिग्ध पोस्ट से सतर्क रहकर बचा जा सकता है।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के 565 फॉलोअर्स हैं।

इससे पहले भी कई सेलिब्रेटीज के एआई निर्मित वीडियो फिशिंंग लिंक के साथ वायरल हो चुके हैं। विश्वास न्यूज की फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: हाई बीपी का इलाज बताती महिला का वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है, जिसे फिशिंग लिंक के साथ शेयर किया गया है।

  • Claim Review : हाई बीपी के घरेलू इलाज की जानकारी के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें।
  • Claimed By : FB User- दिल और धमनियों का स्वास्थ्य - राज और समाधान
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later